नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट…
For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group
https://chat.whatsapp.com/

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖
◾ देश की सुरक्षा में सेंध: अम्बाला नेशनल हाईवे पर जासूसी कैमरों का जाल, पंजाब कनेक्शन आया सामने
अम्बाला में नेशनल हाईवे-44 और 152 पर देवी नगर के पास दो अति-आधुनिक संदिग्ध सीसीटीवी कैमरे मिलने से हड़कंप मच गया है। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ जब एक सड़क दुर्घटना की जांच के दौरान एएसआई रविश कुमार की नजर इन कैमरों पर पड़ी। जांच में चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि एनएचएआई (NHAI) या किसी भी टोल प्रबंधन विभाग ने इन कैमरों को लगाने की पुष्टि नहीं की है।

ये कैमरे लकड़ी के खंभों के सहारे सोलर प्लेट्स के जरिए संचालित हो रहे थे, जिनमें से एक में पंजाब का सिम कार्ड बरामद हुआ है। पुलिस को संदेह है कि इन कैमरों के जरिए जनवरी माह से ही हाईवे की गतिविधियों की जासूसी की जा रही थी। एसपी अजीत सिंह शेखावत के अनुसार, पंजाब पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ये कैमरे उन्हीं संदिग्धों द्वारा लगाए गए हैं जो हाल ही में दिल्ली और गाजियाबाद में पकड़े गए थे। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 (देश की अखंडता को खतरा) के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

कुरुक्षेत्र एनआईटी में ‘मौत का सिलसिला’: 9 साल में 10 छात्रों ने दी जान, प्रबंधन के क्रूर रवैये पर फूटा गुस्सा

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) कुरुक्षेत्र इन दिनों पढ़ाई के बजाय छात्रों की आत्महत्याओं को लेकर चर्चा में है। पिछले 9 वर्षों में यहाँ 10 छात्र अपनी जीवनलीला समाप्त कर चुके हैं, जिनमें से 4 मामले तो पिछले मात्र दो महीनों के भीतर ही सामने आए हैं। छात्रों का आरोप है कि संस्थान का प्रबंधन और कुछ शिक्षक बेहद संवेदनहीन हैं। छात्रों ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि शिक्षक जानबूझकर उन्हें ‘री-अपीयर’ (फेल) देते हैं जिससे वे भारी तनाव में आ जाते हैं।

गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक चले भारी प्रदर्शन में छात्रों ने मांग की कि मृत छात्रा दीक्षा के मामले में न्याय दिया जाए। छात्रों का दावा है कि शिकायत पेटिका न होने के कारण वे अपनी बात नहीं रख पाते और जो विरोध करता है उसे बाहर करने की धमकी दी जाती है। तनाव बढ़ता देख प्रशासन ने 4 मई तक संस्थान बंद कर छात्रों को घर भेज दिया है, जबकि कार्यकारी निदेशक डॉ. ब्रह्मजीत सिंह इन आरोपों को सिरे से नकार रहे हैं।

आईडीएफसी बैंक 590 करोड़ घोटाला: सीबीआई ने रिभव ऋषि समेत 6 को दबोचा, मास्टरमाइंड की तलाश में छापेमारी

सीबीआई (CBI) ने आईडीएफसी बैंक के 590 करोड़ रुपये के गबन मामले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को प्रोडक्शन रिमांड पर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रिभव ऋषि (पंचकूला), अभय कुमार (मोहाली), स्वाति, अभिषेक सिंगला, नरेश कुमार और मनीष जिंदल शामिल हैं।

सीबीआई ने कोर्ट में दलील दी कि इन आरोपियों ने मिलकर बेहद शातिराना तरीके से फर्जी दस्तावेजों का जाल बुना और कई शेल (फर्जी) कंपनियां बनाकर बैंक के करोड़ों रुपये डकार लिए। जांच एजेंसी का मानना है कि इन 6 आरोपियों से पूछताछ के बाद इस महाघोटाले के असली मास्टरमाइंड तक पहुँचा जा सकेगा। कोर्ट ने आरोपियों को 2 दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया है और सोमवार को इन्हें दोबारा पेश किया जाएगा।

ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी के पास अवैध नाइट क्लबों पर महिला आयोग का छापा, सूचना लीक होने से भड़कीं चेयरपर्सन

सोनीपत में ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी के ठीक सामने संचालित हो रहे नाइट क्लबों में चल रही संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत पर हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने पुलिस के साथ रात में छापेमारी की। रेणु भाटिया सादे कपड़ों में वहां पहुँची थीं ताकि जमीनी हकीकत जान सकें। शिकायत थी कि इन क्लबों में नशे का कारोबार और अवैध तरीके से शराब परोसी जा रही है। छापेमारी के दौरान कई क्लब बंद पाए गए,

जिससे चेयरपर्सन ने नाराजगी जाहिर करते हुए विभागीय अधिकारियों पर ‘सूचना लीक’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले इन क्लबों के पास लाइसेंस तक नहीं हैं। चेयरपर्सन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे भविष्य में बिना बताए दोबारा जांच करेंगी, चाहे उन्हें अकेले ही क्यों न आना पड़े।
राजस्थान में तैनात भिवानी के फौजी की संदिग्ध मौत: युवती के साथ पेड़ पर झूलता मिला शव, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

भिवानी के चांग गांव निवासी 32 वर्षीय सेना जवान सुनील का शव राजस्थान के झुंझुनूं जिले के भौड़की गांव में एक युवती के साथ पेड़ से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। सुनील यूपी के प्रयागराज में आर्मी कोर ऑफ सिग्नल बटालियन में तैनात थे और हाल ही में उनका तबादला राजौरी हुआ था। सुनील शादीशुदा थे और उनके दो छोटे बच्चे हैं।

पुलिस का कहना है कि दोनों ने पहले सल्फास की गोलियां खाईं और फिर फांसी लगा ली, लेकिन सुनील के भाई जितेंद्र ने इस थ्योरी पर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि अगर उन्होंने जहर खाया था तो फिर फांसी लगाने की क्या जरूरत थी? परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या करार देते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। सुनील का अंतिम संस्कार उनके गांव में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया।

सोनीपत फार्म हाउस सुसाइड मिस्ट्री: संचालक और महिला की फंदे पर मिली लाश, शराब और सिगरेट बरामद

सोनीपत के राठधना रोड स्थित मुनमुन फार्म हाउस में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। फार्म हाउस के संचालक 45 वर्षीय सुमेश स्वामी और वहां कैटरिंग का काम करने वाली 37 वर्षीय महिला दिलशान के शव एक ही चुन्नी के सहारे पाइप से लटके मिले। घटना का पता तब चला जब सुमेश के बेटे मोहित ने फोन न उठाने पर फार्म हाउस पहुँचकर देखा। मौके से पुलिस को शराब की बोतलें और सिगरेट मिली हैं।

मृतका दिलशान के चार बच्चे हैं और उसका पति भी उसी फार्म हाउस में काम करता था, जो घटना के बाद से गायब बताया जा रहा है। दिलशान की बहन जरीना ने आरोप लगाया है कि शवों का चेहरा नीला पड़ना साजिश की ओर इशारा करता है और यह सुसाइड नहीं बल्कि हत्या है। एसीपी मलकीत के अनुसार प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है।
हरको बैंक के 550 करोड़ का रहस्य: डि-इम्पैनल होने के बाद भी निजी बैंकों में क्यों पड़ा रहा जनता का पैसा?
हरियाणा के हरको बैंक (HARCO Bank) को लेकर एक बड़ी वित्तीय अनियमितता सामने आई है। सरकार ने 18 फरवरी को आईडीएफसी और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक को डि-इम्पैनल (सूची से बाहर) कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद बैंक के 550 करोड़ रुपये मार्च तक इन्हीं निजी बैंकों में जमा रहे। नियमों के मुताबिक डि-इम्पैनल होते ही फंड निकाल लेना चाहिए था, लेकिन बैंक के एमडी प्रफूल रंजन ने मैच्योरिटी का हवाला देकर फंड्स को वहीं रहने दिया। सीबीआई अब इस तकनीकी खामी और इसके पीछे की मंशा की जांच कर रही है कि आखिर किसके इशारे पर और क्यों करोड़ों की राशि असुरक्षित तरीके से निजी हाथों में रहने दी गई।

बेंगलुरु में H5N1 बर्ड फ्लू का तांडव: 10 लोग क्वारंटीन, हजारों पक्षियों और अंडों को किया गया नष्ट

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के हेसरघट्टा इलाके में ‘बर्ड फ्लू’ (H5N1) के खतरनाक वायरस की पुष्टि होने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। मथकुरु गांव को संक्रमण का केंद्र मानते हुए प्रशासन ने 3 किलोमीटर के दायरे को पूरी तरह सील कर दिया है और 10 किलोमीटर तक के इलाके को निगरानी जोन घोषित किया है। वायरस के प्रसार को रोकने के लिए विभाग ने अब तक 7,444 पक्षियों और 14,788 अंडों को वैज्ञानिक तरीके से नष्ट कर दिया है। इस अभियान में शामिल और पक्षियों के संपर्क में आए 10 लोगों को तत्काल प्रभाव से क्वारंटीन कर दिया गया है ताकि इंसानों में इस वायरस के फैलने की संभावना को खत्म किया जा सके।

आसाराम बापू को तगड़ा झटका: गुजरात हाई कोर्ट ने दी आश्रम की 45 हजार वर्गमीटर जमीन अधिग्रहित करने की मंजूरी

अहमदाबाद में साबरमती तट पर स्थित आसाराम बापू के मोटेरा आश्रम की जमीन को लेकर गुजरात हाई कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। कोर्ट ने आसाराम ट्रस्ट की सभी आपत्तियों और याचिकाओं को खारिज करते हुए सरकार को 45 हजार वर्गमीटर जमीन अधिग्रहित करने की अनुमति दे दी है। इस बेशकीमती जमीन का उपयोग अब ‘2030 कॉमनवेल्थ गेम्स’ की मेजबानी के लिए सरदार पटेल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के विस्तार में किया जाएगा। कोर्ट ने ट्रस्ट पर लगे आरोपों को गंभीर मानते हुए जनहित को प्राथमिकता दी है, जिससे अब आश्रम के इस बड़े हिस्से पर खेल परिसर का निर्माण शुरू हो सकेगा।

भड़काऊ गायकी पर नकेल: मेवाती सिंगर असलम गिरफ्तार, गानों में हथियारों और गुंडागर्दी को बढ़ावा देने का आरोप

नूंह पुलिस ने सोशल मीडिया पर हिंसक और आपत्तिजनक कंटेंट फैलाने के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मेवाती सिंगर असलम को गिरफ्तार कर लिया है। असलम पर आरोप है कि उसने अपने गानों और वीडियो में अवैध हथियारों का प्रदर्शन किया और रंगदारी व धमकी जैसी आपराधिक गतिविधियों का महिमामंडन किया। पुलिस के मुताबिक, असलम का यह कंटेंट समाज में भय पैदा करने और युवाओं को अपराध की दुनिया की ओर आकर्षित करने का काम कर रहा था। पुलिस अब असलम के पूरे नेटवर्क और उसके गानों को प्रमोट करने वाले यूट्यूब चैनलों की कुंडली खंगाल रही है।

विवादित सिंगर मासूम शर्मा का पलटवार: ‘मैं गालियों से नहीं अपनी मेहनत से हिट हुआ’, उत्तराखंड मामले पर मांगी माफी

अक्सर विवादों में रहने वाले हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी छवि को लेकर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि लोग गलत आरोप लगाते हैं कि वे गालियों के सहारे प्रसिद्ध हुए हैं, जबकि उनके गीतों की लोकप्रियता उनकी मेहनत का नतीजा है। देहरादून विवाद के बाद महिला आयोग द्वारा भेजे गए नोटिस पर उन्होंने कहा कि कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए जवाब दे दिया गया है। मासूम ने भावुक होते हुए उत्तराखंड के लोगों से अपने पिछले बयानों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और भविष्य में शालीनता बनाए रखने का वादा किया।



====================================

===================================




















