हिसार टाइम्स – मेयर पद के लिए कांग्रेस से टिकट के दावेदार छत्रपाल सोनी की शुक्रवार को हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह सुबह पुलिस से एनओसी लेने पहुंचे और इसके बाद कांग्रेस भवन गए।
दोपहर में लापता बिटिया की खोज के लिए मदद की गुहार लेकर हिसार से पैदल चंडीगढ़ जा रहे दंपती से मिलने उकलाना के सूरेवाला चौक पर पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान उनके सीने में दर्द होने लगा। उन्हें तुरंत हिसार के सर्वेश अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

छत्रपाल सोनी के निधन की खबर सुनते ही अस्पताल में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई। सोनी के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए सेक्टर-33 स्थित उनके मकान पर रखा गया। शाम को ऋषि नगर स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया। सोनी ने हिसार से मेयर पद के टिकट के लिए कांग्रेस से आवेदन किया हुआ था। दो दिन पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव के समक्ष साक्षात्कार देने भी पहुंचे थे। 52 वर्षीय छत्रपाल सोनी शुरू से ही कांग्रेस पार्टी में थे। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा से उनकी नजदीकी थी। उनके परिवार की राजगुरु मार्केट में कपड़े की दुकान है। छत्रपाल सोनी के निधन पर कांग्रेस नेता बजरंग दास गर्ग व अन्य ने शोक व्यक्त किया है।


