✍️गाड़ी पर तेल छिडक़ते हुए तथा आग लगाकर भागते युवक।

हिसार टाइम्स – हिसार जिला में आदमपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई के कार्यक्रम में गए व्यक्ति की गाड़ी अर्बन कू्रजर को 2 युवकों ने जला दिया। युवकों ने इस घटना को कार्यक्रम से भव्य बिश्नोई के जाने के बाद अंजाम दिया। दोनों बाइक पर सवार हो आए थे। पहचान स बचने के लिए दोनों ने अपने मुंह कपड़े से ढके हुए थे। गाड़ी को आग लगाने की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। जिसमें युवक गाड़ी पर तेल छिडक़ता और फिर आग लगाते दिख रहा है। इस बारे में भव्य बिश्नोई ने कहा कि इस घटना से उनका कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, बालसमंद गांव में गुरुवार रात करीब साढ़े 9 बजे कुलदीप बिश्नोई के बेटे और हिसार की आदमपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई वाल्मीकि समाज के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसमें स्थानीय निवासी भारत भी पहुंचा था।
भारत ने बताया कि पास की गली में भव्य बिश्नोई का कार्यक्रम था। करीब 10:30 बजे वापस आ गया था। इसके बाद वह खाना खाकर सो गया। रात करीब 12:30 बजे भव्य बिश्नोई के कार्यक्रम स्थल पर कुछ व्यक्ति हुक्का पी रहे थे। उन्हें आग की लपटें दिखाई दी। इस पर उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद आसपास के लोग घर से बाहर निकले। उन्होंने पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाई।

उन्होंने बताया कि गली में लगे सीसीटीवी चेक करने पर पता लगा कि 12:26 बजे मुंह पर कपड़ा बांधे 2 युवक बाइक पर आए। वह घर के बाहर कार के पास आकर रुके। इसके बाद बाइक से एक युवक उतरा। उसने गाड़ी के टायरों, बोनट और छत पर पेट्रोल छिडक़ा। इसके बाद पेंट की जेब से माचिस निकाली और गाड़ी में आग लगा दी। आग लगाकर दोनों युवक बाइक पर फरार हो गए। बाद में पड़ोसियों ने आग पर काबू पाया। तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

वहीं, बालसमंद पुलिस चौकी इंचार्ज नेहरा सिंह ने बताया कि लिखित शिकायत मिली है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप दहिया ने कहा कि मामला संज्ञान में है। एसपी से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है।
