हिसार शहर में बदमाश बेखौफ हैं। सोमवार को सीएम नायब सैनी ने हिसार पहुंचना था उनके आगमन से कुछ घंटे पहले सेक्टर 9-11 में सुबह करीब पौने सात बजे सैर कर रही एक महिला के गले से बाइक सवार दो बदमाश सोने की चेन छीन ले गए। एक मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में वारदात कैद हो गई है। सेक्टर 9-11 निवासी खुशबू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह घर के पास ही सैर कर रही थी।

इसी दौरान पीछे से काले रंग की बाइक पर दो युवक आए। बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहना हुआ था और उसके पीछे बैठे युवक ने कपड़े से मुंह ढका हुआ था। पास आते ही पीछे बैठे युवक ने अचानक उसके गले पर झपट्टा मारकर 10 ग्राम सोने की चेन तोड़ ली। वह कुछ समझ पाती उससे पहले ही दोनों बाइक पर तोशाम मार्ग की तरफ फरार हो गए। बाइक पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी। इस घटना के बाद उसने शोर मचाया तो मौके पर लोग इकट्ठा हो गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। एक आवास के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया तो उसमें वारदात करने वाले बदमाश दिखाई दिए।

पुलिस फुटेज को कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान में जुटी है। इस संबंध में अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। फुटेज के आधार पर अर्बन एस्टेट थाना पुलिस बदमाशों की पहचान में जुटी है। हालांकि शाम तक उनका कोई सुराग नहीं लगा था। इस घटना के बाद से सेक्टरवासियों में दहशत है।




