नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट

For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group

👇

https://chat.whatsapp.com/

EHzVoGH50MdINoYniG4crH

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖

हिसार टाइम्स – हिसार से सोशल मीडिया चैनल BBN संचालित करने वाले विपिन खुराना को फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग करने, “रिफ्यूजी” व “पाकिस्तानी” कहकर अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया है।
विपिन खुराना की शिकायत पर एचटीएम थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(2), 296, 351(3) और 356(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


बताया जा रहा है कि मंगलवार को शहर के कई प्रमुख नागरिक विपिन खुराना के साथ हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन से मिले थे। उन्होंने पूरे मामले से अवगत कराते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिया था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए केस दर्ज कर लिया। अब पुलिस संबंधित मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच कर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बुलडोजर के सामने खड़ी हो गई महिला भारी हंगामा !

हिसार टाइम्स – शहर में बुधवार को बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, जिसके तहत नगर निगम व एचएसवीपी की टीमों ने अलग-अलग इलाकों में अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया. इस कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अमले को जनता के भारी विरोध और तीखी नोकझोंक का सामना करना पड़ा. कई स्थानों पर महिलाएं सीधे सरकारी बुलडोजर के आगे आकर खड़ी हो गईं, जिसके कारण स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई. हंगामे और बढ़ते विरोध को देखते हुए अधिकारियों ने मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की और भारी सुरक्षा के बीच अवैध निर्माणों को ढहा दिया. इस दौरान नगर निगम की टीम ने दुकानों के बाहर सड़क पर रखा अवैध सामान भी जब्त किया. प्रशासन की ओर से पूरी कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीओ विजय कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था.

हाउसिंग बोर्ड में कदम-कदम पर मिला अवैध निर्माण

एचएसवीपी की टीम ने बुधवार सुबह सबसे पहले सेक्टर-14 पार्ट-2 से अपने तोड़फोड़ अभियान की शुरुआत की, जो देर शाम तक जारी रहा. इसके बाद प्रशासनिक दस्ता हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में दाखिल हुआ, जहां सड़क के दोनों ओर कदम-कदम पर अतिक्रमण पाया गया. टीम ने कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे बने अवैध रैंप, पक्के चबूतरे और अस्थायी ढांचों को जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया. इसी दौरान एक महिला अचानक बुलडोजर के सामने आकर खड़ी हो गई और काम रोक दिया. स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद एसडीओ रामप्रसाद ने तुरंत डीएसपी को फोन मिलाया और अतिरिक्त महिला पुलिस बल भेजने की मांग की. इस पूरी कार्रवाई के दौरान टीम में मुख्य रूप से जेई छत्तरपाल और संदीप बेदी सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे.

राजगुरु मार्केट और जिंदल चौक के बरामदों से हटवाया सामान

नगर निगम की टीम ने सबसे पहले रेलवे स्टेशन रोड से मोर्चा संभालते हुए सड़क पर फैले अतिक्रमण को साफ किया. इसके बाद टीम सीधे शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र राजगुरु मार्केट में दाखिल हुई. यहां जिंदल चौक पर दुकानदारों ने दुकानों के बाहर बने बरामदों में अपना सामान फैला रखा था, जिससे राहगीरों का निकलना मुश्किल हो रहा था. टीम ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी बरामदों को पूरी तरह खाली करवा दिया. इसके तुरंत बाद टीम ने जिंदल अस्पताल रोड पर रुख किया और पूर्णिमा पार्क के पास अवैध रूप से किए गए कब्जों को बलपूर्वक हटा दिया.

सीएम विंडो की शिकायतों पर मिलगेट और टिब्बा दानाशेर में कड़ा एक्शन

शहर के अन्य हिस्सों में भी निगम की पीली गाड़ियां जमकर गरजीं. राजगढ़ रोड पर जेल के पास अवैध रूप से लगाए गए खोखों के मालिकों को टीम ने सख्त चेतावनी देते हुए उन्हें तुरंत हटाने के निर्देश जारी किए. वहीं दूसरी ओर, मिलगेट की गली नंबर-6 और टिब्बा दानाशेर की गली नंबर-6 में सीएम विंडो पर लंबे समय से अवैध कब्जों की शिकायतें मिल रही थीं. इन शिकायतों का मौके पर ही निपटारा करते हुए टीम ने गलियों के भीतर किए गए सभी अवैध कब्जों को पूरी तरह साफ कर दिया. इसके अलावा नई सब्जी मंडी के सामने मिलगेट रोड, मुख्य पोस्ट ऑफिस के सामने और पारिजात चौक पर दुकानों के बाहर सड़क तक फैले सामान को जब्त किया गया तथा जवाहर नगर गली नंबर-11 से एक अवैध रेहड़ी भी कब्जे में ली गई.

स्नैपचैट पर सेना का जवान बन छात्र से 78 हजार रुपये की ठगी

मनी डबलिंग के नाम पर ट्रांसफर करवाए पैसे, जांच में खुला अंतरराज्यीय सिंडिकेट

हिसार टाइम्स – सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट के जरिए खुद को भारतीय सेना का जवान बताकर एक छात्र से 78 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने का एक गंभीर मामला सामने आया है. शातिर ठग ने पीड़ित को सेना की वर्दी वाली तस्वीरें भेजकर पहले उसका भरोसा जीता और फिर महज 24 घंटे में पैसा डबल करने वाली एक फर्जी स्कीम में निवेश करने का झांसा दिया. छात्र की शिकायत मिलने के बाद हिसार के साइबर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी है. पीड़ित छात्र रवीन्द्र मूल रूप से राजस्थान के चूरू जिले का रहने वाला है और फिलहाल हिसार के शिव नगर में किराए पर रहकर गंगा सिंह यूनिवर्सिटी, बीकानेर से दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से पढ़ाई कर रहा है.

रवीन्द्र के मुताबिक, 21 मई को उसके स्नैपचैट अकाउंट पर संदीप कुमार नाम के एक व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी, जिसने खुद को सेना का जवान बताकर उसे पैसे दोगुने करने का लालच दिया. रवीन्द्र ने उसके झांसे में आकर अपने बैंक खाते से जुड़े फोनपे के माध्यम से कुल 78 हजार रुपये आरोपी के बताए एक्सिस बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए. अगले दिन जब रकम वापस नहीं आई, तो रवीन्द्र ने अपना स्नैपचैट खोला, जहां आरोपी ने उसका अकाउंट ब्लॉक कर दिया था और सारी चैट भी डिलीट कर दी थी. परिजनों की पड़ताल में सामने आया कि आरोपी संदीप कुमार भिवानी के लोहारू का रहने वाला है, जबकि उसका बैंक खाता फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हिमाचल प्रदेश के पते से खुलवाया गया था. पुलिस जांच में यह भी साफ हुआ है कि यह किसी एक ठग का काम नहीं है, बल्कि यह एक बड़ा अंतरराज्यीय सिंडिकेट है जो देश-विदेश के साइबर अपराधियों से जुड़ा है. पैसे ट्रांसफर होते ही रकम को तुरंत लोकल स्तर पर मनोज कुमारी, तनुज शर्मा, कुमावत जनरल स्टोर और जय प्रकाश नामक व्यक्तियों के अलग-अलग बैंक खातों में बांट दिया गया था.

वक्फ बोर्ड में लाखों रुपये के गबन का आरोपी 34 साल बाद मेवात से गिरफ्तार

अदालत ने 1992 में घोषित किया था भगोड़ा, पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल

हिसार टाइम्स – हिसार पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने तीन दशक से भी पुराने एक हाई-प्रोफाइल मामले में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने मेवात (नूंह) से एक ऐसे शातिर भगोड़े अपराधी को दबोचा है, जो पिछले 34 साल से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था. पकड़ा गया आरोपी साल 1984 में हिसार वक्फ बोर्ड में बतौर सरकारी कर्मचारी तैनात था और उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए सरकारी खजाने से लाखों रुपये की राशि का गबन किया था. मामला दर्ज होने के बाद से ही वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और वर्तमान में नूंह के एक गांव में अपनी असली पहचान छिपाकर खेती बाड़ी कर रहा था.

एंटी नारकोटिक सेल के प्रभारी उप निरीक्षक इन्द्र सिंह गौदारा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान मोहम्मद इलियास (निवासी गांव जोगीपुर, जिला नूंह) के रूप में हुई है. वर्ष 1984 में गबन की इस वारदात के बाद 15 मार्च 1984 को थाना शहर हिसार में आरोपी के खिलाफ धारा 406 (अमानत में खयानत) और 409 (सरकारी कर्मचारी द्वारा विश्वासघात) के तहत अभियोग संख्या 255 दर्ज किया गया था. आरोपी के हाथ न आने पर अदालत ने 11 नवंबर 1992 को उसे भगोड़ा अपराधी (पीओ) घोषित कर दिया था. सेल की टीम जब पुराने भगोड़ों का रिकॉर्ड खंगाल रही थी, तब उन्हें गुप्त सूचना और तकनीकी सहायता से इसके नूंह में छिपे होने का इनपुट मिला, जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर इसे दबोच लिया. इस कामयाबी पर हिसार के पुलिस अधीक्षक ने टीम की पीठ थपथपाई है.

अर्बन एस्टेट-2 में जर्जर पेयजल पाइपलाइन को बदलने का काम शुरू

नई पाइपलाइन से सैकड़ों परिवारों को मिलेगा शुद्ध और स्वच्छ पानी

हिसार टाइम्स – हिसार के अर्बन एस्टेट-2 क्षेत्र में विश्वास स्कूल से लेकर एन.वाई.पी.एस. स्कूल तक एक नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने के कार्य का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है. यह पूरी परियोजना स्थानीय विधायक सावित्री जिंदल के कुशल मार्गदर्शन और महापौर प्रवीण पोपली के विशेष सहयोग से आगे बढ़ी है. इस कार्य की शुरुआत मौके पर पहुंचे वार्ड पार्षद संजय डालमिया ने नारियल फोड़कर की. दरअसल, इस क्षेत्र के निवासी लंबे समय से शिकायत कर रहे थे कि पुरानी पानी की पाइपलाइन पूरी तरह से जर्जर और जंगग्रस्त हो चुकी है, जिसके कारण घरों में बेहद गंदा और दूषित पानी सप्लाई हो रहा था और लोगों में बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ था.

पार्षद संजय डालमिया ने कार्य का शुभारंभ करते हुए कहा कि इस नई पेयजल पाइपलाइन के डलने से क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों की सालों पुरानी समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा और हर घर तक साफ पानी पहुंचेगा. इस उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान स्थानीय रेजिडेंट वेलफेयर समिति अर्बन एस्टेट-2 के प्रधान वीरेंद्र गुप्ता, दिनेश बिश्नोई, संजय असवाल, अक्षय डालमिया, यश डालमिया सहित हुडा (एचएसवीपी) विभाग के कई आला अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे.

स्वच्छता सर्वेक्षण की नेशनल टीम ने शहर में किया औचक निरीक्षण

राजगुरु मार्केट से लेकर जीजेयू तक आम जनता से लिया सीधा फीडबैक

हिसार शहर को स्वच्छता राष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष पायदान पर लाने के लिए जहां एक तरफ नगर निगम के कर्मचारी दिन-रात सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे हैं, वहीं दूसरी तरफ स्वच्छता सर्वेक्षण की नेशनल टीम ने बुधवार को शहर में अचानक दस्तक दे दी. टीम के सदस्यों ने बिना किसी पूर्व सूचना के शहर के विभिन्न व्यावसायिक, शैक्षणिक और सार्वजनिक क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान टीम ने जमीनी हकीकत को परखने के लिए राजगुरु मार्केट से लेकर गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी तक के पूरे रूट का बारीकी से निरीक्षण किया और शहर के कचरा प्रबंधन व डंपिंग सिस्टम का पूरा जायजा लिया.

निरीक्षण के दौरान नेशनल टीम ने केवल अधिकारियों के दावों पर भरोसा न करके सीधे जनता से संवाद स्थापित किया. टीम के सदस्यों ने राजगुरु मार्केट के दुकानदारों, राहगीरों और यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं से अकेले में बातचीत कर उनका फीडबैक फॉर्म भरा. टीम ने लोगों से सीधे सवाल पूछे कि क्या उनके इलाके में कचरा उठाने वाली गाड़ी रोजाना समय पर पहुंचती है, सफाई कर्मचारी नियमित आते हैं या नहीं, शहर के सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति कैसी है और क्या वे खुद स्वच्छता ऐप का इस्तेमाल करते हैं. टीम ने विशेष रूप से पटेल नगर सरकारी स्कूल, गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल और राजगुरु मार्केट को अपनी जांच के केंद्र में रखा. निगम अधिकारियों के मुताबिक यह दौरा पूरी तरह गोपनीय है और टीम शनिवार तक शहर में रहकर अंकों के आधार पर फाइनल रैंकिंग तय करेगी.

महिला को नोटों की गड्डी का झांसा देकर सवा तोला सोने के झुमके ठगे

नकली नोटों की गड्डी थमाकर रफूचक्कर हुए शातिर ठग

पुरानी सब्जी मंडी के सामने रहने वाली एक महिला से नोटों की गड्डी का लालच देकर सवा तोला सोने के झुमके ठगने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पीड़ित महिला राधा देवी (पत्नी जयचंद, निवासी वार्ड 16) बुधवार को पुरानी सब्जी मंडी में घरेलू सामान लेने आई थी. जब वह लक्ष्मण की चक्की के पास पहुंची, तो वहां पहले से घात लगाए खड़े दो अज्ञात युवकों और एक महिला ने उसे रोक लिया. ठग महिला ने राधा देवी को झांसा देते हुए कहा कि पास में खड़ा एक लड़का बहुत अमीर है और उसके पास 25 लाख रुपये की नकदी है, वह इन रुपयों के बदले सोने के गहने मांग रहा है.

ठगों ने राधा देवी को लालच दिया कि यदि वह अपने कान के सोने के झुमके उस लड़के को दे देती है, तो वे सब मिलकर बाकी गहने मिला देंगे और बाद में मिलने वाले 25 लाख रुपयों में से 12.50 लाख रुपये आपस में आधा-आधा बांट लेंगे. राधा देवी उनके बुने जाल में फंस गई और उसने अपने सवा तोला सोने के झुमके उतारकर उन्हें सौंप दिए. ठग महिला ने भी नाटक करते हुए अपने कुछ नकली गहने आगे बढ़ा दिए और राधा देवी को एक भारी-भरकम नोटों की गड्डी थमा दी. ठगों के वहां से जाने के बाद जब राधा देवी ने गड्डी को ध्यान से देखा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई, क्योंकि उस गड्डी में ऊपर का केवल एक नोट असली था और नीचे बाकी सभी कागज के टुकड़े थे. पुलिस ने मामला दर्ज कर ठगों की तलाश शुरू कर दी है.

विश्व क्लबफुट दिवस पर सिविल अस्पताल में बच्चों को बांटे उपहार

हिसार के नागरिक अस्पताल (सिविल हॉस्पिटल) में विश्व क्लबफुट दिवस के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ ने इस मौके पर केक काटकर इस खास दिन को मनाया और इलाज करवा रहे बच्चों को अपनी ओर से सुंदर उपहार भेंट किए. कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद डॉ. मनीष पूनिया ने उपस्थित अभिभावकों को संबोधित करते हुए बताया कि क्लबफुट बच्चों में होने वाली एक जन्मजात शारीरिक विकृति है, जिसमें बच्चे के पैर अंदर की तरफ मुड़े हुए होते हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि समय रहते शुरुआती दिनों में ही इस बीमारी की पहचान कर ली जाए, तो सही चिकित्सकीय उपचार से यह पूरी तरह ठीक हो सकती है और बच्चा आम बच्चों की तरह सामान्य जीवन जी सकता है. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में इसका इलाज पूरी तरह से मुफ्त उपलब्ध है, इसलिए माता-पिता को लक्षण दिखते ही तुरंत डॉक्टरों से संपर्क करना चाहिए और पूरा कोर्स खत्म होने तक नियमित फॉलोअप रखना चाहिए.

बिजली केबल चोरी करने वाले गिरोह के तीन शातिर सदस्य गिरफ्तार

उकलाना थाना पुलिस ने खेतों में लगे सबमर्सिबल पंपों से बिजली की महंगी केबल चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने पकड़े गए चोरों के कब्जे से चोरी की गई पूरी केबल भी बरामद कर ली है. उकलाना थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गांव के एक किसान मांगे राम ने पुलिस को लिखित शिकायत दर्ज करवाई थी कि 31 मई से 2 जून के बीच अज्ञात चोरों ने उसके खेत में घुसकर सबमर्सिबल पंप की करीब 70 फीट लंबी बिजली की केबल काट ली और चोरी करके ले गए. किसान की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303 के तहत मुकदमा दर्ज किया और जांच के दौरान भूंना के रहने वाले तीन आरोपियों सत्री, करनैल उर्फ कर्ण और उनके एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया.

रोडवेज कर्मचारियों का धरना 20वें दिन भी जारी, आंदोलन उग्र करने की चेतावनी

हिसार डिपो की वर्कशॉप में अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर रोडवेज सांझा संघर्ष समिति का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को 20वें दिन में प्रवेश कर गया. इस धरने की अध्यक्षता वरिष्ठ कर्मचारी नेता अरुण शर्मा ने की, जबकि मंच का कुशल संचालन वेदपाल यादव द्वारा किया गया. धरने पर बैठे कर्मचारियों ने डिपो प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रबंधन उनकी जायज और न्यायसंगत मांगों पर कोई ठोस निर्णय लेने के बजाय पिछले कई दिनों से केवल खोखले आश्वासन देकर मामले को टालने की कोशिश कर रहा है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है. वर्कशॉप में हुई समिति की इस अहम बैठक में सभी संबंधित यूनियनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया कि यदि प्रबंधन ने तुरंत उनकी मांगों का समाधान नहीं निकाला, तो 4 जून को हांसी सब-डिपो के मुख्य द्वार पर एक विशाल गेट मीटिंग की जाएगी और इसके बाद चक्का जाम जैसा बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा.

गुरुग्राम साइबर सिटी की तर्ज पर 182 करोड़ से चमकेगा हिसार का सेक्टर-25; आधुनिक कमर्शियल हब और ग्रीनरी का एस्टीमेट तैयार

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने राजगढ़ रोड पर स्थित सेक्टर-25 को गुरुग्राम की साइबर सिटी की तरह एक विश्वस्तरीय और आधुनिक कमर्शियल व कॉपोरेट हब के रूप में विकसित करने के लिए 182 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया है। इस प्रोजेक्ट के प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए पंचकूला मुख्यालय भेज दिया गया है, जहां से हरी झंडी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। एचएसवीपी के एसई पवन वर्मा के अनुसार, इस सेक्टर में बड़े चमचमाते शॉपिंग मॉल्स, मल्टीप्लेक्स (एसएसबी) और बड़े व्यावसायिक प्लॉट्स काटे जाएंगे। इसके अलावा, नामी शिक्षण संस्थानों के लिए एक विशेष एजुकेशन हब भी आरक्षित किया गया है। बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सबसे अधिक बजट यानी 78 करोड़ रुपये सिर्फ पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने और सेक्टर को इको-फ्रेंडली (ग्रीनरी) बनाने के लिए रखा गया है, ताकि भविष्य में जाम और प्रदूषण की समस्या न हो। इसके अलावा आंतरिक और बाहरी सड़कों के जाल पर कुल 75 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे

सीबीएसई री-इवैल्यूएशन पोर्टल खुला, लेकिन छात्रों को गलत या धुंधली स्कैन कॉपियां मिलने से मची अफरा-तफरी; 6 जून तक आवेदन का अंतिम मौका

सीबीएसई परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित होने के बाद बोर्ड ने उत्तर पुस्तिकाओं के वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए अपना ऑनलाइन पोर्टल खोल दिया है, जिसकी अंतिम तिथि 6 जून निर्धारित की गई है। हालांकि, पहली बार शुरू की गई डिजिटल स्कैन कॉपियों की प्रणाली में भारी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है। कई विद्यार्थियों ने शिकायत की है कि उन्हें उनके अकाउंट में अपनी खुद की आंसर शीट की जगह किसी अन्य छात्र की स्कैन कॉपी दिखाई दे रही है, या फिर कॉपियों के कुछ पन्ने गायब या बेहद धुंधले हैं। इसके चलते छात्र समय सीमा के भीतर मूल्यांकन की जांच नहीं कर पा रहे हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि त्रुटि होने पर छात्र पहले वेरिफिकेशन (100 रुपये प्रति कॉपी शुल्क) के लिए आवेदन करें। इसके बाद असंतुष्ट छात्र 25 रुपये प्रति प्रश्न की दर से री-इवैल्यूएशन के लिए केवल एक बार ही ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं; इसके बाद कोई भी ऑफलाइन या विलंबित आवेदन स्वीकार नहीं होगा

बिजली उपभोक्ताओं के लिए हाईटेक सुविधाएं: मिस्ड कॉल से दर्ज होगी शिकायत, व्हाट्सएप चैटबॉट और एआई से तुरंत मिलेंगे समाधान

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) ने अपने कंप्लेंट हैंडलिंग सिस्टम को पूरी तरह आधुनिक बनाते हुए ‘यूनिफाइड कंज्यूमर कंप्लेंट एंड सर्विस पोर्टल’ और मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। अब उपभोक्ताओं को बिजली कट, बिलिंग, मीटरिंग या नए कनेक्शन के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं होगी। निगम द्वारा जारी की गई 5 मुख्य डिजिटल सेवाएं इस प्रकार हैं:

  • कॉल सेंटर टोल फ्री (1912 / 1800-180-4334): उपभोक्ता इन नंबरों पर कॉल करके अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकते हैं।
  • व्हाट्सएप चैटबॉट (88139-99708): इस नंबर पर व्हाट्सएप के जरिए शिकायत दर्ज करने, स्टेटस जानने और बिल संबंधी जानकारी हासिल करने की सुविधा मिलेगी।
  • मिस्ड कॉल सेवा (76698-75768): बिजली गुल होने पर अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से सिर्फ एक मिस्ड कॉल देने पर शिकायत स्वतः दर्ज हो जाएगी।
  • मोबाइल ऐप DHBVN: इसके माध्यम से उपभोक्ता घर बैठे अपनी शिकायत ट्रैक कर सकेंगे और अधिकारी भी इसकी सीधे मॉनिटरिंग व समाधान सुनिश्चित करेंगे।
  • वेब चैट व एआई तकनीक: पोर्टल पर मौजूद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित चैटबॉट उपभोक्ताओं के तकनीकी व सामान्य सवालों के तुरंत जवाब देगा।

6 जून तक धूलभरी आंधी, अंधड़ और बारिश के आसार; मौसम विभाग ने जारी किया ‘ऑरेंज अलर्ट’

नौतपा की भीषण तपिश के बाद जून की शुरुआत में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हिसार सहित हरियाणा के पश्चिमी, दक्षिण-पश्चिमी और मध्य भागों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बुधवार रात से ही एक नई मौसम प्रणाली (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के सक्रिय होने के कारण 4 से 6 जून के बीच तेज गति से अंधड़ चलने, धूलभरी आंधी आने और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। बुधवार को हिसार का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बादलों के कारण उमस ने लोगों को जरूर थोड़ा परेशान किया, लेकिन आगामी दिनों में होने वाली बारिश से तापमान में और गिरावट आएगी, जिससे भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

चानौत में पाइप लाइन उखाड़ी:

भाखड़ा प्रोजेक्ट की पाइप लाइन से पेयजल कनेक्शन की मांग को लेकर चानौत गांव में चल रहा धरना बुधवार को 19वें दिन भी जारी रहा। इस बीच जनस्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए खेतों में दबी हुई लाइन के करीब 40 पाइपों को उखाड़ दिया है, जिन्हें अब दूसरी जगह बिछाया जाएगा।

शहर में आज के मुख्य कार्यक्रम:

  1. रंग उत्सव समर आर्ट कैंप: ओपी जिंदल ज्ञान केंद्र में सुबह 6:00 बजे से।
  2. शांति जागरूकता ध्यान शिविर: ओशो ध्यान उपवन में प्रातः 8:00 बजे से।
  3. फ्री आध्यात्मिक समर कैंप: श्रीराम भक्त हनुमान मंदिर में सायंकाल 4:00 बजे से।
  4. डिजिटल वेलनेस समर कैंप: ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र, ज्योतिपुरा मोहल्ला में शाम 5:30 बजे से 7:30 बजे तक।

स्थानीय सर्राफा बाजार भाव (Gold & Silver Rates)

हिसार के स्थानीय सर्राफा बाजार के अनुसार सोने और चांदी के भाव (प्रति 10 ग्राम/किलोग्राम, जीएसटी अतिरिक्त) इस प्रकार रहे:

  • सोना (24 कैरेट): ₹ 1,52,000 प्रति 10 ग्राम
  • सोना (22 कैरेट): ₹ 1,39,500 प्रति 10 ग्राम
  • चांदी (प्रतिकिलो): ₹ 2,62,000

===================================

====================================