हिसार टाइम्स – शनिवार को कटला रामलीला सभा की ओर से पुराने राजकीय कॉलेज मैदान में 127वां विजय दशमी महोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान 70 फीट ऊंचे रावण के पुतले के साथ मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा। दर्शकों को भव्य व अद्भूत आतिशबाजी भी देखने को मिलेगी। शुक्रवार दोपहर बाद पुतलों को खड़ा कर दिया जाएगा। महोत्सव में प्रदेश के मंत्री, सांसद, विधायक एवं पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक सहित कई हस्तियां विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।
कटला रामलीला के प्रधान सुरेंद्र लाहौरिया, महामंत्री राजेश बंसल व कोषाध्यक्ष रमेश लोहिया ने बताया कि 11 अक्तूबर को कुंभकरण वध, मेघनाद वध, अहिरावण वध, सुलोचना सती व श्रीराम-रावण प्रथम युद्ध और 12 अक्तूबर को श्रीराम-भरत मिलाप, श्रीराम राज्याभिषेक, मयूर नृत्य एवं ब्रज की लठमार व फूल होली देखने को मिलेगी। 12 अक्तूबर को पुराना गवर्नमेंट कॉलेज मैदान में सायं 4:30 बजे दशहरा महोत्सव शुरू होगा। महोत्सव में पुतला दहन व श्रीराम के अयोध्या आगमन को प्रदर्शित किया जाएगा।
