हिसार टाइम्स – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस में तो सारे लंगड़े घोड़े ही हैं। बरात के घोड़े तो विधानसभा चुनाव में लोगों ने वापस भेज दिए। हरियाणा के लोगों ने देखा कि बरात के घोड़े कामयाब नहीं हैं। रेस वाले घोड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठन तो पूरी तरह से मरा पड़ा है।

महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे से चंडीगढ़ शहीद भगत सिंह हवाई अड्डे के बीच हवाई सेवा को शुरू करने के लिए सोमवार को हिसार पहुंचे सीएम सैनी ने एयरपोर्ट परिसर में मीडिया से बातचीत में कहा कि कुछ दिन पहले राहुल गांधी हरियाणा में आए थे। उन्होंने तीन तरह के घोड़े बताए। राहुल गांधी की तो तीन पीढ़ी लग गई। तब भी कांग्रेस का घोड़ा रेस में नहीं दौड़ पाया तो घोड़ा लंगड़ा ही है। जनता ने 55 साल कांग्रेस को दिए थे।

55 साल में तो रिटायरमेंट हो जाती है। कांग्रेस को लोगों ने रिटायर कर दिया है। कांग्रेस के लोग इतने साल शासन करने के बाद भी जनता को पानी, बिजली, गैस सिलिंडर, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं दे पाए। हमने सुविधाएं दी तो कांग्रेस के दिल में दर्द हो रहा है। कांग्रेस को मजबूत जिला अध्यक्ष मिलने के सवाल पर सीएम ने कहा कि मिल जाएं तो अच्छा होगा संगठन तो बिल्कुल मरा पड़ा है।

हिसार से चंडीगढ़ के लिए हवाई सेवा शुरू, पहली फ्लाइट में खुद भी सवार हुए सीएम
मुख्यमंत्री नायब सिंह ने सोमवार को हिसार एयरपोर्ट पर हिसार के महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डा से चंडीगढ़ के शहीद भगत सिंह हवाई अड्डे के बीच शुरू हुई फ्लाइट का शुभारंभ किया। हिसार-चंडीगढ़ के बीच शुरू की गई इस सेवा की पहली फ्लाइट में सीएम खुद भी सवार हुए।