नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटाफट !

————————————————————————–

हिसार टाइम्स – ATM कार्ड के जरिये धोखाधड़ी करने के आरोपी के दो मंजिला घर का शुक्रवार को एसडीएम राजेश खोथ के नेतृत्व में पांच विभागों की टीम ने निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि आरोपी ने हांसी मे एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत का भवन बनाया है। यह संपत्ति कुलदीप की है, जिस पर कई मामले दर्ज हैं। संपत्ति का आकलन कर रिपोर्ट पुलिस और उपायुक्त को भेजी जाएगी, ताकि संपत्ति कुर्क की कार्रवाई की जा सके।

एसपी अमित यशवर्धन के निर्देश पर टीम निरीक्षण के लिए माैके पर पहुंची तो आरोपी की पत्नी ने लगभग एक घंटे तक घर का गेट नहीं खोला। टीम ने फायर ब्रिगेड को बुलाने की चेतावनी दी तो गेट खोला। भवन की जांच में सामने आया कि बिजली व पानी के कनेक्शन अवैध हैं। इस दाैरान नक्शा या जमीन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। भवन में नीचे दुकान और ऊपर दो मंजिला आवास बनाया गया है, जहां आरोपी का परिवार रहता है। जांच टीम में बिजली निगम, जनस्वास्थ्य विभाग, नगर परिषद, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी शामिल रहे।

▪️हिसार में जाट स्कूल में CET परीक्षा केंद्र के बाहर लंबी कतारें, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) 2025 के लिए हिसार के जाट स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र के बाहर सुबह से ही अभ्यर्थियों की लंबी लाइनें देखी गईं। लगभग एक लाख से अधिक अभ्यर्थी हिसार के 66 परीक्षा केंद्रों (45 भवनों) में परीक्षा दे रहे हैं। जाट स्कूल में सुबह 8 बजे से ही अभ्यर्थी पहुंचने लगे, और केंद्र के बाहर सख्त चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।

▪️कर्मचारी पर हमले के विरोध में बिजली कर्मियों ने किया प्रदर्शन

हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर यूनियन के बैनर तले उकलाना में शुक्रवार को बिजली कर्मचारियों ने उपमंडल अधिकारी एवं प्रशासन की कार्यशैली के विरोध में दो घंटे का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। प्रदर्शन सब-यूनिट के उपप्रधान सतबीर सिंह की अध्यक्षता में हुआ। सह-सचिव सोनू चाहर ने कहा कि कार्यालय में एक कर्मचारी पर हुए हमले की अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसके विपरीत, साजिशकर्ता को खुली छूट दी जा रही है। महिला कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार, यूनियन पदाधिकारियों के प्रति अपमानजनक रवैया और ट्रांसफर आदेशों में भेदभाव जैसे गंभीर आरोप भी अधिकारियों पर लगाए गए हैं।

▪️जीजेयू के गैर शिक्षक संघ के प्रधान बने चरण दास अटवाल

गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) में शुक्रवार को गैर शिक्षक संघ के चुनाव संपन्न हुए। इस दौरान कुल 478 कर्मचारियों ने मतों का प्रयोग किया। चुनाव में प्रधान पद के लिए चरणदास अटवाल ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 32 वोट के अंतर से हराया। वहीं, सबसे कम दो मत से मनीष कुमार ने सचिव पद के लिए पवन कुमार को पराजित किया। शुक्रवार को सुबह साढ़े 8 बजे से चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई थी। प्रधान पद के लिए दो वोट रद्द हुए।

▪️रिश्ते मे दादा नें किया किशोरी से दुष्कर्म, दोषी करार, सजा 30 को

एडीजे सुनील जिंदल की अदालत ने करीब 4 साल पहले 13 साल की किशोरी से दुष्कर्म करने वाले व्यक्ति को दोषी करार दिया है। दोषी व्यक्ति पीड़िता का नाते में दादा लगता है। अदालत इस मामले में 30 जुलाई को फैसला सुनाएगी। पीड़िता के बयान के आधार पर महिला थाना पुलिस ने मार्च 2021 को केस दर्ज किया था। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को अदालत ने व्यक्ति को दोषी करार दिया है।


▪️CET 65 रोडवेज और 240 निजी बसों की व्यवस्था

हांसी मे सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) के लिए रोडवेज और जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। परीक्षार्थियों के लिए हांसी सब डिपो की 74 रोडवेज बसों में से 65 और 240 निजी बसों की व्यवस्था की गई है। शनिवार को सुबह की शिफ्ट के लिए 75 व शाम की शिफ्ट के लिए 76 निजी बसें लगाई गई हैं।


▪️ गोदाम पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते का छापा, यूरिया के 70 बैग का नहीं मिला रिकाॅर्ड

हिसार के आर्य नगर स्थित खाद विक्रेता की दुकान और गोदाम पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते और कृषि विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा। स्टॉक में गड़बड़ी, जबरन टैगिंग और खाद के रिकॉर्ड में अनियमितताओं की शिकायत के बाद कार्रवाई की गई। इस दौरान गोदाम से बिना रिकॉर्ड के यूरिया के 70 बैग बरामद किए गए।टीम ने दुकानदार बलजीत की उपस्थिति में पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक की जांच की। रिकॉर्ड के अनुसार, 340 बैग डीएपी खाद और यूरिया स्टॉक खाली पाया गया। गोदाम की जांच के दौरान रिकॉर्ड के अनुरूप 340 बैग डीएपी खाद तो मिले, लेकिन यूरिया के 70 बैग बिना रिकॉर्ड पाया गया। इसके अतिरिक्त 20 पैकेट सल्फर भी गोदाम में रखे मिले

▪️पुलिसकर्मी की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में मृत घोषित

हिसार शहर के सत्या नगर निवासी पुलिसकर्मी रवि कुमार (36) की शुक्रवार को घर में अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तुरंत जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल विजय कुमार ने बताया कि पुलिसकर्मी रवि कुमार सिवानी में तैनात थे और वह छुट्टी लेकर घर आए थे।शुक्रवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। बाद में उन्हें वाहन में जिला नागरिक अस्पताल में लेकर आए। यहां चिकित्सक ने जांच कर दोपहर करीब 12.45 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। उसके बाद स्टाफ ने शव मोर्चरी में भिजवा दिया। पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया कार्रवाई की है।


▪️ साउथ बायपास (आर ओ बी ) किसान एक्सप्रेस लेट, दो गर्डर रखे जा सके

हिसार के सातरोड के पास साउथ बाईपास पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर शुक्रवार को किसान एक्सप्रेस के लेट होने के कारण दो गर्डर ही रखे जा सके। अब दो गर्डर रखने बाकी हैं। अधिकारियों को संभावना है कि शनिवार को रेलवे की तरफ से ब्लॉक मिल जाएगा जिससे दो और गर्डर भी रख दिए जाएंगे। आरओबी पर गर्डर रखने का काम मंगलवार से शुरू हुआ था। पहले दिन दो गर्डर रखे गए थे। मगर इसके बाद बुधवार व वीरवार को ब्लॉक न मिलने की वजह से गर्डर नहीं रखे जा सके। शुक्रवार को गर्डर रखने के लिए शाम 6 बजे से ब्लॉक मिलना निर्धारित था। किसान एक्सप्रेस के लेट होने की वजह से गर्डर रखने के लिए सिर्फ एक घंटे का ही समय मिला। किसान एक्सप्रेस पीछे से ही लेट थी।

▪️हिसार में बनेगा 3 हजार करोड़ का रिंग रोड, जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू
राज्य सरकार ने हिसार में 3,000 करोड़ रुपये की लागत से रिंग रोड बनाने की मंजूरी दे दी है। इस रिंग रोड से शहर के बाहर से ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा, जिससे शहर के अंदर जाम की समस्या से राहत मिलेगी। रिंग रोड छह लेन का होगा और इसमें कई फ्लाईओवर भी शामिल होंगे। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया इसी महीने से शुरू की जाएगी। किसानों को उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया है। इस परियोजना को तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

=====================================

=====================================