▪️भारतवंशी बना रहे अमेरिका को और अमीर, अरबपतियों की लिस्ट में सबसे आगे
▪️भारतीय-अमेरिकन हर साल दे रहे ₹25 लाख करोड़ टैक्स, फोर्ब्स की रिपोर्ट में भारत नंबर-1
हिसार टाइम्स – भारतीय प्रवासियों ने अमेरिका में अपनी मेहनत, हुनर और प्रतिभा से नया इतिहास रच दिया है। दुनिया की प्रतिष्ठित मैगजीन फोर्ब्स द्वारा जारी की गई ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में रहने वाले विदेशी मूल के अरबपतियों में भारतीय मूल के लोगों की संख्या सबसे अधिक है। इस लिस्ट में भारत ने इजराइल, चीन और ताइवान जैसे देशों को पछाड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है।

अमेरिका में रहने वाले 51 लाख से ज्यादा भारतीय-अमेरिकन हर साल अमेरिका की इकोनॉमी में 250-300 बिलियन डॉलर करीब ₹25 लाख करोड़ टैक्स के रूप में देते हैं। ये अमेरिका के कुल टैक्स का 5-6% है। अमेरिका में सबसे अमीर भारतीय जय चौधरी हैं। इनकी नेटवर्थ 17.9 बिलियन डॉलर यानी 150 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा है।
फोर्ब्स की सूची में अमेरिका में बसे कुल 125 विदेशी मूल के अरबपतियों में से 12 अरबपति भारतीय मूल के हैं, जो किसी भी देश से सबसे ज्यादा हैं।
अमेरिका में भारतीयों की आर्थिक ताकत:
फोर्ब्स रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि अमेरिका में 51 लाख से ज्यादा भारतीय-अमेरिकन हर साल देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। इनका टैक्स योगदान 250-300 बिलियन डॉलर (करीब ₹25 लाख करोड़ रुपए) का है, जो अमेरिका के कुल टैक्स कलेक्शन का 5-6% हिस्सा है। यह किसी भी एक प्रवासी समूह का सबसे बड़ा योगदान है।

सबसे अमीर भारतीय जय चौधरी:
भारत के हिमाचल प्रदेश के एक छोटे से गांव से निकलकर अमेरिका में सफलता की मिसाल बने जय चौधरी, अमेरिका में रहने वाले सबसे अमीर भारतीय हैं। उनकी कुल संपत्ति 17.9 बिलियन डॉलर (करीब ₹1.50 लाख करोड़ रुपए) से अधिक है। जय चौधरी ने IIT-BHU वाराणसी से पढ़ाई की और बाद में अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ सिनसिनाटी से कई मास्टर्स डिग्रियां हासिल कीं। वे अमेरिका की प्रमुख साइबर सिक्योरिटी कंपनी Zscaler के संस्थापक हैं।
अन्य प्रमुख भारतीय अरबपति:
- विनोद खोसला: पुणे के रहने वाले विनोद खोसला अमेरिका के प्रसिद्ध वेंचर कैपिटलिस्ट और उद्यमी हैं। उन्होंने IIT दिल्ली, कार्नेगी मेलॉन यूनिवर्सिटी और स्टैनफोर्ड से शिक्षा ली है। खोसला वेंचर्स के ज़रिए उन्होंने सैकड़ों स्टार्टअप्स को समर्थन दिया है।
- राकेश गंगवाल: कोलकाता के रहने वाले गंगवाल, इंडिगो एयरलाइंस के सह-संस्थापक हैं। वे वर्तमान में अमेरिका में रह रहे हैं और अपनी व्यावसायिक सफलता के कारण अरबपति सूची में शामिल हैं। उन्होंने IIT कानपुर और व्हार्टन बिजनेस स्कूल से पढ़ाई की है।

फोर्ब्स की लिस्ट से साफ़ संकेत:
यह रिपोर्ट साफ तौर पर दिखाती है कि भारतीय प्रवासी केवल अमेरिका में बसने के लिए नहीं, बल्कि वहां की अर्थव्यवस्था, उद्योग और तकनीक को मजबूत करने के लिए भी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। भारतीयों की मेहनत, शिक्षा और तकनीकी दक्षता ने उन्हें वैश्विक स्तर पर अग्रणी बना दिया है।




