▪️आदिश जैन ने इंटरनेशनल मैथमेटिकल ओलंपियाड में सिल्वर मेडल जीतकर रचा इतिहास
▪️एक्स-एक्सिस मैथ्स इंस्टीट्यूट के छात्र व आधार हॉस्पिटल हिसार के प्रसिद्ध ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ विक्रम जैन के पुत्र आदिश जैन ने हरियाणा और हिसार को किया गौरवान्वित !
हिसार टाइम्स – हिसार के एक्स-एक्सिस मैथ्स इंस्टीट्यूट के छात्र आदिश जैन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। ऑस्ट्रेलिया के सनशाइन कोस्ट में आयोजित 66वें इंटरनेशनल मैथमेटिकल ओलंपियाड (आईएमओ) में आदिश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। भारत की छह सदस्यीय टीम ने इस प्रतिष्ठित वैश्विक प्रतियोगिता में 3 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक हासिल कर कुल 193 अंक प्राप्त किए और सातवां स्थान प्राप्त किया। यह भारत की आईएमओ इतिहास में अब तक की सर्वश्रेष्ठ स्कोरिंग रही है।

इस उपलब्धि में आदिश जैन की भूमिका अहम रही, जिन्होंने न सिर्फ भारत, बल्कि हरियाणा और हिसार को भी गौरवान्वित किया। आदिश की इस सफलता के पीछे उनके गुरु गगनदीप, पिता डॉ. विक्रम जैन और माता डॉ. वनीता जैन का मार्गदर्शन और समर्थन रहा। आदिश की यह उपलब्धि साबित करती है कि समर्पण, मेहनत और सही दिशा मिलने पर कोई भी छात्र वैश्विक मंच पर देश का परचम लहरा सकता है।

भारत ने 1989 से आईएमओ में भाग लेना शुरू किया था और यह दूसरी बार है जब भारत को तीन स्वर्ण पदक प्राप्त हुए हैं। इससे पहले 1988 में भारत ने पहली बार यह उपलब्धि हासिल की थी। 2019 से 2025 के बीच भारत ने कुल 12 स्वर्ण पदक जीते हैं, जिनमें से अधिकांश पिछले दो वर्षों के भीतर आए हैं। वर्ष 2024 में भारत को चौथा स्थान मिला था !

आईएमओ में आदिश जैन का यह प्रदर्शन सिर्फ एक व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि यह भारत की वैज्ञानिक सोच, गणितीय प्रतिभा और तैयारी का प्रमाण है। आदिश जैसे छात्र देश के लिए प्रेरणा हैं, जो यह दिखाते हैं कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या संसाधन तक सीमित नहीं होती, बल्कि जहां इच्छा और मेहनत होती है वहीं से सफलता की शुरुआत होती है।
