हिसार टाइम्स – न्यू इंडिया कॉन्वेंट स्कूल, मिर्जापुर में बुधवार को नव शिक्षा सत्र 2025-26 का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण और हवन पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर आध्यात्मिक वातावरण से गूंज उठा। कार्यक्रम में विद्यालय की निर्देशिका श्रीमती निर्मल शर्मा, प्रधानाचार्या श्रीमती कला विश्नोई सहित समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हवन कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास के साथ-साथ शिक्षा सत्र की सकारात्मक शुरुआत करना था। वैदिक मंत्रों और अग्निहोत्र की पवित्र लपटों के बीच छात्रों ने एकाग्रता, अनुशासनऔर आत्मबल के साथ नए शैक्षणिक वर्ष की शुरुआत की।

इस अवसर पर निर्देशिका श्रीमती निर्मल शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सकारात्मक सोच अपनाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि जीवन में किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम और दृढ़ निश्चय आवश्यक है। प्रधानाचार्या श्रीमती कला विश्नोई ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों से आह्वान किया कि वे हर परिस्थिति में धैर्य और संयम बनाए रखें तथा अपने उद्देश्य की प्राप्ति हेतु निरंतर प्रयासरत रहें।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी को शुभाशीष प्रदान किया गया।