✍️सिविल अस्पताल के बाहर रोड पर शव रखकर परिजनो ने जाम लगाया !

हिसार टाइम्स – हिसार में देसी मुर्गे को लेकर मर्डर हो गया। यहां 2 पक्षों में मुर्गे की मौत से पनपी रंजिश में सोमवार रात को खूनी संघर्ष हुआ। इसमें मृतक के भाई की हालत गंभीर है। वारदात में दूसरे पक्ष के एक ही परिवार के तीन सदस्य भी घायल बताए जा रहे हैं। मृतक की पहचान कृष्ण (37) निवासी तलवंडी राणा के रूप में हुई। उसकी अपनी डेयरी थी। हत्या के बाद मृतक के परिजन भडक़ गए। उन्होंने मंगलवार सुबह आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर हिसार सिविल अस्पताल के सामने रोड जाम कर दिया।

उन्होंने करीब आधा घंटा रोड जाम रखा। इसके बाद वह एसपी से मिलने पहुंचे। मृतक के भाई रमेश के अनुसार कुछ दिन पहले कर्ण ने कृष्ण से देसी मुर्गा खरीदा था। तब पैसे नहीं दिए थे। इसके बाद कृष्ण पैसे मांगने कर्ण के घर गया, लेकिन यहां कर्ण ने कहा कि आपका मुर्गा बीमार इसे ले जाओ। इस पर कृष्ण ने मना कर दिया और वापस घर गया। रमेश के अनुसार बीते कल कर्ण ने कृष्ण ने पैसे देने के बहाने घर बुलाया। कर्ण छोटे भाई मिश्री के साथ कर्ण के घर पहुंचा। यहां कर्ण समेत 6 से 7 लोगों ने कृष्ण पर हमला कर दिया। तेजधार हथियार से दोनों पर वार किए गए। हमले में कृष्ण की मौत हो गई, वहीं उसका भाई मिश्री घायल हो गया। जिसका इलाज चल रहा है।

वहीं, दूसरे पक्ष के घायल कर्ण सिंह ने बताया कि पैसों को लेकर कहासुनी हुई थी। सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे पत्नी मीना को मिश्री लाल ने अपशब्द बोले थे। इसकी शिकायत पुलिस को दी तो रात को हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज हिसार के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम करवाया।