नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट

For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group

👇

https://chat.whatsapp.com/

EHzVoGH50MdINoYniG4crH

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖

हिसार टाइम्स – गांव सोरखी में मोटर चोरी के शक में एक युवक को अमानवीय सजा देने का मामला सामने आया है। कथित तौर पर चोरी के आरोप में पकड़े गए एक युवक को ट्यूबवेल के कुएं में उल्टा लटकाने और डंडों से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना करीब दो दिन पुरानी बताई जा रही है। वीडियो में नजर आ रहा युवक (बारू) फिलहाल घायल अवस्था में हांसी के नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन है।


गांव सोरखी के लोगों के अनुसार, खेत मालिक ने युवक को सोलर पैनल से जुड़ी मोटर चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। घटना के समय उसका एक अन्य साथी भी मौके पर था, जो फरार होने में कामयाब रहा। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से खेतों से लगातार मोटरें चोरी हो रही थीं। पकड़े जाने के बाद गुस्साए लोगों ने बारू के पैर रस्सी से बांधे और उसे कुएं में उल्टा लटकाकर पूछताछ की। वायरल वीडियो में युवक कथित तौर पर चोरी की बात और चुराई गई मोटर को भिवानी रोड स्थित एक कबाड़ी को बेचने की बात स्वीकार करता हुआ नजर आ रहा है। बाद में डायल 112 को बुलाकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

अस्पताल में भर्ती बारू ने चोरी के सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उसका कहना है कि उसका पेट खराब था, जिस कारण वह खेतों की तरफ गया था।बारू ने बताया कि तभी कुछ लोगों ने शोर मचाकर मुझे पकड़ लिया और चोरी का झूठा आरोप लगा दिया। मेरे पास मोटर खोलने का कोई औजार नहीं था। इसके बावजूद उन्होंने मेरे पैर रस्सी से बांधकर मुझे कुएं में उल्टा लटका दिया। बाहर निकालकर मुझे बुरी तरह पीटा गया और जबरन बुलवाया गया कि मैंने चोरी की है।

कार का शीशा तोड़ने व जमीन हड़पने की कोशिश का आरोप

हिसार टाइम्स – गांव रायपुर निवासी अश्वनी कुमार ने थाना प्रभारी को शिकायत देकर गांव के ही प्रवीण पर उनकी कार का शीशा तोड़ने, जान से मारने की धमकी देने और पैतृक जमीन हड़पने की कोशिश का आरोप लगाया है।

अश्वनी ने बताया कि 29 मई की रात उनकी नई कार पर ईंट मारकर पीछे का शीशा तोड़ दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी परिवार को धमकाता रहा है और जमीन विवाद को लेकर परेशान कर रहा है। शिकायत में पैतृक संपत्ति में धोखाधड़ी का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है

मंडल आयुक्त के आदेश पर विशाल मेगामार्ट की सील हटाई गई

हिसार टाइम्स – सनसिटी मॉल की बेसमेंट में संचालित विशाल मेगामार्ट को मंडल आयुक्त की अदालत के आदेश पर डीसील कर दिया गया। नगर निगम अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सील हटवाई और प्रतिष्ठान को दोबारा संचालित करने की अनुमति दी।नगर निगम के कार्यकारी अधिकारी जयबीर डूडी ने बताया कि मंडल आयुक्त की अदालत के आदेशों की पालना में यह कार्रवाई की गई है।फतेहाबाद जिले के गांव काजलहेड़ी निवासी विकास गोदारा ने बेसमेंट में व्यावसायिक गतिविधियां चलाए जाने को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।

याचिका में कहा गया था कि वर्ष 2003-04 में स्वीकृत मानचित्र संख्या-178 के अनुसार बेसमेंट का उपयोग केवल पार्किंग और स्टोरेज के लिए होना था, जबकि वहां विशाल मेगामार्ट का शोरूम संचालित किया जा रहा था।हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद नगर निगम ने कंपनी को तीन नोटिस जारी कर पक्ष रखने का अवसर दिया था। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर 16 अप्रैल 2026 को बेसमेंट को सील कर दिया गया था। इसके बाद सनसिटी एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने मंडल आयुक्त की अदालत में डीसीलिंग की अपील की। सुनवाई के उपरांत मंडल आयुक्त गीता भारती ने मेगामार्ट को डीसील करने के आदेश जारी किए।

जीएम ऑफिस का घेराव, देर रात समझौते के बाद चक्का जाम टला

हिसार टाइम्स – हरियाणा रोडवेज के हिसार डिपो में शुक्रवार को कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच का तनाव चरम पर पहुंच गया। लंबित मांगों को लेकर रोडवेज सांझा मोर्चा के प्रांतीय नेताओं की मौजूदगी में सैकड़ों कर्मचारियों ने शाम के समय जीएम कार्यालय का पूरी तरह घेराव कर लिया और वहीं धरना देकर बैठ गए। इस विरोध प्रदर्शन के कारण रोडवेज बसों के पहिए थम गए और बस स्टैंड पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए देर शाम भारी पुलिस बल तैनात किया गया। कर्मचारियों ने पहले शनिवार सुबह 3:40 बजे से बेमियादी चक्का जाम करने और चरणबद्ध तरीके से सिरसा और फतेहाबाद डिपो को भी बंद करने का ऐलान किया था। प्रशासन की ओर से पहुंचीं एसडीएम ज्योति मित्तल ने समाधान के लिए एक महीने का समय मांगा, लेकिन यूनियन नेताओं ने 22 दिन से चल रहे धरने और 3 साल से लंबित मांगों का हवाला देकर इसे ठुकरा दिया और जीएम को हटाने की मांग पर अड़ गए।

इसके बाद, चंडीगढ़ से आए जॉइंट डायरेक्टर राजेश पूनिया ने देर रात तक यूनियन के प्रांतीय नेताओं जगदीश लाहर, जयवीर घणघस, अशोक खोखर और शिवकुमार श्योराण के साथ मैराथन बैठक की। देर रात करीब पौने एक (12:45) बजे दूसरे दौर की वार्ता में जॉइंट डायरेक्टर द्वारा 15 दिन में सभी लंबित मांगें पूरी करने और मंगलवार तक एसीआर (ACR) सही करने का लिखित आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारियों ने शनिवार के चक्का जाम का फैसला वापस ले लिया। शनिवार को सभी बसें सुचारू रूप से चलेंगी, हालांकि मांगें पूरी होने तक बस स्टैंड पर शांतिपूर्ण धरना जारी रहेगा।

रोडवेज कर्मचारियों की ओर से प्रबंधन के सामने कई वर्षों से रुकी हुई समस्याओं को रखा गया था। इसमें मुख्य रूप से चालक-परिचालकों और वर्कशॉप स्टाफ की रुकी हुई प्रमोशन (पदोन्नति) को तुरंत करने, डिपो में नई बसों की संख्या बढ़ाने तथा वर्कशॉप में स्पेयर पार्ट्स की कमी को जल्द दूर करने की मांग शामिल थी। इसके अलावा कर्मचारियों के बकाया नाइट स्टे (रात्रि ठहराव भत्ता), ओवर टाइम, एलटीसी (LTC) और एसीपी (ACP) के पैसों का तुरंत भुगतान करने तथा ड्यूटी रोस्टर के आवंटन में पूरी पारदर्शिता लाने की मांग पर भी सहमति बनी। इस विवाद के चलते शुक्रवार को जिले के करीब 80 गांवों में रात्रि ठहराव (नाइट स्टे) करने वाली बसें डिपो से बाहर नहीं निकलीं, क्योंकि चालक-परिचालक काम छोड़ कर धरने पर बैठ गए थे।

CBSE री-इवैल्यूएशन: आवेदन का आज आखिरी दिन, अतिरिक्त सवालों के बेहतर अंकों से बढ़ा भ्रम

हिसार टाइम्स – सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम के बाद अब आंसर शीट के री-इवैल्यूएशन (पुनर्मूल्यांकन) और वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को लेकर छात्रों और अभिभावकों में असमंजस की स्थिति बन गई है। शनिवार, 6 जून को आवेदन करने का आखिरी दिन है, लेकिन कई जिलों के छात्र पोर्टल पर आ रही तकनीकी दिक्कतों और भुगतान अटकने की शिकायतें कर रहे हैं। इस बीच, उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी मिलने पर छात्रों में तब भ्रम फैल गया जब अलग-अलग प्रश्नों के अंक जोड़ने पर कुल प्राप्तांक मार्कशीट के अंकों से अधिक निकल रहे थे। सोशल मीडिया पर भी इसके स्क्रीनशॉट वायरल हुए, जिसके बाद छात्रों ने मूल्यांकन में गड़बड़ी के आरोप लगाए।

इस विवाद पर सीबीएसई ने आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी करते हुए बताया कि उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी में दिखने वाले सभी अंक कुल प्राप्तांक में नहीं जोड़े जाते हैं। बोर्ड के अनुसार, जिन प्रश्नों में इंटरनल चॉइस (आंतरिक विकल्प) होती है, यदि कोई छात्र निर्धारित से अधिक प्रश्न हल कर देता है, तो मूल्यांकन के दौरान उसके सभी उत्तरों की जांच की जाती है, लेकिन अंतिम परिणाम में केवल सबसे बेहतर अंक वाले उत्तर को ही शामिल किया जाता है। अन्य अतिरिक्त उत्तरों के सामने अंक तो दर्ज होते हैं, लेकिन उनके आगे एस्टरिस्क (*) का चिह्न लगा दिया जाता है, जो यह दर्शाता है कि ये अंक केवल मूल्यांकन रिकॉर्ड का हिस्सा हैं, अंतिम गणना का नहीं। छात्रों का कहना है कि यदि यह प्रक्रिया पहले स्पष्ट कर दी जाती, तो वे भ्रमित न होते।

कालीरावण में कार-टैक्टर की भिड़ंत, हादसे में युवक की मौत

हिसार टाइम्स – महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज अग्रोहा के समीप शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक युवक की मौत हो गई। पुलिस को दिए बयान में कालीरावण निवासी जयवीर ने बताया कि उसका 27 वर्षीय अविवाहित भाई रविदास शुक्रवार सुबह अपने दोस्त की कार लेकर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में दवाई लेने जा रहा था। जब वह मेडिकल कॉलेज के पास पहुंचा, तो सामने से आ रहे एक अज्ञात ट्रैक्टर ने कार को सीधी टक्कर मार दी। इस हादसे में रविदास गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राष्ट्रीय चैंपियनशिप में मन्नत को रजत पदक

हिसार/अहमदाबाद: अहमदाबाद स्थित विद्यापीठ विश्वविद्यालय में आयोजित 15वीं राष्ट्रीय बायथल/ट्रायथल मॉडर्न पेंटाफ्लॉन चैंपियनशिप 2026 में हिसार के जवाहर नगर निवासी मन्नत सैनी ने शानदार प्रदर्शन किया है। मन्नत ने अंडर-21 बायथल स्पर्धा में रजत पदक (Silver Medal) जीतकर जिले व प्रदेश का नाम रोशन किया है। मन्नत वर्तमान में हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, राई में बी.एस.सी. स्पोर्ट्स साइंस के दूसरे वर्ष के छात्र हैं। उनकी इस उपलब्धि पर हिसार डिस्ट्रिक्ट मॉडर्न पेंटाफ्लॉन एसोसिएशन के अध्यक्ष सचिन और महासचिव सतीश वर्मा ने बधाई देते हुए कहा कि वह भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

वर्ल्ड योगासन चैम्पियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे GJU के छात्र

हिसार: गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJU) के तीन विद्यार्थी और एक पूर्व विद्यार्थी प्रथम वर्ल्ड योगासन चैम्पियनशिप 2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। अहमदाबाद के एका एरिना बाय ट्रांसस्टेडिया में हो रही इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 78 से अधिक देशों की टीमें भाग ले रही हैं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने इसे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और योग के प्रति समर्पण का परिणाम बताया है। योग साइंस विभाग की अध्यक्षा प्रो. शबनम जोशी के अनुसार, जीजेयू से सुमित, मधु वर्मा और प्रवीन कुमार पाठक बतौर एथलीट शामिल हैं, जबकि विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा कोमल वर्मा इस वैश्विक प्रतियोगिता में सहायक कोच की भूमिका निभा रही हैं।

मौसम का हाल:

हिसार में दिन का अधिकतम तापमान 39.0°C और रात का न्यूनतम तापमान 25.8°C दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आज आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना जताई गई है।

◾रुपए में जोरदार उछाल, डॉलर के मुकाबले 81 पैसे मजबूत होकर 94.93 पर बंद

◾दुनिया भर में उथल-पुथल और युद्ध की चिंताओं के बावजूद, भारत की GDP ग्रोथ 7.7% की दर से बढ़ी

◾’कुछ लोग निराशावादी ही हैं, भारत को नीचा दिखाना चाहते हैं’, PM मोदी ने राहुल गांधी पर बोला हमला

◾कॉकरोच जनता पार्टी फाउंडर आज दिल्ली लौटेंगे: सरकार के खिलाफ जंतर-मंतर में प्रदर्शन करेंगे; दिल्ली पुलिस बोली हमसे परमीशन नहीं ली

◾DMK 8 जून को I.N.D.I.A. की बैठक शामिल नहीं होगी: उदयनिधि बोले- कांग्रेस ने धोखा दिया; 20 साल का गठबंधन तोड़कर TVK को समर्थन दिया

◾फायरिंग मामले में हो सकती है खान सर की गिरफ्तारी: पटना में कोचिंग के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा, पुलिस की अपील- बहकावे में ना आएं

◾हमारी जमीं, हमें दिखा रहे नाटक; PoK में चुनाव की पाकिस्तानी योजना पर भड़का भारत

◾ममता ने यूसुफ पठान से बहरामपुर से इस्तीफा देने को कहा, सांसद ने कर दिया मना

◾अराजकता- अनिश्चितता फैलाकर खुद के लिए अवसर तलाश रही है कांग्रेस, जनता की नाराजगी के कारण कर्नाटक में बदलना पड़ा मुख्यमंत्री: मोदी

◾Putin on India: ‘भारतीय दुनिया के सबसे प्रतिभाशाली लोगों में शामिल’, पुतिन बोले- भारत-रूस सहयोग और होगा मजबूत

◾तमिलनाडु में बीजेपी को फिर लगा झटका, अन्नामलाई के बाद उपाध्यक्ष और सचिव ने भी छोड़ी पार्टी

◾बीजेपी से MLC बनेंगे पवन सिंह, संजय मयूख फिर बने उम्मीदवार, BJP ने 4 नामों पर लगाई मुहर

◾राजस्थान में तूफान का कहर: कहीं मलबे में दबे मां-बेटे और दो भाई, तो कहीं उड़ती लोहे की चादर से कटी गर्दन; 5 की मौत

◾लखनऊ मेट्रो की ‘Mydidi’ सर्विस लॉन्च, Whatsapp से भी होगी बुकिंग, 13 जून तक बिल्कुल मुफ्त सफर

◾जयपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, 6 राज्यों में एटीएम बदलकर ठगी करने वाली ‘मेवात टारगेट गैंग’ का पर्दाफाश, 98 कार्ड बरामद

◾पंजाब और चंडीगढ़ में भूकंप के झटके: रात 10:04 बजे हिली धरती, लोग घरों से बाहर निकले

◾आशीष के चार गोल, पाकिस्तान को 5-3 से हराकर भारत फाइनल मे

===================================

====================================