हिसार टाइम्स – पुलिस जिला हांसी में मंगलवार को शाम छह बजे से रात दस बजे तक सीलिंग प्लान के तहत विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया गया। इस दौरान जिलेभर में 21 नाके लगाए गए व 603 वाहनों की जांच की गई। नाकाबंदी के दौरान 40 वाहनों के चालान किए।

अभियान के दौरान पुलिस ने दो व्यक्तियों को 112 बोतल अवैध देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया। इसमें यूपी के मोहम्मदाबाद निवासी शिवम से 96 बोतल अवैध शराब बरामद कर बास थाने में मामला दर्ज। ढाणी चदरपुल निवासी अमित से 16 बोतल शराब बरामद कर सदर थाने में अभियोग दर्ज किया है।पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने नाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि हर संदिग्ध वाहन की बारीकी से जांच की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीलिंग प्लान का मुख्य उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम, अपराध के बाद भागने वाले अपराधियों की तत्काल धरपकड़ व आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है




