
हरियाणा में किसान नेताओं को लेकर कृषि मंत्री जेपी दलाल के विवादित बोल सामने आए हैं। मंत्री दलाल कह रहे हैं कि जिनकी घरवाली तक उनकी नहीं सुनती है, उन्होंने किसानों का ठेका ले रखा है। मैं सबको जानता हूं। किसी पर 5 मुकदमें, किसी पर 3 मुकदमे हो रखे हैं। उल्टे उल्टे काम कर रहे है।

कृषि मंत्री जेपी दलाल के विवादित बयान पर कांग्रेस नेत्री किरण चौधरी ने कहा कि बहन-बेटियों और किसान भाइयों के प्रति प्रदेश के कृषि मंत्री का बयान बेहद शर्मनाक है। ये पहली दफा नहीं, इससे पहले किसान आंदोलन में अन्नदाताओं की मौत पर इन्होंने ऐसा ही बयान दिया था।संयुक्त किसान मोर्चा भिवानी के पदाधिकारियों ने 30 नवंबर को भिवानी के भगत सिंह चौक पर कृषि मंत्री के विवादित बयान को लेकर उनका पुतला दहन की रुपरेखा तय की है वहीं, कांग्रेस नेत्री किरण चौधरी ने भी कृषि मंत्री व किसान परिवार की महिलाओं के बारे में की गई टिप्पणी पर ट्वीट कर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

संयुक्त किसान मोर्चा के कामरेड ओमप्रकाश, बलबीर सिंह बजाड, कमल सिंह प्रधान, रामफल देशवाल, रोहताश सैनी, दलिप सिंह सांगवान, जोगेन्द्र सिंह तालू, युद्धवीर सिंह अहलावत ने कहा कि कृषिमंत्री ने तीन दिन पहले गांव गिगनाऊ के राज्य स्तरीय बागवानी मेले में मंच से विवादित बयान दिया। जिसमें मंत्री दलाल कह रहे हैं कि जिनकी घरवाली तक उनकी नहीं सुनती है, उन्होंने किसानों का ठेका ले रखा है। मैं सबको जानता हूं।
किसी पर पांच मुकदमें, किसी पर तीन मुकदमे हो रखे हैं। जो उल्टे उल्टे काम कर रहे है। पदाधिकारियों ने कहा कि 30 नवंबर की सुबह 10 बजे भिवानी के भगत सिंह जो मंत्री आवास से कुछ दूरी पर ही है वहां कृषिमंत्री का पुतला फूंककर विरोध जताया जाएगा। वहीं किसान नेताओं ने यह भी कहा है कि अब तक विवादित बयान पर कृषिमंत्री की तरफ से भी कोई माफी या फिर खेद नहीं जताया गया है। जिससे किसान संगठनों में आक्रोश बढ़ा है।

