✍️तरुण जैन की विचारधारा से प्रभावित होकर निर्दलीय उम्मीदवार अजय सैनी ने दिया समर्थन
✍️अजय सैनी द्वारा तरुण जैन को समर्थन देने से हिसार विधानसभा के बदले समीकरण
✍️शहरवासियों व युवा साथियों के समर्थन से बदलेंगे हिसार के हालात : तरुण जैन
✍️एक और एक होते ग्यारह, अब ग्यारह मिलकर हिसार का सुधार करेंगे : तरूण जैन

हिसार: जनता के उम्मीदवार तरुण जैन की विचारधारा से प्रभावित होकर निर्दलीय उम्मीदवार अजय सैनी ने अपने साथियों सहित समर्थन दे दिया। लाहौरिया चौक के पास आयोजित किए गए समारोह में तरुण जैन ने अजय सैनी को पीला पटका पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान जैन ने कहा कि उन्हें लगातार शहरवासियों व युवा साथियों का समर्थन मिल रहा है। सभी के सहयोग से हिसार के हालात मिलकर बदलेंगे। अजय सैनी के साथ जुडने से उनका हौसला और भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि एक और एक ग्यारह होते हैं, अब ग्यारह मिलकर हिसार का सुधार करेंगे।
इस अवसर पर निर्दलीय प्रत्याशी अजय सैनी ने कहा कि वे कई वर्षों से तरुण जैन की सामाजिक गतिविधियों से वाकिफ हैं। उनके द्वारा किए गए समाज हित के कार्यों को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। सैनी ने कहा कि दरअसल तरुण जैन का व्यवहार, अपनापन व विचारधारा ने काफी प्रभावित किया है। इसलिए वे विधानसभा चुनाव में उनके साथ हैं और बिजली के खंभे चुनाव निशान को सर्वाधिक वोट दिलवाने के लिए जी-जान से काम करेंगे।
तरुण जैन ने अपने साथियों व समर्थकों के साथ पड़ाव चौक व गांधी चौक क्षेत्र में डोर-टू-डोर अभियान चलाकर प्रतिष्ठान संचालकों को चुनाव निशान बिजली के खंभे की जानकारी दी और ईवीएम में इस निशान के सामने वाले बटन को दबाने की अपील की। जैन ने कहा कि शहरवासियों द्वारा बढ़ाए गए मनोबल व हौसले की बदौलत वे चुनाव मैदान में आए हैं और इन्हीं मतदाताओं की बदौलत जीत का मार्ग प्रशस्त होगा।

तरुण जैन ने प्रातः काल सेक्टर-14 स्थित सुभाष पार्क में भी सैर करने वाले और व्यायाम करने वाले शहरवासियों से मुलाकात करके अपनी भावी योजनाओं से अवगत करवाया। इस दौरान जैन ने कहा कि चाहे सेक्टर हो या फिर कोई कॉलोनी या नगर, हर जगह मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने कहा कि हिसार के हर क्षेत्र में खुशहाली की जगह बदहाली दिखाई देती है। हिसार की जनता लचर सीवर व्यवस्था से परेशान है। बहुत सी कॉलोनियों की गलियां हमेशा सीवर के पानी से लबालब रहती हैं। इसी भांति बारिश में जलभराव से लोग बुरी तरह तंग हो जाते हैं। इस समस्या के निदान के लिए भी कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए बल्कि बड़े-बड़े वादों से हमेशा इस समस्या को ही दरकिनार कर दिया गया।
तरुण जैन ने कहा कि शहर की टूटी-फूटी व गड्ढों से युक्त सडकों व गलियों ने हिसार में विकास के दावों की पोल दी है। इन सडकों पर वाहन चलाना अपने आप में बहुत हिम्मत का काम है। उन्होंने कहा कि हिसार के निवासी बेसहारा गोवंश के कारण त्रस्त हैं। हिसार को बेसहारा पशु मुक्त करने के दावे तो कई बार किए गए लेकिन सच्चाई तो यह है कि हिसार की हर कॉलोनी और क्षेत्र में बेसहारा गायों को सहज ही देखा जा सकता है। इस कारण बहुत से नागरिक हादसे का शिकार भी हो चुके हैं। तरुण जैन ने कहा कि प्रोपर्टी आई डी की समस्या से हिसार का हर निवासी जूझ रहा है। लोग नगर निगम के चक्कर काट-काटकर थक चुके हैं लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।

