दुष्यंत ने गठबंधन नहीं छोड़ा, उन्हें बाहर निकाला गया है।
नवीन जिंदल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कोयला चोर बताते थे, वह अब भाजपा वाशिंग मशीन में जाने के बाद कोहिनूर हो गया !
रणजीत सिंह हिसार में जमानत जब्त करा चुके, इस बार 40 हजार वोट भी नहीं मिलेंगे-अभय चौटाला !


हिसार। इनेलो के प्रदेश महासचिव अभय सिंह चौटाला ने कहा कि चौधरी रणजीत सिंह 1998 में हिसार से 85 हजार वोट लेकर जमानत जब्त करा चुके हैं। इस बार 40 हजार वोट भी नहीं मिलेंगे। भाजपा ने ईडी का डर दिखाकर कंपनियों से चंदा वसूला है। 400 पार का नारा देने वाली भाजपा 200 सीटें भी नहीं जीत पााएगी। जिस नवीन जिंदल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कोयला चोर बताते थे, वह अब भाजपा वाशिंग मशीन में जाने के बाद कोहिनूर हो गया है। कुरुक्षेत्र की जनता अब कोयले की राख बनाएगी।
हिसार में मीडिया से बातचीत करते हुए अभय ने कहा कि रणजीत सिंह ने 1989 में चौधरी देवीलाल की सरकार तोड़ने का प्रयास किया था। वे दिल्ली के होटल में एमएलए लेकर गए थे। अगर वे देवीलाल की नीतियों का अनुसरण करने वाले हैं तो उनके सक्रिय राजनीति में रहते हुए उन्हें छोड़कर क्यों गए? इनेलो सभी 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। प्रत्याशी तय करने के लिए सभी लोकसभा क्षेत्र से फीडबैक और लोगों के नामांकन ले रहे हैं। प्रत्याशियों की शॉर्ट लिस्ट तैयार कर छह अप्रैल को चौधरी देवीलाल की पुण्यतिथि मनाने के बाद चौधरी ओमप्रकाश चौटाला को सौंपेंगे। प्रत्याशियों को लेकर अंतिम फैसला वही लेंगे।

जजपा लूट व झूठ की दुकान, चुनाव में जनता बंद करेगी
उन्होंने कहा कि जजपा लूट व झूठ की दुकान थी। इस चुनाव में जनता इसे बंद करेगी। दुष्यंत ने गठबंधन नहीं छोड़ा, उन्हें बाहर निकाला गया है। अजय चौटाला ने दादरी में पिछले दिनों कहा था कि भाजपा बुलाएगी तो फिर जाएंगे। यह लोग भाजपा के इशारे पर ही काम करते हैं।


