हिसार टाइम्स – हिसार के रायपुर रोड स्थित रेलवे फाटक के पास बुधवार को राजली गांव के नवीन कुमार (25) का शव पड़ा मिला। पुलिस को शव के पास 2 सिरिंज पड़ी मिली हैं। एक सिरिंज खाली और दूसरी नशे से भरी हुई थी। मृतक का शरीर नीला पड़ा हुआ था। प्राथमिक जांच के अनुसार नवीन की मौत नशे की ओवरडोज से हुई है। मृतक के परिजनों ने बताया कि नवीन गांव में खेती करता था। उसके पिता सत्यवान का कई साल पहले बीमारी के कारण निधन हो गया था।

2 बड़ी बहनों का नवीन इकलौता भाई था। घर की सारी जिम्मेदारी नवीन के कंधों पर थी।मंगलवार को शाम 4 बजे नवीन घर में यह कह कर गया कि वह मोबाइल का बिल भरने के लिए शहर जा रहा है। उसके बाद वह बाइक लेकर घर से चला गया था। परिजनों ने शाम तक घर नहीं लौटने पर उसके पास फोन किया तो उसने कॉल रिसीव नहीं की। परिजन रात भर इंतजार करते रहे।

परिजन सुबह उसकी तलाश में निकले तो पता चला कि रायपुर रोड रेलवे फाटक के पास झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। परिजनों ने मौके पर जाकर देखा तो शव नवीन का मिला। पुलिस ने बताया कि शव के पास दो सिरिंज पड़ी थीं। पास में नशे की खाली शीशी पड़ी मिली।