मेयर पद के लिए 41,तो पार्षदों के 160 से अधिक दावेदारों के आवेदन आए !

हिसार टाइम्स – मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ कमल गुप्ता ने कहा कि जिन लोगों ने पार्टी के साथ धोखा किया, उनको किसी सूरत में सक्रिय सदस्य नहीं बनाया जाएगा। हमारी पार्टी के अध्यक्ष का साफ निर्देश है कि विधानसभा चुनाव में पार्टी के साथ धोखा करने वालों को सहन नहीं किया जाएगा। भाजपा अनुशासित दल है। इसमें हर एक कार्य के लिए प्रोटोकोल बना हुआ है। किस को सदस्यता दी जाए, किसको नहीं, इसके लिए पूरी प्रक्रिया के आधार पर फैसला होता है।

भारतीय जनता पार्टी के बाद अब कांग्रेस ने भी मेयर चुनाव पार्टी के निशान पर लड़ने का एलान किया है। भाजपा की ओर से मेयर व पार्षद का चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों से आवेदन लेने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। मेयर पद के लिए 41, पार्षदों के लिए 160 से अधिक दावेदारों के आवेदन मिले हैं। पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष का साफ निर्देश है कि पार्टी के खिलाफ काम करने वालों को किसी सूरत में सक्रिय सदस्यता नहीं दी जाएगी। दूसरी ओर कांग्रेस की ओर से आवेदन मांगे गए हैं। नामांकन कहां लिए जाएंगे, इस बारे में अभी फैसला नहीं हो सका है।

नगर निगम चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी से पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर अनिल मानी, पंकज दीवान, वैभव बिदानी, सतीश महता, कर्मबीर ढिल्लो पूर्व मेयर शकुंतला राजलीवाला, राजेश धमीजा सहित अन्य लोगों ने आवेदन किए है ।
कांग्रेस भी मेयर का चुनाव सिंबल पर लड़ेगी
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान की अध्यक्षता में दिल्ली में हुई बैठक में पार्टी ने निगम चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ने का एलान किया है। कांग्रेस के पदाधिकारियों की ओर से इसकी घोषणा करने के बाद अब मेयर पद के दावेदारों से नामांकन लिए जाएंगे। नामांकन कब, कहां, कैसे लिए जाएंगे इस बारे में अभी कोई एलान नहीं किया गया है।

