हिसार टाइम्स – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज हिसार एयरपोर्ट पर पहुंचकर हिसार से चंडीगढ़ के लिए शुरू होने वाली फ्लाइट सेवा का विधिवत शुभारंभ करेंगे। हिसार से फ्लाइट शाम 4:55 बजे रवाना होगी, जो कि शाम 6 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। एलायंस एयर की यह फ्लाइट 48 सीटर होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल, मेयर प्रवीण पोपली, भाजपा जिलाध्यक्ष आशा खेदड़ सहित 12 भाजपा नेता हिसार से फ्लाइट से चंडीगढ़ जाएंगे।

बता दें कि फिलहाल हिसार एयरपोर्ट से अयोध्या व दिल्ली के लिए उड़ान सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। सप्ताह में दो दिन शुक्रवार व रविवार को अयोध्या के लिए फ्लाइट जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल को हिसार एयरपोर्ट से अयोध्या के लिए हवाई सेवा का उद्घाटन किया था।पहली फ्लाइट की सभी टिकट बुक हो चुकी हैं। हिसार से चंडीगढ़ के लिए सप्ताह में दो दिन सोमवार व शुक्रवार को हवाई सेवा उपलब्ध होगी। चंडीगढ़ से हिसार के लिए फ्लाइट दोपहर बाद 3.20 पर उड़ान भरकर 4.30 पर हिसार पहुंचेगी। यही हवाई जहाज शाम 4.55 पर वापस चंडीगढ़ के लिए उड़ान भरेगा। शाम 6 पर चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर लैंड होगा। हालांकि इस फ्लाइट रूट दिल्ली से चंडीगढ़, चंडीगढ़ से हिसार, हिसार से चंडीगढ़, चंडीगढ़ से दिल्ली रहेगा।

हरियाणा सरकार की तरफ से एलायंस एयर के साथ किए गए समझौते के तहत हिसार एयरपोर्ट से चंडीगढ़, अयोध्या, जयपुर, अहमदाबाद, जम्मू व दिल्ली के लिए हवाई सेवा शुरू करने की योजना है। इसके तहत यहां से सबसे पहली फ्लाइट अयोध्या के लिए शुरू की गई। इसके अलावा धर्मशाला के लिए भी हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए डीजीसीए की अनुमति का इंतजार है। धर्मशाला के लिए बुधवार को हवाई सेवा उपलब्ध रहेगी। धर्मशाला जाने वाली फ्लाइट का चंडीगढ़ में भी ठहराव होगा।