हिसार टाइम्स – वैलेंटाइन डे के दिन घर से भागे हरियाणा के चरखी दादरी स्कूल मे पढ़ने वाले प्रेमी जोड़े ने राजस्थान जाकर जहर निगल लिया। इसमें लड़के की मौत हो गई है, जबकि नाबालिग लड़की की हालत गंभीर है। ये दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे और चरखी दादरी के ही अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे।वे दोनों शादी करना चाहते थे, इसलिए वेलेंटाइन डे के दिन घर से भाग गए। इसी दौरान उन्होंने ट्रेन में ही जहर निगल लिया।

इसके बाद उन्हें श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन पर उल्टियां हुईं, तो पुलिस ने इन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया। अब पुलिस लड़की के होश में आने के बाद उसका बयान दर्ज कर कार्रवाई करेगी।सदर थाना SHO दिव्यांशी सिंगला के मुताबिक, सदर थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले 12वीं के लड़के और 10वीं कक्षा की लड़की के बीच लव अफेयर चल रहा था। दोनों लड़का-लड़की वेलेंटाइन डे (14 फरवरी) के दिन घर से भाग गए। परिजनों ने अपने-अपने बच्चों को खोजा,

लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जब उन्हें ट्रेस किया तो उनकी लोकेशन राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में पाई गई। इससे पुलिस उन तक पहुंच सकी।14 फरवरी रात को चरखी दादरी के थाने में लड़की के पिता की ओर से लड़के के खिलाफ उनकी बेटी का अपहरण कर ले जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज करवाया हुआ है। लड़की के होश में आने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा होगा।

उन्होंने बताया कि अभी तक की जांच के मुताबिक दोनों 14 फरवरी को परिजनों से बचने के लिए ट्रेन से श्रीगंगानगर पहुंच गए। श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन पर 20 फरवरी की शाम करीब 7 बजे दोनों सादुलपुर-सूरतगढ़ ट्रेन से उतरे। सफर के दौरान ही दोनों ने जहरीला पदार्थ निगल लिया था।