हिसार टाइम्स – लुधियाना वेस्ट से आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी की शुक्रवार रात संदिग्ध हालत में गोली लगने से मौत हो गई। गोली गोगी के सिर में लगी है,घटना रात करीब 12 बजे की है।पुलिस जांच में सामने आया कि गोगी घर में अपना लाइसेंसी पिस्टल साफ कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चल गई। गोली सिर से आर-पार हुई। जॉइंट पुलिस कमिश्नर जसकरन सिंह तेजा ने कहा कि उन्हें मृत अवस्था में डीएमसी अस्पताल लाया गया था। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रख दिया गया है।पुलिस कमिश्नर कुलदीप चहल और डिप्टी कमिश्नर जितेंद्र जोरवाल भी डीएमसीएच पहुंचे। ADCP जसकरण सिंह तेजा ने बताया कि पिस्टल 25 बोर का था। विधायक की मौत किन हालातों में हुई है यह कहना जल्दबाजी होगी। 

आम आदमी पार्टी के जिला सचिव परमवीर सिंह ने कहा कि विधायक दिन में अपने कार्यक्रमों के बाद घुमार मंडी में मौजूद अपने घर पर लौटे थे। वे अपने परिवार के साथ थे। गोगी के परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और बेटी हैं। , विधायक की पत्नी डॉ सुखचैन कौर गोगी ने गोली की आवाज सुनी और अपने पति को खून से लथपथ पाया। उन्होंने कहा कि परिवार उन्हें सुरक्षा कर्मियों की मदद से डीएमसीएच ले कर आया !

चुनाव से पहले AAP जॉइन की थी 

विधानसभा चुनाव में गोगी लुधियाना के वेस्ट विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को हराया था। गोगी को करीब 40 हजार वोट मिले थे। गोगी ने 2022 में चुनाव से पहले AAP जॉइन की थी। इससे पहले वह 23 साल तक कांग्रेस पार्टी में रहे। नगर निगम में वे 3 बार पार्षद रहे। उनकी पत्नी डॉ सुखचैन बस्सी भी एक बार पार्षद रह चुकी हैं।