नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट

For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group

👇

https://chat.whatsapp.com/

EHzVoGH50MdINoYniG4crH

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖

हिसार टाइम्सपानीपत मे थर्मल कॉलोनी से एक्सईएन (XEN) सुनीता के 12 वर्षीय बेटे कबीर के अपहरण के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। वारदात के मास्टरमाइंड आदेश ने अपनी गर्लफ्रेंड शारदा के महंगे शौक पूरे करने के चक्कर में करीब 25 लाख रुपए का कर्ज ले रखा था। इसी कर्ज को उतारने के लिए उसने डेढ़ करोड़ की फिरौती वसूलने की साजिश रची। आरोपियों ने अपहरण की प्लानिंग तो एक सप्ताह पहले कर ली थी, लेकिन वे यह तय करना भूल गए कि बच्चे को छिपाकर कहाँ रखना है। इसी वजह से वे बच्चे को 11 घंटे तक गाड़ी में घुमाते रहे और आखिरकार रोहतक के किलोई के पास पुलिस मुठभेड़ में पकड़े गए। मुठभेड़ में घायल आरोपी आदेश और विशाल का रोहतक पीजीआई में ऑपरेशन किया गया है, वहीं सह-आरोपी गर्लफ्रेंड शारदा को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

बैंक मैनेजर को अगवा कर झूठे अफीम केस में फंसाने का मामला: तत्कालीन CIA इंचार्ज समेत 11 पुलिसकर्मियों को अदालत का समन

साढ़े आठ साल पुराने मामले में आया बड़ा आदेश, 16 जुलाई को होगी अगली सुनवाई

हिसार टाइम्स – हिसार से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जेएमआईसी (JMIC) अनुष की अदालत ने एक बैंक मैनेजर को अगवा कर उसे झूठे एनडीपीएस (NDPS) केस में फंसाने के आरोप में तत्कालीन सीआईए इंचार्ज कप्तान सिंह, एएसआई, उसके बेटे और कई पुलिसकर्मियों सहित कुल 11 लोगों को आरोपी मानकर अदालत में पेश होने के लिए समन जारी किया है। वर्तमान में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (पानीपत) में सीनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत शिकायतकर्ता रमणजीत सिंह ने यह केस दिसंबर 2018 में दायर किया था। अदालत ने आरोपियों को अपहरण, अवैध सभा बनाने, धमकी देने, नुकसान पहुंचाने और आपराधिक साजिश की धाराओं के तहत आरोपी माना है।

क्या था पूरा विवाद और रंजिश? मामले की शुरुआत 16 दिसंबर 2017 को हुई थी, जब हिसार के रेड स्क्वायर मार्केट के पास बैंक मैनेजर रमणजीत सिंह की कार की टक्कर एएसआई विरेंद्र सिंह के बेटे आशीष उर्फ आशु की कार से हो गई थी। मैनेजर द्वारा माफी मांगने और मरम्मत का खर्च उठाने का ऑफर देने के बावजूद आशीष नहीं माना और जबरन पुलिस स्टेशन ले जाने का प्रयास किया। इस घटना के बाद मैनेजर को फोन पर धमकियां मिलने लगीं। 18 दिसंबर 2017 को जब मैनेजर नई कार खरीदने जा रहे थे, तब रास्ते में दो गाड़ियों ने उन्हें आगे-पीछे से घेर लिया। गाड़ी लॉक करने पर आरोपियों ने ईंट मारकर शीशे तोड़ दिए, मैनेजर को बेरहमी से पीटा और बोलेरो में डालकर सीआईए स्टाफ ले गए, जहां उनसे करीब 90 हजार रुपये भी छीन लिए गए। मैनेजर ने किसी तरह अपने वकील को फोन किया, जिन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में अपहरण की सूचना (वीटी) करवा दी। खुद को फंसता देख सीआईए स्टाफ ने मैनेजर के खिलाफ कार के डैशबोर्ड से 80 ग्राम अफीम की झूठी बरामदगी दिखाकर एनडीपीएस का केस दर्ज कर दिया था

अदालत में ऐसे खुली पुलिस की पोल वर्ष 2022 में अदालत ने एनडीपीएस केस में बैंक मैनेजर को पूरी तरह बरी कर दिया था और पुलिस की कहानी पर गंभीर सवाल उठाए थे। कोर्ट ने कहा था कि गुप्त सूचना के बावजूद अनिवार्य कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं हुआ, किसी भी सार्वजनिक स्थान (जैसे जिंदल फ्लाईओवर) पर कोई स्वतंत्र गवाह नहीं बनाया गया और तलाशी से पहले ही एफआईआर नंबर दस्तावेजों पर दर्ज था। इसके अलावा, अदालत के सामने पेश किए गए सीसीटीवी फुटेज में दो वाहन स्पष्ट रूप से मैनेजर की कार को रोकते और एक व्यक्ति को जबरन दूसरी गाड़ी में ले जाते दिखाई दे रहे थे। इसी रिकॉर्ड और कॉल डिटेल के आधार पर अब कोर्ट ने दोषी पुलिसकर्मियों पर शिकंजा कसा है

आर्यनगर मेन रोड पिछले साल की बारिश के बाद से बदहाल, करोड़ों की स्ट्रीट लाइटें भी बंद

मंत्रियों और अधिकारियों के नियमित रूट पर पसरा रहता है अंधेरा, जनता परेशान

हिसार का आर्यनगर मेन रोड साठण बाईपास से हिंदवान मोड़ तक पिछले साल की बारिश में टूटने के बाद से आज तक ठीक नहीं हो सका है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस मार्ग से मंत्रियों और उच्च अधिकारियों का नियमित आवागमन होता है, फिर भी सड़क की हालत जस की तस बनी हुई है। बीएंडआर (B&R) विभाग सड़क निर्माण और मरम्मत को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पा रहा है। दूसरी ओर, इस फोरलेन सड़क पर करोड़ों रुपये खर्च करके लगाई गईं स्ट्रीट लाइटें भी बंद पड़ी हैं। रोशनी केवल आर्यनगर गांव के भीतर के हिस्से में मिलती है, बाकी पूरे रूट पर अंधेरा रहता है। स्थानीय निवासी संदीप जांगड़ा ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क को तुरंत सुधारा जाए और सभी लाइटें चालू की जाएं।

गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) में दाखिलों की होड़: 3500 सीटों के लिए मिले रिकॉर्ड 12,700 आवेदन

मैनेजमेंट, लॉ, फिजियोथैरेपी और इंटीग्रेटेड कोर्सेज के प्रति विद्यार्थियों का बढ़ा भारी विश्वास

गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJU) हिसार के नियमित कोर्सेज में इस सत्र में रिकॉर्ड तोड़ आवेदन आ रहे हैं। विश्वविद्यालय की करीब 3500 सीटों के लिए अब तक 12,700 से अधिक आवेदन और शुल्क प्राप्त हो चुके हैं, जबकि ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 16 जून है। कुलपति प्रो. नरसीराम विश्नोई ने बताया कि जीजेयू को मिल रही उच्च स्तरीय राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग के चलते विद्यार्थियों का कोर्सेज के प्रति विश्वास बढ़ा है, क्योंकि ये कोर्स पूरी तरह से रोजगारपरक और बाजार की मांग के अनुरूप हैं। सबसे ज्यादा रुझान इंटीग्रेटेड बीएससी-एमएससी (1790 आवेदन), इंटीग्रेटेड बीबीए-एमबीए (893 आवेदन), बीए एलएलबी ऑनर्स (861 आवेदन) और इंटीग्रेटेड बीसीए-एमसीए (731 आवेदन) में देखा जा रहा है।

कॉलेजों में यूजी (UG) कोर्सेज में एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन का आज अंतिम दिन

17 जून तक त्रुटियों को सुधार सकेंगे छात्र, 27 जून को जारी होगी पहली मेरिट लिस्ट

हरियाणा के कॉलेजों में अंडर ग्रेजुएट (UG) कोर्सेज में दाखिले के लिए हायर एजुकेशन के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने का आज (15 जून) आखिरी दिन है। विद्यार्थी अपने आवेदन में किसी भी प्रकार की गलती को 17 जून तक एडिट कर सकेंगे। इसके बाद 22 जून तक दस्तावेजों की ऑनलाइन वेरिफिकेशन का कार्य चलेगा। सभी योग्य अभ्यर्थियों की सूची 24 जून को प्रदर्शित की जाएगी, जिसके बाद कॉलेजों की पहली मेरिट लिस्ट 27 जून को और दूसरी मेरिट लिस्ट 2 जुलाई को जारी होगी। सीटें खाली रहने पर 9 जुलाई को फिजिकल काउंसलिंग होगी और जरूरत पड़ने पर 10 जुलाई को पोर्टल दोबारा री-ओपन किया जाएगा।

मरीजों के अधिकार के लिए साइकिल पर निकले सोशल एक्टिविस्ट सतीश चोपड़ा पहुंचे हिसार

23 जिलों की यात्रा पर निकले चोपड़ा अब तक 14 जिला अस्पतालों की जमीनी हकीकत जान चुके हैं

फरीदाबाद के 49 वर्षीय सोशल एक्टिविस्ट और ‘रेफर मुक्त संघर्ष समिति’ के संयोजक सतीश चोपड़ा सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग को लेकर 1 जून से साइकिल यात्रा पर निकले हैं। वे हर जिला अस्पताल में जाकर वहां की स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जान रहे हैं और अपनी यात्रा के 14वें दिन वे हिसार नागरिक अस्पताल पहुंचे। सतीश चोपड़ा अस्पताल परिसर में सांकेतिक धरना देकर मरीजों, तीमारदारों और डॉक्टरों से बातचीत करते हैं और आईसीयू, ट्रॉमा सेंटर व सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं की कमी की रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। उनका कहना है कि इलाज हर नागरिक का अधिकार है और यात्रा पूरी होने पर वे अपनी यह रिपोर्ट और सुझाव सीधे स्वास्थ्य मंत्री को सौंपेंगे।

मानसून से पहले सरकारी स्कूलों को सुरक्षित करने की पहल, छुट्टियों में चलेगा विशेष सफाई अभियान

छतों से हटेगी मिट्टी और सुधारी जाएगी जल निकासी, अभियान में स्थानीय लोग भी बनेंगे भागीदार

हरियाणा शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बड़े स्तर पर स्वच्छता और रखरखाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य मानसून के दौरान स्कूलों की छतों पर पानी जमा होने और भवनों को होने वाले नुकसान से बचाना है। स्कूलों की छतों, नालियों, मैदानों और संभावित जलभराव वाले हिस्सों की विशेष सफाई की जाएगी ताकि जुलाई में स्कूल खुलने पर बच्चों को बेहतर माहौल मिले। विभाग ने जिला प्रशासनों को निर्देश दिए हैं कि इस काम में स्कूल प्रबंधन समितियों (SMC), पंचायतों और स्थानीय लोगों का सहयोग लेकर इसे एक जनभागीदारी का आंदोलन बनाया जाए।

अंडर-17 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप: नेशनल ट्रायल्स में हरियाणा के पहलवानों का दबदबा, 7 भारवर्ग में पक्की की टिकट

सोनीपत: साई सेंटर, सोनीपत में आयोजित नेशनल ट्रायल्स में हरियाणा के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 भारवर्गों में से 7 में पहला स्थान हासिल कर वर्ल्ड चैंपियनशिप का टिकट पक्का कर लिया है। इसके अलावा, हरियाणा की 4 अन्य महिला पहलवान स्टैंडबाय (बैकअप) के रूप में टीम के साथ जुड़ी रहेंगी। विजेता खिलाड़ियों में 43 किग्रा में दीक्षा, 57 किग्रा में निकिता सहरावत, 61 किग्रा में अवशिका, 65 किग्रा में अंतरा, 69 किग्रा में तानिक और 73 किग्रा में गरिमा ने अपनी जगह बनाई है। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता अजरबैजान की राजधानी बाकू में 27 जुलाई से आयोजित की जाएगी।

नूंह में महापंचायत का बड़ा फैसला: साइबर ठगी छोड़ मुख्यधारा में लौटने के लिए 55 युवाओं के मोबाइल आग के हवाले

नूंह (नगीना): नशे और साइबर अपराधों के खिलाफ सामाजिक पंचायतें अब रंग लाने लगी हैं। नगीना खंड के गांव सुहापुरी में सरपंच प्रतिनिधि आसिफ, नसरुद्दीन फौजी और दीन मोहम्मद नंबरदार की अध्यक्षता में एक बड़ी पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में बुजुर्गों की समझाइश और दीन के वास्ते के बाद साइबर अपराध के दलदल में धंसे 55 युवाओं ने अपनी मर्जी से इस काले धंधे को छोड़ने की सौगंध खाई। इन सभी युवाओं ने स्वेच्छा से अपने मोबाइल फोन पंचायत के सामने तोड़कर आग के हवाले कर दिए और एक नए, सम्मानजनक जीवन की शुरुआत करने का संकल्प लिया।

कुरुक्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते ताबड़तोड़ फायरिंग, दो युवक गंभीर रूप से घायल

कुरुक्षेत्र: शहर के मॉडल टाउन और गांधी नगर इलाके में रविवार अलसुबह पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग होने से हड़कंप मच गया। स्कोर्पियो और बाइक पर सवार होकर आए हमलावरों ने चार युवकों को घेरकर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में गांधी नगर निवासी प्रिंस और अमन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद हमलावरों की स्कोर्पियो गाड़ी एक नाले में फंस गई, जिसके कारण आरोपी गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बारना निवासी राहुल और कुरुक्षेत्र वासी टोनी सहित 5 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

थानेसर के बारवा गांव में जमीनी विवाद खूनी संघर्ष में बदला, पिता और तीन बेटों पर गंडासियों से हमला

कुरुक्षेत्र (थानेसर): बारवा गांव में जमीनी विवाद को लेकर सगे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने तेजधार हथियारों (गंडासियों) से हमला कर दिया, जिसमें 65 वर्षीय पिता ओमप्रकाश और उनके तीन बेटे सतपाल (45), राजकुमार (42) व सुनील कुमार (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सिविल अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें निजी अस्पताल रेफर किया गया। बुजुर्ग ओमप्रकाश की गर्दन पर गहरा घाव है, जबकि बेटों के सिर और टांगों पर गंभीर चोटें आई हैं।

अमिताभ बच्चन के ‘जबरा फैन’ राजीव बेदी को मिला महानायक से खास तोहफा, 45 साल की दीवानगी का मिला सिला

अम्बाला: अम्बाला कैंट के कृष्णा नगर निवासी राजीव बेदी पिछले 45 सालों से महानायक अमिताभ बच्चन के अनन्य प्रशंसक हैं। उनकी इसी निष्ठा का सम्मान करते हुए अमिताभ बच्चन ने उन्हें टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) में इस्तेमाल किया गया अपना एक खास कोट, टी-शर्ट और कई स्मृति चिह्न उपहार स्वरूप भेजे हैं। शनिवार को पार्सल मिलते ही राजीव के घर में उत्सव का माहौल बन गया। राजीव पिछले 25 वर्षों से हर साल अमिताभ बच्चन के जन्मदिन पर मुंबई जाकर उनसे मुलाकात करते हैं। राजीव ने भावुक होकर कहा कि यह उपहार उनके जीवन की सबसे अनमोल धरोहर है।

स्कूलों में अब ‘चाचा चौधरी’ और ‘साबू’ सिखाएंगे साइबर सुरक्षा के गुर, सीबीएसई ने जारी किए निर्देश

अम्बाला: इंटरनेट और सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के बीच अब बच्चों को ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग और डिजिटल अरेस्ट जैसे खतरों से बचाने के लिए सीबीएसई (CBSE) ने अनूठी पहल की है। गृह मंत्रालय के इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) के सहयोग से अब स्कूलों में बच्चों को लोकप्रिय कॉमिक पात्रों ‘चाचा चौधरी’ और ‘साबू’ के माध्यम से साइबर सुरक्षा की समझ दी जाएगी। कहानियों के जरिए बच्चों को फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड और ऑनलाइन उत्पीड़न से बचने के तरीके सिखाए जाएंगे। साथ ही हर स्कूल में ‘साइबर क्लब’ बनाने और हर महीने के पहले बुधवार को ‘साइबर जागरूकता दिवस’ मनाने की सलाह दी गई है।

पानीपत में मानवता शर्मसार: 10 वर्षीय मासूम भतीजी से दुष्कर्म करने वाले कलयुगी फूफा को पुलिस ने यूपी से दबोचा

पानीपत (समालखा): समालखा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक कलयुगी फूफा मोनू ने अपनी ही पत्नी के साले की 10 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर हवस का शिकार बनाया। आरोपी ने बच्ची को कोई सामान दिलाने का लालच दिया और सुनसान रास्ते पर ले जाकर उसे नशे की गोलियां खिला दीं। बच्ची के बेहोश होने के बाद उसने दुष्कर्म किया और उसे झाड़ियों में फेंककर अपने पैतृक गांव लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) भाग गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को यूपी से गिरफ्तार कर लिया है और उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।

करनाल में उद्योगपति के बंद मकान से 35 लाख की बड़ी चोरी, शातिर चोर सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी उखाड़ ले गए

करनाल: सेक्टर-7 निवासी प्रसिद्ध उद्योगपति हेमंत सिंगला के बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने करीब 35 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहनों और ढाई लाख रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। शातिर चोरों का दुस्साहस ऐसा था कि वे घर में लगे सभी 16 सीसीटीवी कैमरे और उनका डीवीआर (DVR) भी अपने साथ उखाड़ ले गए। उद्योगपति अपने परिवार के साथ बद्रीनाथ में आयोजित भागवत कथा में गए हुए थे। शनिवार रात अचानक कैमरे बंद होने पर संदेह हुआ। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

उत्तर भारत सर्वखाप महापंचायत का बड़ा फैसला: लिव-इन रिलेशनशिप और समलैंगिकता का पुरजोर विरोध, 16 प्रस्ताव पारित

कुरुक्षेत्र: अंतरराष्ट्रीय जाट धर्मशाला में आयोजित 3-दिवसीय उत्तर भारत सर्वखाप महापंचायत चिंतन शिविर के अंतिम दिन कई महत्वपूर्ण और कड़े फैसले लिए गए। महापंचायत में सर्वसम्मति से 16 प्रस्ताव पारित किए गए, जिसमें प्रमुख रूप से लिव-इन रिलेशनशिप और समलैंगिकता को वैध न मानने तथा इन्हें कोई सरकारी संरक्षण न देने की मांग की गई। इसके अलावा हिंदू मैरिज एक्ट के तहत एक ही गांव, गोत्र और गुहांड में विवाह को अवैध रखने के लिए विधानसभा में आवाज उठाने का निर्णय लिया गया। खापों ने यह भी ऐलान किया कि किसी भी जाति या धर्म के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वालों का सामाजिक रूप से बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही दीनबंधु सर छोटूराम को ‘भारत रत्न’ देने की मांग का समर्थन किया गया।

जम्मू घूमने गए बल्लभगढ़ के पांच दोस्त हादसे का शिकार, तीन की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

फरीदाबाद (बल्लभगढ़): बल्लभगढ़ की भूदत्त कॉलोनी से कार द्वारा जम्मू घूमने निकले पांच दोस्त रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर नगरोटा के पास एक तेज रफ्तार बस ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन दोस्तों—शक्ति सिंह चौधरी, मोहित वर्मा और सिकंदर सैफ़ी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य दोस्त दीपक वर्मा और कुलदीप शर्मा गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उपचाराधीन हैं। मृत युवकों में मोहित अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

हिसार के सुलखनी गांव के खेतों में मिला महिला का शव, लूट के इरादे से गला घोंटकर हत्या की आशंका

हिसार (हांसी): हांसी के प्रेम नगर की रहने वाली 45 वर्षीय महिला पासो देवी का शव सुलखनी गांव के पास खरड़ के खेतों में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। रविवार सुबह दौड़ लगाने निकले एक युवक ने शव को देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। महिला का मुंह कपड़े से बंधा हुआ था और गले में चुन्नी कसी हुई थी। परिजनों के अनुसार, पासो देवी शनिवार दोपहर को टोहाना में एक प्लॉट खरीदने के लिए घर से मोटी रकम लेकर निकली थीं। आशंका जताई जा रही है कि लूटपाट के इरादे से उनकी गला घोंटकर हत्या की गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

यमुनानगर में रेलवे रोड डिवाइडर पर संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

यमुनानगर: रेलवे रोड स्थित डिवाइडर पर 31 वर्षीय संजीव उर्फ सन्नी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। संजीव पेशे से रिक्शा चालक था और चार बहनों का इकलौता भाई था। वह 11 जून की रात को अपने दो दोस्तों के साथ घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। शनिवार को उसका शव निर्वस्त्र हालत में मिला और उसके मुंह से खून निकल रहा था। परिजनों ने उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए गहन जांच की मांग की है।

पंजाब के स्वास्थ्य निरीक्षक का नहर में मिला शव, परिजनों का आरोप- विधायक और स्टाफ की प्रताड़ना से थे परेशान

बुढलाडा (पंजाब): बुढलाडा के स्वास्थ्य विभाग में तैनात 54 वर्षीय स्वास्थ्य निरीक्षक भूपेंद्र कुमार का शव लापता होने के दो दिन बाद भाखड़ा नहर से बरामद किया गया है। परिजनों का आरोप है कि भूपेंद्र ड्यूटी को लेकर काफी सख्त थे, जिससे नाराज होकर कुछ कर्मचारियों ने उनके खिलाफ झूठी शिकायतें की थीं। परिजनों का यह भी दावा है कि पंजाब के एक वर्तमान विधायक ने भी उन्हें फोन पर धमकाया था, जिससे वे भारी मानसिक तनाव में थे। परिजनों ने प्रताड़ना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुन्हाना में दो नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म का आरोपी आईटीआई (ITI) छात्र गिरफ्तार

नूंह (पुन्हाना): पिनंगवां इलाके से बिना बताए निकलीं 19 और 15 साल की दो किशोरियों को बहला-फुसलाकर सीकरी के खेतों में ले जाकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने करीब 70 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपी की पहचान की और विसस गांव के रहने वाले ‘सैद’ को गिरफ्तार कर लिया, जो आईटीआई का छात्र है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में इतिहास की पहली जटिल न्यूरोसर्जरी, ‘डॉर्सल रूट एंट्री जोन लेजनिंग’ ऑपरेशन रहा सफल

हिसार: महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा की 12 सदस्यीय डॉक्टरों की टीम ने 30 वर्षों में पहली बार ‘डॉर्सल रूट एंट्री जोन लेजनिंग’ (DREZ Lesioning) का सफलतापूर्वक ऑपरेशन कर इतिहास रच दिया है। रीढ़ की हड्डी और नसों की खराबी के कारण होने वाले असहनीय दर्द से पीड़ित मरीज प्रेम कुमार का यह ऑपरेशन किया गया, जो पिछले 5 सालों से इस गंभीर दर्द से जूझ रहे थे। इस बीमारी के इलाज के विशेषज्ञ पूरे देश में केवल 90 हैं और निजी अस्पतालों में इसका खर्च करीब 10 लाख रुपए आता है, लेकिन अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में इसे बेहद कम खर्च में सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।

◾फ्रांस में बोले PM मोदी-“भारत अब दुनिया को दे रहा समाधान, ‘Innovation is in India’s DNA”

◾J&K : LOC पर एक बार फिर बढ़ा तनाव! पाकिस्तान की तरफ से सीजफायर उल्लंघन की खबर

◾ओमान के समुद्र में अचानक डूब गया भारतीय जहाज; 14 भारतीय क्रू मैंबर थे सवार सभी को सुरक्षित निकाला गया

◾UK का समंदर में हाई-वोल्टेज ऑपरेशन: ब्रिटिश कमांडो ने पहली बार रूसी तेल टैंकर पर किया कब्जा

◾हमने कसाब को भी खिला-पिलाकर जिंदा रखा… घुसपैठियों पर एक्शन से अधीर रंजन चोधरी को दर्द

◾TMC के 20 बागी सांसद NCPI से विलय करेंगे: NDA को समर्थन देने का ऐलान; लोकसभा स्पीकर से संसद में अलग बैठने की जगह मांगी

◾मानसून छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर पहुंचा: MP-राजस्थान समेत 9 राज्यों में प्री-मानसून एक्टिव, बिजली गिरने से यूपी और झारखंड में 12 की मौत

◾बेकार समझा जाने वाला कैक्टस बना किसानों का ‘ब्लू गोल्ड’: मेक्सिको में 1.4 लाख करोड़ रुपए की टकीला इंडस्ट्री, इसके लिए कच्चा माल भेज रहे भारतीय किसान

◾सावधान! कार-डीलर्स खरीददार के नाम पर हड़प रहे सरकारी डिस्काउंट: फर्जी सर्टिफिकेट के जरिए पूरा खेल

◾दिल्ली तुगलकाबाद हादसा- पैसे के विवाद में आग लगाई: नाबालिग अंदर गई, पेट्रोल छिड़का; गाड़ियों में धमाका, हादसे में 3 जानें गईं थीं

◾राम मंदिर चंदा चोरी मामले में पुजारियों की जांच पर भड़के अखिलेश यादव, बताया सनातन का अपमान

◾AI की दुनिया में बड़ा झटका, सबसे ताकतवर एआई मॉडल रातों-रात गैर अमेरिकियों के लिए बैन; भारत के लिए बड़ी चेतावनी

◾ ‘अमेरिका-ईरान के बीच हुआ शांति समझौता’: PAK पीएम के बाद ट्रंप ने की घोषणा; नौसैनिक नाकेबंदी हटाने का भी एलान

◾थलपति विजय और पत्नी संगीता के बीच सुलह की अटकलें तेज, फैमिली कोर्ट में सुनवाई से पहले बातचीत जारी

◾जनसांख्यिकीय बदलावों का अध्ययन कर रही समिति को अमित शाह का निर्देश- सीमावर्ती जिलों का दौरा करें

◾उत्तर कोरिया का बड़ा ऐलान: अमेरिका-दक्षिण कोरिया की निरस्त्रीकरण मांग ठुकराई; कहा- न्यूक्लियर ताकत के रूप में हमारी स्थिति अब स्थायी

◾मोदी और मैक्रों ने द्विपक्षीय वार्ता में रक्षा सहयोग को अधिक सशक्त बनाने पर सहमति व्यक्त की

◾IND vs PAK, Womens T20 World Cup : भारत ने पाकिस्तान को 64 रनों से हराया, दीप्ति शर्मा ने 5 विकेट झटके

​​​

===================================

====================================