हिसार टाइम्स – हिसार की वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर स्वीटी बूरा और उनके पति इंडियन कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्डा के रिश्ते में दरार आ गई है,अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर और अर्जुन अवार्डी स्वीटी बूरा ने अपने पति,अर्जुन अवार्डी कब्बडी खिलाडी दीपक हुड्डा के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और मारपीट की शिकायत पुलिस अधीक्षक (एसपी) को दी है। स्वीटी ने तलाक और गुजारा भत्ता के लिए अदालत में भी अर्जी दाखिल की है।

दूसरी ओर, दीपक हुड्डा ने भी रोहतक पुलिस को शिकायत देकर संपत्ति हड़पने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।स्वीटी बूरा ने अपनी शिकायत में कहा कि उनकी शादी 7 जुलाई 2022 को रोहतक निवासी दीपक हुड्डा से हुई थी। उनके माता-पिता ने शादी में एक करोड़ रुपये खर्च किए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में दीपक और उनकी बहन ने उनसे फार्च्यूनर गाड़ी की मांग की और खेल छोड़ने का दबाव बनाया।

स्वीटी ने बताया कि दीपक ने महम विधानसभा चुनाव में खड़े होने के दौरान उनसे एक करोड़ रुपये की मांग की थी। अक्टूबर 2024 में, दीपक ने कथित रूप से उनके साथ मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया। उन्होंने अदालत में तलाक और गुजारा भत्ता की अर्जी दाखिल कर 50 लाख रुपये के मुआवजे और हर महीने 1.5 लाख रुपये की मांग की है।
दीपक हुड्डा ने लगाए संपत्ति हड़पने के आरोप
वहीं, दीपक हुड्डा ने रोहतक पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उनका ससुर उन्हें ब्याज पर रुपये देने के बहाने ठगता रहा। उन्होंने बताया कि हिसार के सेक्टर 1-4 में खरीदा गया एक प्लॉट जालसाजी से उनके और स्वीटी के नाम पर रजिस्टर्ड करा दिया गया।

दीपक ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें 25 लाख रुपये ब्याज पर देने की बात कही गई थी, लेकिन वह रकम उन्हें नहीं मिली। उन्होंने यह भी कहा कि स्वीटी बार-बार तलाक की धमकी देती थीं। हिसार और रोहतक पुलिस ने दोनों पक्षों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण के लिए बुलाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच शुरू कर दी है।

▪️स्कूल बस में लगी आग 13 शिक्षक थे सवार
हिसार टाइम्स – हिसार रोड पर गीता चौक के पास मंगलवार शाम करीब चार बजे डाटा पब्लिक स्कूल की एक बस से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटों से घिर गई। बस शिक्षकों को हिसार छोड़ने जा रही थी। बस में 13 शिक्षक सवार थे धुआं उठता देख चालक ने बस रोकी और शिक्षक तत्काल नीचे उतर गए। इसके चलते बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। आग बुझने तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी !

▪️शहरी और ग्रामीण रूटों पर यात्रियों का सफर अब और होगा आसान !
हिसार टाइम्स – शहरी और ग्रामीण रूटों पर यात्रियों का सफर और आसान होने वाला है। जिला परिवहन अधिकारी कम सचिव प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण ने स्टेज कैरिज स्कीम के तहत 34 रूटों की सूची जारी की है। इनमें 13 नए रूट मंजूर किए गए हैं। इन पर रोडवेज व निजी बसों का संचालन किया जा सकेगा। अन्य 21 पुराने रूटों के लिए भी नए सिरे से आवेदन लिए जा रहे हैं। पहले से बस संचालन करने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी।

▪️जिंदल पार्क की दीवार के साथ 25 वर्षीय युवक का शव मिला !
हिसार टाइम्स – हिसार के गांव सुल्तानपुर निवासी आशीष मलिक (25) की नशे की ओवरडोज से मौत हो गई है। उसका शव मंगलवार को जिंदल पार्क की दीवार के साथ पीली कोठी में मिला। शव के पास खाली सिरिंज भी बरामद हुई है। आशीष ने कुछ महीने पहले ही दिल्ली की युवती से प्रेम विवाह किया था। उसकी पत्नी 5 महीने की गर्भवती है।सुल्तानपुर के निवासियों ने बताया कि आशीष का परिवार गांव से दूर खेतों में बने घर में रहता है। आशीष नशे का आदी था। वह 23 फरवरी को बाइक लेकर घर से निकला था। बाद में संपर्क करने पर उसका फोन बंद मिला।









