हिसार टाइम्स – हिसार के विद्युत नगर स्थित दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड (DHBVN) सीनियर सिटीजन क्लब के सदस्यों के लिए सोमवार को एक विशेष कैंसर जागरूकता स्वास्थ्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन विद्युत नगर कम्युनिटी सेंटर में किया गया, जहां सर्वेश हेल्थ सिटी की ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. रितु डोगरा ने कैंसर के विषय में विस्तृत जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में 100 से अधिक सीनियर सिटीजन सदस्यों ने भाग लिया।
डॉ. डोगरा ने अपने संबोधन में कैंसर के शुरुआती लक्षण, बचाव, जांच की विधियां तथा समय पर उपचार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कैंसर का शीघ्र निदान ही सबसे प्रभावी बचाव है। उनके विचारों को सभी उपस्थित सदस्यों ने अत्यंत रुचि और गंभीरता से सुना। प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं, जिनका डॉ. डोगरा ने सहज और सरल भाषा में समाधान किया।

कार्यक्रम के समापन पर क्लब अध्यक्ष श्री बी.एस. बूरा और सेक्रेटरी श्री विनोद शर्मा ने डॉ. रितु डोगरा, सर्वेश हेल्थ सिटी के मैनेजर पुनीत वधवा तथा आयोजन टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य हित में इस प्रकार के कार्यक्रम समय-समय पर होते रहना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें सही समय पर आवश्यक जांच व उपचार हेतु प्रेरित करना रहा।
