नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट

For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group

👇

https://chat.whatsapp.com/

EHzVoGH50MdINoYniG4crH

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖


विश्वास जीतकर विश्वासघात: पहले कैश में किया लेनदेन, फिर लाखों का माल लेकर दुकानदार फरार

हिसार टाइम्स – हिसार के डोगरान मोहल्ले में एक शातिर ठग द्वारा स्थानीय होलसेलरों को अपना शिकार बनाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने बेहद योजनाबद्ध तरीके से व्यापारियों का भरोसा जीता और फिर लाखों रुपए का चूना लगाकर रफूचक्कर हो गया।

भरोसा जीतने के लिए अपनाई शातिर चाल

पीड़ित दुकानदारों ने बताया कि आरोपी ने केवल 4-5 दिन पहले ही युवक ने आशीष ट्रेडर्स के नाम से दुकान खोली थी। शुरुआत के पहले दो दिन उसने जो भी माल मंगवाया, उसकी नकद अदायगी की। उसने व्यापारियों से कहा कि “आप माल दुकान पर भेज दो, मैं तुरंत पेमेंट कर दूंगा” और उसने समय पर भुगतान कर सबका विश्वास जीत लिया।

‘भाई पेमेंट कर देगा’ कहकर की ठगी

कल जब उसने दोबारा माल मंगवाया, तो व्यापारियों को उस पर शक नहीं हुआ। माल दुकान पर उतरते ही जब पेमेंट मांगी गई, तो उसने बहाना बनाते हुए कहा कि “मेरा भाई बाहर गया हुआ है, उसके आते ही मैं आपकी पेमेंट करवा दूंगा।” व्यापारियों ने उसके पुराने लेनदेन को देखते हुए भरोसा कर लिया। लेकिन शाम 6:00 बजे के बाद जब दुकानदार अपनी पेमेंट लेने पहुँचे, तो दुकान बंद मिली और आरोपी का फोन भी बंद आने लगा।

मेयर गौतम सरदाना के साथ थाने पहुँचे पीड़ित

ठगी का अहसास होते ही सभी पीड़ित दुकानदार इकट्ठा हुए और पुलिस थाने पहुँच गए। इस मौके पर व्यापारियों की समस्या सुनकर पूर्व मेयर गौतम सरदाना भी उनके समर्थन में पुलिस थाने पहुँचे। पूर्व मेयर की मौजूदगी में दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनका माल और मेहनत की कमाई वापस दिलवाई जाए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है।

एचएयू कैंपस में स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार घायल

हिसार के एचएयू परिसर में गेट नंबर-4 के पास एक तेज रफ्तार काली स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी । टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक गाड़ी के नीचे फंस गई । सुरक्षा गार्डों और स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया । पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है ।

आरडी सिटी सेंटर विवाद: हाईकोर्ट ने दिया हियरिंग का मौका

हिसार के आरडी सिटी सेंटर बिल्डिंग को सील करने के मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने नया आदेश जारी किया है । कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रतिकूल आदेश से पहले प्रभावित पक्ष (दुकानदारों) को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर दिया जाना चाहिए । गौरतलब है कि बिल्डिंग निर्माण में नियमों के उल्लंघन (बायलेशन) के चलते निगम ने इसे सील करने का नोटिस दिया था, जिसका 200 से अधिक दुकानदारों ने कड़ा विरोध किया था । इस मामले में अब शुक्रवार को अगली सुनवाई होगी, जिसमें निगम कमिश्नर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होना है ।

अग्रोहा में तीन अवैध कॉलोनियों पर चला पीला पंजा

अग्रोहा में डीटीपी विभाग ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है । ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से तीन अवैध कॉलोनियों में बनी सड़कों और अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया । विभाग का कहना है कि नोटिस दिए जाने के बावजूद भू-स्वामियों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया था ।

मेयर की जेई और लीगल एडवाइजर के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश

हिसार नगर निगम के मेयर ने निगम की बिल्डिंग ब्रांच और आईटी सेल में कार्यरत एक जेई (JE) और लीगल एडवाइजर (LA) के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए कमिश्नर को पत्र लिखा है । मेयर के अनुसार, जेई ने कई महत्वपूर्ण फाइलें लंबे समय से लंबित रखी हुई थीं, जबकि लीगल एडवाइजर के खिलाफ एक कन्वेंस डीड की फाइल के सत्यापन में गड़बड़ी और खराब व्यवहार की बार-बार शिकायतें मिल रही थीं ।

आकाश एयर डिफेंस सिस्टम के जनक डॉ. प्रहलाद रामाराव आज जीजेयू में

हिसार के गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) में 24-25 अप्रैल को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संगोष्ठी तथा अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है । इस कार्यक्रम के उद्‌घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ‘आकाश एयर डिफेंस सिस्टम’ के जनक डॉ. प्रहलाद रामाराव शिरकत करेंगे । गौरतलब है कि आकाश डिफेंस सिस्टम ने भारतीय हवाई सुरक्षा को एक अभेद्य कवच प्रदान किया है । सम्मेलन के समापन समारोह में हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार मुख्य अतिथि होंगे, जबकि कार्यक्रम के संरक्षक जीजेयू के कुलपति प्रो. नरसी राम विश्नोई हैं ।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 30 अप्रैल को करेंगे महाबलिदान स्मृति शिल्प का लोकार्पण

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 30 अप्रैल को जीजेयू परिसर का दौरा करेंगे । इस दौरान वे विश्वविद्यालय में स्थापित ‘खेजड़ली महाबलिदान स्मृति शिल्प’ एवं माता अमृता देवी सर्कल का लोकार्पण करेंगे । यह स्मारक सन 1730 में पेड़ों को बचाने के लिए जान देने वाले 363 बिश्नोईयों के सम्मान में बनाया गया है । इसके साथ ही मुख्यमंत्री विवि परिसर में 140 कमरों के नए महिला छात्रावास और नए नर्सिंग ब्लॉक का शिलान्यास भी करेंगे ।

महिला की हत्या के दोषी पवन को उम्रकैद और 4 लाख जुर्माना

हांसी में वर्ष 2012 में हुई रोशनी नामक महिला की हत्या के मामले में अदालत ने दोषी पवन को उम्रकैद की सजा सुनाई है । एएसजे सौरभ खत्री की अदालत ने दोषी पर 4 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है । पवन इस मामले में करीब 10 साल तक फरार रहा था और वर्ष 2021 में उसे गिरफ्तार किया गया था । इस मामले में तीन अन्य दोषियों को पहले ही सजा मिल चुकी है ।

निजी स्कूलों द्वारा डेटा अपडेट न करने पर शिक्षा विभाग सख्त

शैक्षणिक सत्र 2026-27 शुरू होने के बावजूद कई निजी स्कूलों ने अपना छात्र नामांकन डेटा एमआईएस पोर्टल पर अपडेट नहीं किया है, जिससे पोर्टल पर ‘जीरो दाखिले’ दिख रहे हैं । शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए जिला और ब्लॉक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे स्कूलों से समन्वय कर तुरंत डेटा अपडेट करवाएं । डेटा की कमी से शिक्षा योजनाओं की मॉनिटरिंग और बजट आवंटन प्रभावित हो रहा है ।

हिसार में इलेक्ट्रिक बस डिपो का निर्माण कार्य शुरू

हिसार बस स्टैंड स्थित कार्यशाला में इलेक्ट्रिक बस डिपो बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है । इसके लिए कंडम बसों को शिफ्ट किया जा रहा है और अगले 2-3 दिनों में दो मंजिला भवन की फाउंडेशन का काम शुरू होगा । इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 14.25 करोड़ रुपये है, जिसमें 10 चार्जर, आधुनिक वर्कशॉप और स्टाफ के लिए रेस्ट रूम जैसी सुविधाएं होंगी ।

नगर निगम की सख्ती: स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर 11 चालान

नगर निगमायुक्त नीरज के निर्देश पर शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए निगम की टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं । इसी अभियान के तहत एएसआई विजेता ने रामपुरा मोहल्ला में पाँच घरों और एक पीजी द्वारा कचरा सेग्रीगेशन (गीला-सूखा कचरा अलग) न करने पर उनके चालान काटे । इसके अलावा बैंस चौक और मॉडल टाउन क्षेत्र में भी कचरा प्रबंधन के नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की गई ।

सीढ़ी से गिरकर प्लम्बर की मौत

सुल्हनी गांव धिकताना में एक दुखद हादसे में 28 वर्षीय प्लम्बर मनप्रीत की जान चली गई । बुधवार शाम एक मकान में काम करते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सीढ़ी से नीचे गिर गया । गिरते वक्त उसके हाथ में कांच लग गया, जिससे गहरा घाव हुआ और अत्यधिक खून बहने लगा । निजी अस्पताल में उपचार के दौरान गुरुवार सुबह उसने दम तोड़ दिया ।

गन्ने से भरा ट्रक पलटा, नेशनल हाईवे पर लगा जाम

हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर एयरपोर्ट चौक के पास गुरुवार सुबह करीब 9 बजे गन्ने से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया । हादसे के कारण ट्रक का सारा गन्ना सड़क की एक लेन पर बिखर गया, जिससे यातायात बाधित हुआ और लंबा जाम लग गया । ट्रक चालक को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला और वाहनों की आवाजाही सुचारू कराई ।

खेत में आग लगने से एक एकड़ फसल राख

हिसार-दिल्ली बाईपास पर रायपुर रोड स्थित बिजलीघर के पास देर रात खेत में भीषण आग लग गई । किसान भीमसेन सैनी के खेत में गेहूं के फानों में अचानक लगी आग ने करीब एक एकड़ के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया । इस आग में खेत में खड़ा एक ट्रैक्टर भी झुलस गया और उसकी छतरी पूरी तरह जल गई । शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है ।

हिसार-राजगढ़ रोड पर धूल से लोग बेहाल

हिसार के राजगढ़ रोड पर सड़क की खुदाई के कारण क्षेत्र में लगातार धूल उड़ रही है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर पानी का छिड़काव नहीं किया जाता है, जिससे वातावरण प्रदूषित हो रहा है । जिला पार्षद प्रतिनिधि मनोज रावा ने प्रशासन से मांग की है कि यहां उड़ती धूल को रोकने के लिए जल्द से जल्द पानी के छिड़काव की व्यवस्था की जाए ।

खेल विभाग के फटे गद्दों पर अभ्यास करने को मजबूर खिलाड़ी

खेल विभाग की ओर से खिलाड़ियों को उपलब्ध कराए गए गद्दे पूरी तरह से पुराने होकर जगह-जगह से फट चुके हैं । इसके बावजूद विभाग की ओर से नए गद्दों की मांग नहीं भेजी जा रही है । खिलाड़ियों का कहना है कि इन फटे हुए गद्दों पर अभ्यास करने से चोट लगने का गंभीर खतरा बना रहता है, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है ।

अतिक्रमण हटाओ अभियान: सामान जब्त करने की चेतावनी

नगर निगम द्वारा हिसार शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत गुरुवार को दिल्ली रोड, तलाकी गेट, ऋषि नगर और बस स्टैंड से लेकर सिरसा रोड चुंगी तक अतिक्रमण हटाया गया । राजगुरु मार्केट में कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों का सामान बरामदों में रखा मिला, जिसे टीम ने हटवा दिया । निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दोबारा बरामदों में सामान रखा पाया गया तो उसे तुरंत जब्त कर लिया जाएगा ।

पिता की हत्या के मामले में बेटा संदीप दोषी करार

अदालत ने सातरोड कलां में अपने ही पिता वजीर की हत्या करने वाले आरोपी बेटे संदीप को दोषी करार दिया है । अभियोग के अनुसार, 9 जून 2021 को संदीप ने शराब के नशे में अपने पिता के साथ झगड़ा किया और उनकी हत्या कर दी । सेशन जज अंतिका मलिक ने संदीप को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाने के लिए 28 अप्रैल की तारीख मुकर्रर की है ।

====================================

===================================

Oplus_16908288