हिसार टाइम्स – हिसार की रितुल ने नेशनल डिफेंस अकादमी (NDA) की पहली महिला कैडेट्स बैच से स्नातक होकर इतिहास रच दिया है। वह इस बैच की बटालियन कैडेट कैप्टन (BCC) रहीं और शुक्रवार को आयोजित पासिंग आउट परेड में शामिल होकर भारतीय सैन्य इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया।

रितुल ने अपनी स्कूली शिक्षा सेंट कबीर स्कूल, हिसार से प्राप्त की थी। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती नीरू महतानी ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि, “रितुल बचपन से ही प्रतिभाशाली छात्रा रही हैं। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ नुक्कड़ नाटक, खेल, डिबेट, क्विज जैसी गतिविधियों में भी हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी यह सफलता हम सभी के लिए गौरव का विषय है।”
इस वर्ष NDA की पासिंग आउट परेड खास रही क्योंकि इसमें पहली बार महिला कैडेट्स पुरुष कैडेट्स के साथ समान रूप से पास आउट हुईं। रितुल इस ऐतिहासिक अवसर पर महिला बटालियन का नेतृत्व करती नज़र आईं।
विद्यालय प्रबंधन और उनके शिक्षकों ने रितुल को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणास्रोत बनेंगी।
