
सैनी हीरो मोटर्स के मालिक व जजपा नेता रविंद्र सैनी का अंतिम संस्कार आज शाम किया गया.चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ परिवार वालों की मुलाकात हुई जिसमें मुख्यमंत्री ने परिवार वालों की मांगे मान ली थी. पुलिस के दावे के अनुसार रविंद्र सैनी की हत्या की साजिश जेल में बंद बदमाश विकास नेहरा ने रची थी। पुलिस का दावा है कि उसी के कहने पर चारों शूटरों ने वारदात को अंजाम दिया था और उनकी पहचान हो गई है। वर्ष 2017 में सैनी पर गोली चलाने के मामले में हिसार जेल में बंद विकास को पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर हांसी लाई है।

वहीं, डीएसपी धीरज कुमार की अध्यक्षता में मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। व्यापारिक संगठनों ने घटना के विरोध में शुक्रवार को पेट्रोल पंप सहित पूरा बाजार बंद रखने का एलान किया था। इधर, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फोन करके परिजनों को शुक्रवार सुबह चंडीगढ़ में मिलने के लिए बुलाया .
नेशनल हाईवे पर धरना लगाकर बैठे व्यापारियों ने रविंद्र सैनी की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी करने, परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। मांगें पूरी होने तक परिजनों ने शव लेने से भी इन्कार कर दिया। अस्पताल परिसर में दिनभर गहमागहमी का माहौल रहा। सुबह आठ बजे से ही लोग यहां जुटने लगे थे। यहां धरने पर हांसी बंद को लेकर योजना बनी और शहर में मुनादी करवाई गई।


दोपहर करीब एक बजे पूर्व सांसद राजकुमार सैनी भी अस्पताल पहुंचे। करीब दो बजे राष्ट्रीय राजमार्ग को बाधित करने की योजना बनी तो व्यापारी गीता चौक पर पहुंOचे और धरना लगा दिया। परिजनों का कहना था कि पुलिस अधीक्षक अब तक उनसे नहीं मिले हैं। करीब डेढ़ घंटा राजमार्ग जाम से वाहनों की लंबी कतारें लगीं तो पुलिस अधीक्षक मकसूद अहमद मौके पर पहुंचे। उन्होंने अब तक की कार्रवाई के बारे में बताया और आरोपियों की पहचान का दावा करते हुए जल्दी गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। व्यापारी नेता प्रवीन तायल ने भी पुलिस के आश्वासन पर भरोसा कर जाम खोलने की अपील की, जिस पर सभी सहमत हो गए।


मुख्य साजिशकर्ता चार दिन के रिमांड पर
एसआईटी अध्यक्ष ने बताया कि रविंद्र सैनी की हत्या के मुख्य साजिशकर्ता विकास उर्फ विक्की नेहरा को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर न्यायालय में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। चारों हमलावरों की पहचान हो गई है, वे विकास नेहरा के गुर्गे हैं और हरियाणा के ही निवासी हैं। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान उसने बताया कि कुछ दिन पहले उसने सैनी की हत्या करने की साजिश रची थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया है और उनके छिपने के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

विकास नेहरा जेल से भिजवा रहा था धमकी, बीते वर्ष पकड़े गए थे शूटर
विकास नेहरा जेल से ही रविंद्र सैनी को धमकी दिलवा रहा था। उसने कभी प्रत्यक्ष रूप से धमकी नहीं दी थी। पता चला है कि सैनी का कोई परिचित जेल में गया था। तब विकास ने उसे बताया कि वह रविंद्र सैनी की हत्या करेगा। यह बात उसने रविंद्र को बताई थी। वहीं, बीते वर्ष जींद पुलिस ने स्कॉर्पियो सवार चार बदमाशों को अवैध पिस्तौल के साथ पकड़ा था। इन्होंने पुलिस को बताया था कि वह हांसी में रविंद्र सैनी की हत्या के लिए जा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने रविंद्र सैनी को सुरक्षा मुहैया करवाई थी।

रविंदर सैनी पर 2020 में गोली चलाने के दोष में 10 वर्ष की सजा काट रहा है विकास नेहरा
रविंद्र सैनी पर गोली चलाने के हत्या के प्रयास के मामले में विकास नेहरा को 2020 में 10 वर्ष की सजा हुई थी। उस हत्या, हत्या के प्रयास जैसे 10 -12 मामले दर्ज हैं। वहीं बताया जा रहा है कि 2-3 वर्ष पहले विकास पेरोल पर आया तो वापस जेल नहीं गया था। इस दौरान वह फरार हो गया। तब उसने अपने साथियों के साथ मिलकर दलजीत सिसाय पर गोलियां चलाईं थीं।
शोकस्वरूप बंद रहा हांसी का बाजार
रविंद्र सैनी की हत्या के शोक स्वरूप हिसार चुंगी से लेकर भाईजी होटल तक व ऑटो मार्केट पूरी तरह से बंद रही। रविंद्र सैनी ऑटो मार्केट के उपप्रधान भी थे। बंद के दौरान व्यापारियों की जुबान पर एक ही चर्चा थी, कि इस माहौल में वे कैसे कारोबार कर पाएंगे। किसी ने किसी व्यापारी को आए दिन धमकी मिल रही है। व्यापारियों का बिना सुरक्षा घर से आना जाना मुश्किल हो रहा है।


