हिसार टाइम्स – हिसार में कबाड़ की दुकान में हुए ब्लास्ट में घायल श्रीचंद की शुक्रवार शाम उपचार के दौरान मौत हो गई। शहर के निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह से ही श्रीचंद की तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। कभी ब्लड प्रेशर कम हो रहा था तो कभी सांस लेने में दिक्कत हो रही थी।इसके बाद डॉक्टरों ने श्रीचंद के सभी टेस्ट करवाए।

जिसमें पता चला कि धमाके की वजह से पेट में चोटें लगने के कारण बारूद का असर ज्यादा फैल गया। इस वजह से पांव में भी संक्रमण फैल गया। डॉक्टरों ने पांव काटकर ऑपरेशन करने की बात कही, लेकिन बाद में कुछ इंतजार के लिए कहा। मगर उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। डॉक्टर भी उनकी हालत बिगड़ती देख ऑपरेशन के इंतजार में थे। शाम को फिर उनकी तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कुछ देर बाद पुलिस निजी अस्पताल में पहुंची और कागजी कार्रवाई के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पहुंचाया। अभी श्रीचंद के शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। शनिवार सुबह शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।