भाजपा जिला उपाध्यक्ष रणधीर सिंह धीरू का फेसबुक पेज हुआ हैक, साइबर क्राइम यूनिट में दी शिकायत
हिसार। भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन रणधीर सिंह धीरू का फेसबुक पेज हैक हो गया है। रणधीर सिंह धीरू ने इस बारे में पुलिस की साइबर क्राइम यूनिट को शिकायत दे दी है।
यह जानकारी देते हुए भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन रणधीर सिंह धीरू ने बताया कि उनका सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर रणधीर सिंह धीरू के नाम से पेज है।

कुछ दिनों पहले अज्ञात व्यक्ति ने उनका यह फेसबुक पेज हैक कर लिया और उस पर आपत्तिजनक पोस्ट डालनी शुरू कर दी। उनको जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने इस बारे में पुलिस की साइबर क्राइम यूनिट को शिकायत दी और आरोपी के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की है। इसके अलावा उन्होंने अपने सभी परिचितों से भी इस पेज को अनफोलो करने व रिपोर्ट करने के लिए कहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनको आश्वासन दिया है कि उनके फेसबुक पेज को हैक करने वाले अपराधी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



