हिसार,तोशाम रोड पर निजी अस्पताल के पास शनिवार सुबह बाइक सवार दो भाईयो को सामने चल रही कार ने अचानक कट मार दिया। जिस कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पीछे से आ रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार लाडवा निवासी संजीव और उसका बड़ा भाई मंजीत दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों भाई ऑटो मार्केट में इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे. जख्मी हालत में दोनों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने 26 वर्षीय संजीव को मृत घोषित कर दिया। मंजीत का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।


घटना का पता चलने पर आजाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का नागरिक अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार लाडवा निवासी संजीव और उसका बड़ा भाई मंजीत दोनों हर रोज की तरह बाइक पर सवार होकर गांव से ऑटो मार्केट आ रहे थे। जब वे तोशाम मार्ग पर निजी अस्पताल के पास पहुंचे तो सामने चल रही कार ने अचानक कट मार दिया। जिस कारण बाइक चला रहे संजीव का संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान पीछे से आ रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों भाई सड़क पर जा गिरे और सिर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। अगर संजीव ने हेलमेट पहना होता तो कुछ बचाव हो सकता था।

कार सवार दोनों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर आया। जहां चिकित्सकाें ने संजीव को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना का पता चलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। घायल मंजीत को निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले गए। मंजीत की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है। मृतक संजीव अविवाहित था। आजाद नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।