नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट…
For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group
https://chat.whatsapp.com/

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖
प्रॉपर्टी फ्रॉड से परेशान होकर सेवानिवृत्त सैनिक ने की आत्महत्या
करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप; 5 पन्नों के सुसाइड नोट के आधार पर 4 के खिलाफ केस दर्ज
हिसार टाइम्स – हांसी की आर्य नगर कॉलोनी में रहने वाले 62 वर्षीय सेवानिवृत्त सैनिक सुंदर सिंह ने कथित तौर पर प्रॉपर्टी के लेन-देन में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी से तंग आकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह उनका शव संदिग्ध हालत में उनके मकान से बरामद हुआ। सुंदर सिंह ने आत्महत्या से पहले 5 पन्नों का एक सुसाइड नोट छोड़ा है। पुलिस ने सुसाइड नोट और मृतक के बेटे मनजीत की शिकायत के आधार पर चार नामजद आरोपियों—पूनम, होशियार सिंह, कृष्णा और चालक पवन—के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शोरूम मैनेजर हत्या मामले में आरोपी पर ₹5000 का इनाम घोषित
हिसार टाइम्स – हिसार रोड पर एनएच 10 स्थित शोरूम के मैनेजर सूरज जैन की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी साहिल बामल पर 5 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया है। हिसार रेंज के पुलिस महानिरीक्षक कुलदीप सिंह द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, आरोपी की सटीक जानकारी देने वाले व्यक्ति को यह इनाम दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है और उसे ट्रैक करने के लिए साइबर और तकनीकी माध्यमों समेत पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।
हिसार गलत मोबाइल डिलीवरी पर फ्लिपकार्ट को जुर्माना
हिसार टाइम्स – जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने शनिवार को ऑनलाइन खरीदारी में गलत मोबाइल की डिलीवरी के मामले में उपभोक्ता के पक्ष में फैसला सुनाया है। आयोग ने फ्लिपकार्ट इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड और विक्रेता कंपनी सीआईजीएफआईएल लिमिटेड को 9,728 रुपये की राशि 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित लौटाने अथवा समान या उच्च मॉडल का नया मोबाइल उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं। साथ ही शिकायतकर्ता को 3,000 रुपये मुआवजा और 2,000 रुपये मुकदमा खर्च देने का भी निर्देश दिया है।
आयोग के अध्यक्ष जगदीप सिंह तथा सदस्य रजनी गोयत और डॉ. अमिता अग्रवाल की पीठ ने यह फैसला हांसी निवासी राजेश कुमार की ओर से दायर उपभोक्ता शिकायत पर सुनाया।
शिकायत के अनुसार राजेश कुमार ने 28 मार्च 2023 को फ्लिपकार्ट के माध्यम से सैमसंग गैलेक्सी एफ-13 मोबाइल फोन का ऑर्डर दिया था। इसके लिए उन्होंने 9,728 रुपये का भुगतान किया। छह अप्रैल 2023 को डिलीवरी मिलने पर उन्होंने डिलीवरी बॉय के सामने पार्सल खोला तो सैमसंग मोबाइल के बॉक्स में पुराना और खरोंचयुक्त रेडमी मोबाइल फोन मिला। बॉक्स में वीवो कंपनी का चार्जर भी रखा हुआ था।
नाबालिग के बयान दर्ज होने के बाद स्वास्थ्य विभाग के क्लर्क ने निगला जहर
ऑफिस में खाया जहर; पोक्सो एक्ट और बीएनएस के तहत मामला दर्ज
हिसार टाइम्स – स्वास्थ्य विभाग की जिला परिवार नियोजन शाखा के क्लर्क अजय अहलावत सुसाइड केस में एक नया और सनसनीखेज खुलासा हुआ है। 5 जून को एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की ने बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने अजय के खिलाफ यौन शोषण और उसकी मां को संदिग्ध दवाइयां देने के गंभीर आरोप लगाते हुए बयान दर्ज कराए थे। इसके बाद उसी शाम करीब 7 बजे अजय ने अपने कार्यालय में जहर निगल लिया, जिसकी देर रात एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने अजय और उसकी बहन पूमम पर पोक्सो (POCSO) एक्ट और बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मरने से पहले अजय ने 5 पन्नों का एक सुसाइड नोट भी छोड़ा था।
ब्लैकमेलिंग और गर्भपात की दवा खिलाने का आरोप
नाबालिग पीड़िता का आरोप है कि अजय का उनके घर आना-जाना था और दो साल पहले घर में अकेली पाकर उसने छेड़छाड़ और जबरदस्ती गलत काम किया। इसके बाद अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार ब्लैकमेल कर रहा था, जिसके कारण पीड़िता की कोचिंग भी छूट गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि अजय और उसकी बहन ने उस पर अपने पक्ष में बयान देने का दबाव बनाया, उसके साथ मारपीट की और उसे गर्भपात की दवा भी खिलाई। दोबारा सीडब्ल्यूसी के सामने पेश होकर पीड़िता ने सारी सच्चाई बताई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
ठंडी सड़क पर छात्र की चलती स्कूटी में लगी आग,एजेंसी ने पल्ला झाड़ा
सीट के नीचे से धुआं निकलते ही कूदा छात्र; एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
हिसार टाइम्स – ठंडी सड़क पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक चलती हुई इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्कूटी चालक तरुण कुमार, जो जीजेयू (GJU) में इंजीनियरिंग का छात्र है और मॉडल टाउन की एक कंपनी में इंटर्नशिप कर रहा है, ने समय रहते सीट के नीचे से धुआं निकलता देख स्कूटी को साइड में खड़ा कर दिया। देखते ही देखते स्कूटी आग के शोलों में बदल गई। आसपास के दुकानदारों ने तुरंत अपने वाहनों को दूर किया और पानी डालकर आग पर काबू पाया। पीड़ित छात्र ने एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है, जबकि डीलर का कहना है कि तारों के आपस में टकराने या लापरवाही के कारण ऐसा हादसा हो सकता है।
पक्का कब्जा हटा, तो अब रस्सी बांधकर घेरा
एचएसवीपी की सख्ती के बाद भी नहीं मान रहे सेक्टरवासी; दोबारा जारी होगा शेड्यूल
हिसार में एचएसवीपी (HSVP) की टीम सड़क किनारे से पक्के कब्जे और अतिक्रमण हटाने के लिए बड़ी कार्रवाई कर रही है। एसडीओ रामप्रसाद के नेतृत्व में टीम ने कई जगहों से लोहे की ग्रिल और पाइपें हटाई हैं, लेकिन इतनी सख्ती के बावजूद सेक्टरवासी मानने को तैयार नहीं हैं। टीम के जाते ही लोगों ने उन खाली कराई गई जगहों पर दोबारा रस्सियां बांधकर और जाल लगाकर अवैध घेराबंदी शुरू कर दी है। एसडीओ रामप्रसाद ने साफ किया है कि जिन लोगों ने दोबारा कब्जा किया है, वे यह न सोचें कि अब कार्रवाई नहीं होगी; जल्द ही नया शेड्यूल जारी कर सभी सेक्टरों में फिर से अभियान चलाया जाएगा।
शहर में 3 दिनों तक चलेंगी भीषण हीट वेव
24 घंटे में 2.3 डिग्री बढ़ा पारा; 8 से 10 जून तक रहेगा येलो अलर्ट
पूरे हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से मिल रही गर्मी की मामूली राहत अब खत्म होने वाली है। हिसार में पिछले 24 घंटों के भीतर दिन के तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे शनिवार को अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 8 से 10 जून तक राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अब मैदानी इलाकों में तेज लू (हीट वेव) चलेगी, जिससे दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा। मौसम विभाग ने लोगों से धूप में निकलते समय सिर पर कपड़ा रखने और काला चश्मा पहनने की अपील की है।
पानी की लीकेज दुरुस्त करना और वाल्व बदलना अब पंचायतों के जिम्मे
ढांड और ज्ञानपुरा पंचायतें बनीं आत्मनिर्भर; जनस्वास्थ्य विभाग के साथ साइन किया एमओयू
हिसार टाइम्स – ग्रामीण क्षेत्रों में जल प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में बरवाला खंड की ग्राम पंचायत ढांड और ज्ञानपुरा ने एक नई मिसाल पेश की है। ‘ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस पॉलिसी-2026’ के तहत दोनों पंचायतों ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के साथ एक समझौते ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए हैं। अब ये पंचायतें सरकारी बाबुओं पर निर्भर रहने के बजाय अपने स्तर पर गांव की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का संचालन और रख-रखाव खुद करेंगी। पानी की टाइमिंग तय करना, लीकेज की निगरानी करना, पंप ऑपरेटर की कमान संभालना और ऑन-द-स्पॉट समस्याओं का समाधान करना अब सीधे पंचायत के अधीन होगा। इसके सुचारू संचालन के लिए पंचायतें ग्रामीणों से न्यूनतम वॉटर टैक्स भी वसूल सकेंगी।
शहर में आज के मुख्य कार्यक्रम
निशुल्क आंख व दांत जांच शिविर: दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, सुबह 10:00 बजे से।
असिस्टेंट योग टीचर ट्रेनिंग कैंप: ठाकुरदास भार्गव सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सुबह 5:00 बजे से 7:00 बजे तक।
योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर: आजाद नगर स्थित कम्युनिटी सेंटर पार्क, सुबह 5:00 बजे से 6:30 बजे तक।
बाल संस्कार-चरित्र निर्माण शिविर: ठाकुरदास भार्गव सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शाम 6:30 बजे से 7:30 बजे तक।
शांति जागरूकता ध्यान शिविर: ओशो ध्यान उपवन, सुबह 8:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक।




























===================================

====================================























