▪️जाट धर्मशाला में महिलाओं ने हरियाणवी गीतों पर किया पारंपरिक नृत्य, रंग-बिरंगी पोशाकों से सजी महफिल
हिसार टाइम्स – हिसार की जाट धर्मशाला में रविवार को फिरोज़ा-ए-शहर क्लब, हिसार द्वारा पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजते हुए तीज महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब प्रधान डॉ. वेद कौर पूनिया ने की।

तीज महोत्सव में महिलाओं ने पारंपरिक रंग-बिरंगे परिधानों में झूले झूलते हुए हरियाणवी लोकगीतों पर नृत्य कर समां बांध दिया। समारोह में हरियाणवी सोलो डांस, ग्रुप डांस, मेहंदी दिखाओ प्रतियोगिता और तीज महारानी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस अवसर पर डॉ. वेद कौर पूनिया ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी लोक संस्कृति की पहचान हैं और तीज जैसे त्योहार महिलाओं को आपसी मेलजोल और उत्सवधर्मिता का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने क्लब की सभी सदस्यों और सहयोगियों को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद भी दिया।
कार्यक्रम में पारंपरिक पकवान, सजावटी स्टॉल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी मेहमानों का दिल जीत लिया। तीज महोत्सव में शहर की कई प्रतिष्ठित महिलाएं भी बतौर अतिथि शामिल हुईं।
