नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट…
For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group
https://chat.whatsapp.com/

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖
फर्जी डिग्री केस में हिसार के BJP नेता महेंद्र जुनेजा गिरफ्तार, अंबाला जेल भेजे गए

हिसार टाइम्स – हिसार के बीजेपी सिटी मंडल प्रमुख और पूर्व पार्षद महेंद्र जुनेजा को फर्जी मेडिकल डिग्री एवं रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट मामले में पंचकूला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में अंबाला जेल भेज दिया गया।

यह मामला पंचकूला सेक्टर-5 थाना क्षेत्र में दर्ज एफआईआर नंबर 142 (12 मई 2023) से जुड़ा है। शिकायत हरियाणा काउंसिल ऑफ इंडियन मेडिसिन के रजिस्ट्रार डॉ. दिनेश शर्मा ने दी थी। जांच में सामने आया कि जुनेजा के नाम पर जारी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट असली नहीं बल्कि पूरी तरह फर्जी था। जिस सर्टिफिकेट नंबर का उल्लेख किया गया, वह दरअसल किसी अन्य डॉक्टर—डॉ. नीलम—के नाम जारी हुआ था।

राजनीतिक दृष्टि से महेंद्र जुनेजा पहले भी सुर्खियों में रह चुके हैं। मई 2022 में कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा उनके निवास पर पहुंचे थे और उन्हें कांग्रेस का पटका पहनाया था। इस मुलाकात पर विवाद खड़ा हुआ तो जुनेजा ने सफाई दी थी कि यह सिर्फ औपचारिक भेंट थी और वह भाजपा में ही बने रहेंगे।

उस मुलाकात के करीब 15 दिन बाद जुनेजा के पटेल नगर स्थित क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लंबी जांच-पड़ताल की थी, जो करीब 7 घंटे चली थी। छापेमारी के कुछ समय बाद ही पार्टी ने उन्हें पार्षद की टिकट सूची से बाहर कर दिया था।

सातरोड में 50 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक ऑडिटोरियम
हिसार शहर की सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों को नया आयाम देने के लिए नगर निगम प्रशासन ने एक बड़ी पहल की है। निगम सातरोड क्षेत्र में करीब दो एकड़ भूमि पर एक भव्य ऑडिटोरियम का निर्माण करने जा रहा है, जिस पर लगभग 50 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। निगमायुक्त नीरज के अनुसार, इस ऑडिटोरियम की रूपरेखा तैयार हो चुकी है और इसमें एक साथ एक हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। इस प्रोजेक्ट के लिए दिल्ली की एक कंसल्टेंसी फर्म एस्टीमेट तैयार कर रही है। यह केवल एक भवन नहीं होगा, बल्कि शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करते हुए कला और साहित्य प्रेमियों के लिए एक सशक्त मंच के रूप में कार्य करेगा।

चोरी की रोकथाम के लिए पुलिस की नई सुरक्षा एडवाइजरी
शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। पुलिस का कहना है कि अक्सर बंद घरों और दुकानों को असामाजिक तत्व अपना निशाना बनाते हैं, इसलिए नागरिकों को सतर्कता बरतने की जरूरत है। नागरिकों से अपील की गई है कि यदि वे कुछ घंटों या लंबे समय के लिए शहर से बाहर जा रहे हैं, तो इसकी सूचना तुरंत अपने नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 पर अवश्य दें। सूचना देते समय अपने घर का पूरा पता और बाहर रहने की अवधि साझा करें, ताकि पुलिस अपनी रात्रि गश्त (Night Patrolling) के दौरान उन क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रख सके।

खैरमपुर गांव में घरेलू विवाद के चलते युवक ने दी जान
हिसार के गांव खैरमपुर से एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई है, जहाँ 35 वर्षीय रामसिंह नामक व्यक्ति ने मानसिक तनाव और घरेलू कलह के कारण खेत में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामसिंह मजदूरी का काम करता था और शराब पीने का आदी था, जिसके चलते अक्सर उसका अपनी पत्नी के साथ विवाद होता रहता था। बुधवार रात को भी नशे की हालत में झगड़ा करने के बाद वह घर से निकल गया और एक किसान के खेत में जाकर यह खौफनाक कदम उठा लिया। सुबह जब खेत मालिक ने शव देखा, तो परिजनों और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।

फर्जी दस्तावेज से कार लोन मामले मे 3 साल की सजा
हिसार टाइम्स – फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खुद को सरकारी शिक्षक बताकर बैंक से कार लोन लेने के मामले में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश मंगलेश चौबे की अदालत ने वीरवार को दोषी परमजीत को 3 साल की सजा सुनाई है। अदालत ने उसकी अपील खारिज करते हुए सजा में संशोधन किया। इससे पहले निचली अदालत ने उसे 5 साल की सजा सुनाई थी।

यह मामला 2013 का है जब स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के तत्कालीन ब्रांच मैनेजर की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज किया था। शिकायत के मुताबिक आरोपी परमजीत ने खुद को सरकारी शिक्षक बताकर करीब 3.40 लाख रुपये का कार लोन लिया था। इसके लिए उसने राशन कार्ड, सैलरी सर्टिफिकेट और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बैंक में जमा किए थे।

जांच में सामने आया कि दिए गए सभी दस्तावेज फर्जी थे। आरोपी ने हिसार के सिरसा रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का पता और 37 हजार रुपये मासिक आय दर्शाई थी। जब लोन की किस्तें जमा नहीं हुईं, तो बैंक ने जांच शुरू की और पता चला कि आरोपी न तो वहां रहता था और न ही शिक्षक था। इस मामले में पुलिस ने परमजीत और दिलबाग सिंह को गिरफ्तार किया था। 7 मार्च 2019 को सीजेएम अदालत ने दोनों को दोषी ठहराया था, लेकिन सह-आरोपी दिलबाग सिंह को 22 जनवरी 2026 को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया गया।

सालासर मंदिर मैं हिसार के परिवार के साथ हुई मारपीट प्रकरण में 21 सदस्यीय कमेटी गठित
हिसार टाइम्स – सालासर मंदिर मारपीट प्रकरण में वीरवार को हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में एक बैठक की गई जिसमें विभिन्न व्यापारी, कर्मचारी व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान सभी ने इस घटना की निंदा करते हुए पीड़ित व्यापारी को न्याय दिलवाने और मंदिर व्यवस्था में परिवर्तन की मांग की। बैठक में एक 21 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। यह कमेटी शुक्रवार को बैठक कर पीड़ित व्यापारी व उसके परिवार वालों को न्याय दिलवाने के लिए रणनीति तैयार करेगी।

बैठक में बजरंग गर्ग ने कहा कि हम मंदिरों में पुजारी इसलिए रखते हैं ताकि वो श्रद्धालुओं को पूजा करवाए लेकिन सालासर धाम एक कब्जाधारी मठ बन चुका है। इस मंदिर की हर माह की करोड़ों रुपये की कमाई है। मंदिर के अंदर व बाहर प्रसाद की दुकानें इनकी हैं। यहीं नहीं वहां एक फाइल स्टार होटल भी इन्हीं का है। वहां पुजारी एक गुंडा बना हुआ है।

गर्ग ने कहा कि हम मंदिर के खिलाफ नहीं है। मंदिर में से बाउंसर्स को हटाकर सेवादार लगाए जाए। साथ ही एक सदस्यीय कमेटी बनाई जाए और शुक्रवार को डीसी व एसपी के पास शिकायत और राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, हरियाणा व राजस्थान के मुख्यमंत्रियों के पास इस घटना के बारे में ज्ञापन भेजे जाए। हम मांग करेंगे कि यह मंदिर सरकार के अधीन लिया जाए।

जिंदल पार्क के पास चूरा पोस्त तस्कर गिरफ्तार
हिसार टाइम्स – थाना शहर हिसार की पुलिस टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिंदल पार्क के पास से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में चूरा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस अधीक्षक हिसार के नेतृत्व में थाना शहर हिसार की टीम गश्त पर थी, तभी मुखबिर खास से सूचना मिली कि सुरजीत उर्फ काला, मूल निवासी राजस्थान, हेरोइन और चूरा पोस्त की अवैध बिक्री में संलिप्त है। सूचना के मुताबिक आरोपी जिंदल पार्क के पास नशा बेचने की फिराक में खड़ा था। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के व्यक्ति को काबू करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरजीत उर्फ काला, पुत्र जगदीश, निवासी 8 MGD, मोहनगढ़, जिला जैसलमेर, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

हिसार पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और जिले में ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। हाल के महीनों में हिसार में नशा तस्करों पर कई बड़ी कार्रवाइयां सामने आई हैं, जिनमें पुलिस ने भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए हैं।





===================================

====================================





















