हिसार टाइम्स – हिसार की एक कॉलोनी में रहने वाली छात्रा का बाइक सवार छह युवकों ने अपहरण करने का प्रयास किया। कहीं से मदद न मिली तो छोटी बहन ने बदमाशों का सामना किया और बड़ी बहन को बचा लिया। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह अपनी बड़ी बहन के साथ 21 सितंबर की सुबह साढ़े दस बजे स्कूल जा रही थी। इसी दौरान तीन बाइक पर छह युवक आए। दो युवकों ने उसकी बड़ी बहन का हाथ पकड़ लिया और जबरन बाइक पर बैठाने लगे। अचानक हुई घटना देख उसे एक बार तो कुछ नहीं सूझा। आसपास कोई मदद करने वाला भी नहीं था।

ऐसे में उसने हिम्मत कर बदमाशों से मुकाबला किया। उसने बहन का हाथ पकड़ने वाले युवक का पैर पकड़ लिया। युवक ने उसे लात मार कर गिरा दिया। लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। फिर से उठकर दोबारा से युवक का पैर पकड़ा और शोर मचाया। यह देखकर युवकों ने उसकी बहन का हाथ छोड़ दिया। शोर शराबा हुआ तो आसपास के लोग एकत्रित होने लगे। उन्हें देखकर बदमाश बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। पीड़िता ने बताया कि वह बाइक के नंबर नहीं देख सकी। घर जाने के बाद परिजनों को घटना के बारे में बताया। परिजन पुलिस थाने लेकर आए और शिकायत दी। एचटीएम थाना पुलिस ने छह युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।



