नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट…
For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group
https://chat.whatsapp.com/

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖
तुलसी चौक से सिरसा चुंगी तक बनेगा नया सिक्सलेन मार्ग
हिसार टाइम्स – शहर के निवासियों को जल्द ही ट्रैफिक और जाम की गंभीर समस्या से बड़ी राहत मिलने वाली है। लोक निर्माण विभाग (B&R) ने फेज-2 के अंतर्गत तुलसी चौक से लेकर सिरसा चुंगी तक के वर्तमान फोरलेन मार्ग को सिक्सलेन करने का पूरा खाका तैयार किया है। करीब 1600 मीटर लंबे इस टुकड़े को चौड़ा करने के लिए 34.15 करोड़ रुपए का एस्टीमेट तैयार किया गया है, जिसे प्रशासनिक मंजूरी के लिए उच्च अधिकारियों के पास बुधवार को मुख्यालय भेजा गया है।

इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि सड़क के ऊपर बिजली और टेलीफोन के तारों का जाल नजर नहीं आएगा, क्योंकि सभी यूटिलिटी लाइनों को पूरी तरह अंडरग्राउंड किया जा रहा है। बार-बार होने वाली सड़कों की खुदाई को रोकने के लिए सड़क के नीचे एक विशेष ‘अंडरग्राउंड डक्ट सिस्टम’ (कंक्रीट की टनल) बनाई जाएगी, जिससे भविष्य में सभी प्रकार के केबल आसानी से निकाले जा सकेंगे। वर्तमान में इस मार्ग की चौड़ाई दोनों तरफ 7-7 मीटर है, जो इस प्रोजेक्ट के बाद बढ़कर साढ़े 10-साढ़े 10 (10.5) मीटर हो जाएगी।

इस बजट में बिजली निगम को तारों को अंडरग्राउंड करने के लिए 5 करोड़ रुपए, पब्लिक हेल्थ को सीवरेज व पानी की पाइपलाइनों को व्यवस्थित करने के लिए 1.5 करोड़ रुपए और वन विभाग को पेड़ों के प्रबंधन के लिए 50 लाख रुपए दिए जाएंगे। विभाग द्वारा करवाई गई पैमाइश में इस मुख्य रोड पर 45 से ज्यादा अवैध कब्जे पाए गए हैं, जिन्हें हटाने के लिए विभाग जल्द ही नोटिस जारी करने जा रहा है।

टोल शिफ्ट इंचार्ज मर्डर केस में आरोपियों की तलाश तेज
हिसार टाइम्स – बाडो पट्टी टोल प्लाजा पर सोमवार देर रात हुए सनसनीखेज हत्याकांड के आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए हैं। टोल फीस न देने के विवाद में स्कॉर्पियो सवार युवकों द्वारा टोल के शिफ्ट इंचार्ज संजय शुक्ला (निवासी प्रतापगढ़, यूपी) को गाड़ी से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की तीन विशेष टीमें (सीआईए, एवीटी और बरवाला पुलिस) आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने दूसरे शिफ्ट इंचार्ज रुपेश मौर्य के बयान पर गांव बहबलपुर निवासी मनोज फौजी सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था। बुधवार को परिजनों ने टोल प्रबंधन से बैठक के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार कर दिया है।

तलवंडी राणा की पीवीसी फैक्ट्री में नकली पाइपों पर लग रहे थे नामी कंपनियों के लेबल
हिसार टाइम्स – तलवंडी राणा क्षेत्र में स्थित ‘एटी प्लास्ट प्राइवेट लिमिटेड’ नामक फैक्ट्री पर थाना सदर पुलिस और कॉपीराइट एक्सपर्ट्स की संयुक्त टीम ने बड़ी छापेमारी की। फैक्ट्री के भीतर नामी और प्रतिष्ठित ब्रांड्स जैसे सूर्य प्रकाश पीवीसी, वी-गार्ड और सिंटेक्स के नकली लेबल, मोहरें और ट्रेडमार्क का अवैध रूप से उपयोग कर धड़ल्ले से नकली पाइपों का निर्माण किया जा रहा था। टीम ने मौके से भारी मात्रा में तैयार बंडल और नकली मोहरें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी गई है। आरके एंड एसोसिएट्स के ऑपरेशन मैनेजर्स की शिकायत और एक्सपर्ट्स की पुष्टि के बाद पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर माल को जब्त कर लिया है।

हिसार-अग्रोहा रूट पर एसी इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू
हिसार टाइम्स – हरियाणा रोडवेज द्वारा अग्रोहा रूट पर शुरू की गई नई एसी इलेक्ट्रिक बस सेवा को पहले ही दिन यात्रियों का शानदार रिस्पॉन्स मिला, जहां पहले दिन करीब 150 यात्रियों ने इस ई-बस में सफर कर सुविधा का लाभ उठाया। हालांकि, पहले दिन सुबह के समय फास्टैग बैलेंस की कमी के कारण बस को टोल प्लाजा पर करीब 10 मिनट तक रुकना पड़ा, जिससे यात्रियों को थोड़ी देरी हुई, परंतु अधिकारियों ने तुरंत इस समस्या का समाधान करवा दिया। वर्तमान में ये बसें सुरक्षा की दृष्टि से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलाई जा रही हैं, लेकिन जेबीएम कंपनी के अधिकारियों के अनुसार जल्द ही आवश्यक तकनीकी तैयारियां पूर्ण कर इसकी गति सीमा को बढ़ाकर 65 किलोमीटर प्रति घंटा कर दिया जाएगा।

ट्रेन की चपेट में आने से टाइल मिस्त्री की मौत
हिसार के कैमरी मार्ग के समीप ट्रेन की चपेट में आने से एक 18 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई, जिसकी पहचान संतोष (निवासी विराट नगर) के रूप में हुई है, जो पत्थर व टाइल लगाने का काम करता था। रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

नागरिक अस्पताल में चूहों का खौफ
नागरिक अस्पताल प्रबंधन ने शव गृह में चूहों के भय से डी-फ्रीजर की सुरक्षा बढ़ा दी है और एल्युमिनियम गेट के आगे व पीछे स्टील की मजबूत डबल जाली लगवाई है। हालांकि, कंपनी के इंजीनियर्स द्वारा बिना हैंडओवर किए चले जाने के कारण मुख्य डी-फ्रीजर की सेवा अभी बहाल नहीं हो सकी है और अस्पताल प्रशासन दान में मिले दो सिंगल चैंबर फ्रीजरों के सहारे काम चला रहा है।

जिले का मौसम अपडेट
हिसार जिले में दिन और रात के तापमान में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, जहां गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक रहा, वहीं न्यूनतम तापमान गिरावट के साथ 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण 28 जून तक उमस बनी रहेगी, जिसके बाद मौसम बदलने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

शहर की अन्य गतिविधियां
शहर के खजांचियान बाजार स्थित श्री कृष्ण बड़ा मंदिर में आज शाम 6 बजे से भव्य संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा और श्री हनुमान मंदिर मंडल ट्रस्ट द्वारा मोती बाजार में सुबह 9:15 बजे से खीर का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

स्थानीय सर्राफा बाजार
24 कैरेट सोने का भाव ₹144500 प्रति 10 ग्राम तथा 22 कैरेट सोने का भाव ₹132700 प्रति 10 ग्राम (जीएसटी रहित) दर्ज किया गया है।



अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निषेध दिवस पर आज GJU में राज्य स्तरीय कार्यक्रम
हरियाणा में नशे के खिलाफ जारी लड़ाई आज भी मुख्य रूप से पारंपरिक नशीले पदार्थों के इर्द-गिर्द घूम रही है। राज्य के नशा मुक्ति केंद्रों के आंकड़े बताते हैं कि भुक्की, अफीम, हेरोइन, ओपिओइड-डोडा और स्मैक की लत प्रदेश के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। इन पांच श्रेणियों के मरीज कुल नशाग्रस्त लोगों का 76.73 प्रतिशत हैं। इसमें सर्वाधिक 60,687 मरीज भुक्की के पीड़ित पाए गए हैं, जो 29.06% हिस्सेदारी के साथ सबसे बड़ा नशा है। इसके बाद अफीम (21.84%), हेरोइन (12.29%) और ओपिओइड-डोडा (8.88%) का स्थान आता है। शराब, तंबाकू और बढ़ता सिंथेटिक व मिश्रित नशा युवाओं के लिए नई चिंता बन गया है।
इसी के मद्देनजर सरकारी स्वास्थ्य एजेंसियां नशे को एक बीमारी मानते हुए उपचार, पुनर्वास और रोकथाम पर आधारित मॉडल अपनाने पर फोकस कर रही हैं। हर जिले में नशामुक्ति केंद्र, स्कूलों में जीवन कौशल शिक्षा और डिजिटल निगरानी प्रणाली संचालित की जा रही है। नशा तस्करों के खिलाफ हिसार पुलिस भी मुस्तैद है। पिछले वर्ष (25 जून तक) जहां 52 एनडीपीएस मामलों में 119 आरोपी पकड़े गए थे, वहीं इस साल पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए 117 मामले दर्ज कर 198 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा है और 937 पुराने तस्करों की कुंडली खंगाली जा रही है
हिसार-हांसी के 15 प्रतिनिधि राज्य स्तरीय कार्यक्रम में होंगे सम्मानित
26 जून को गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJU) में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी मुख्य अतिथि होंगे। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत उल्लेखनीय कार्य करने वाले हिसार और हांसी के 15 प्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित होने वालों में दीपक ग्रेवाल (सेवा सदन सोसायटी), राहुल शर्मा (काउंसलर), डॉ. सुशील गर्ग (डिप्टी सिविल सर्जन), डॉ. शालू बूरा (मनोवैज्ञानिक), डॉ. प्रशांत कुमार (मनोचिकित्सक), महेंद्र सिंह, सतीश कुमार, सब इंस्पेक्टर हवा सिंह, एसआई इंद्र सिंह, खिलाड़ी स्वीटी, छत्रपाल, रमेश भरवाना, सुरेश गुप्ता, डॉ. विशाल सैनी, गुरुदयाल, राजेश, डॉ. संजय कुमार, तरुण शर्मा और डॉ. चंद्रशेखर शामिल हैं।
दिल्ली रोड पर फॉर्च्यूनर घेरकर जानलेवा हमला, पिस्तौल तानकर ₹2 लाख छीनने का आरोप
हिसार के दिल्ली रोड पर कैंट के समीप रंगदारी न देने पर प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। गांव ढाणी बुखारी निवासी प्रॉपर्टी डीलर सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि बुधवार शाम वह अनाज मंडी स्थित कार्यालय से दो लाख रुपए लेकर घर जा रहा था। रात करीब 9 बजे हिसार कैंट मुख्य गेट के पास दो गाड़ियों में सवार होकर आए युवकों ने उसकी फॉर्च्यूनर के आगे अपनी गाड़ियां अड़ा दीं।
मुख्य आरोपी शमशेर उर्फ लालू ने खिड़की खोलकर सुरेंद्र की छाती पर पिस्तौल तान दी और कहा कि हिसार में काम करना है तो पैसे देने होंगे। इसके बाद गाड़ी में रखे दो लाख रुपए छीन लिए गए। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे नीचे खींचकर लाठी-डंडों व गंडासी से बेरहमी से पीटा और गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। वारदात के दौरान डायल-112 की टीम को आता देख आरोपी फरार हो गए। सदर थाना प्रभारी ईश्वर सिंह के अनुसार पुलिस ने शमशेर उर्फ लालू, रवि और पुच्ची के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ठगी की राशि दूसरे के खाते में डलवाने का आरोप, बैंक अकाउंट फ्रीज
साइबर थाना पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी की रकम को दूसरों के बैंक खातों में ट्रांसफर करवाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। गांव सवाण (सावल) के एक युवक ने शिकायत दी कि 7 जून को पैसों की जरूरत होने पर उसने गांव के ही एक डेयरी संचालक से अपने आईडीएफसी बैंक खाते में 26,500 रुपए डलवाए थे, जिसे बाद में उसने अपने ताऊ के बेटे के खाते में ट्रांसफर कर दिया।
अगले दिन उसके मोबाइल पर राशि होल्ड होने का संदेश आया। जांच करने पर पता चला कि यह राशि साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी है, जिसका मुकदमा उत्तराखंड के मंगलौर थाने में दर्ज है। इस धोखाधड़ी के कारण पीड़ित और उसके भाई के खातों में 73-73 हजार रुपए और होल्ड कर दिए गए हैं, जिससे उनके खाते फ्रीज हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सरकारी स्कूलों में खेल सुविधाओं का होगा डिजिटल सर्वे, 9 जुलाई तक पोर्टल पर देनी होगी रिपोर्ट
हरियाणा के सरकारी स्कूलों में खेल सुविधाओं का वास्तविक डेटा अब ऑनलाइन सामने आएगा। शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी सरकारी हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में उपलब्ध खेल इंफ्रास्ट्रक्चर का डिजिटल सर्वे शुरू किया है। इसके तहत हर स्कूल को एमआईएस (MIS) पोर्टल के माध्यम से लॉगिन कर अपने खेल मैदान की स्थिति, खेल सामग्री, इंडोर-आउटडोर गेम्स और भविष्य की आवश्यकताओं की जानकारी अपलोड करनी होगी।
इस डेटा के आधार पर विभाग यह आकलन करेगा कि कहां संसाधनों की कमी है और उसी अनुसार खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए बजट की योजना बनाई जाएगी। पोर्टल से जनरेट होने वाली रिपोर्ट का स्कूल प्राचार्य और खेल प्रभारी भौतिक सत्यापन करेंगे और हस्ताक्षरित रिपोर्ट को दोबारा अपलोड करेंगे। विभाग ने इसकी अंतिम तिथि 9 जुलाई 2026 निर्धारित की है।
किरमारा गांव के अमनदीप का सात साल बाद भी नहीं लगा सुराग
किरमारा गांव से करीब सात वर्ष से लापता 28 वर्षीय युवक अमनदीप का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। लापता युवक की बहन अनिता देवी ने बताया कि अमनदीप ने नॉन-मेडिकल से 12वीं पास करने के बाद 2019 में मेडिकल कॉलेज में दाखिला लिया था। इसी दौरान लॉकडाउन लगने से घर की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई। लॉकडाउन में अमनदीप हिसार अपने दोस्त से मिलने की बात कहकर घर से पैदल निकला था, जिसके बाद से उसका फोन बंद है। बहन का आरोप है कि लॉकडाउन खुलने के बाद जब वे थाना में रपट दर्ज कराने गए तो मना कर दिया गया। उधर, सदर थाना प्रभारी ईश्वर सिंह का कहना है कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं है और न ही कोई गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने आया है।
जहरीला पदार्थ खाने से विवाहिता की मौत: उकलाना के गांव कंडूल निवासी 37 वर्षीय पूनम (पत्नी मनोज) ने बुधवार को गलती से कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे बरवाला और फिर हिसार के निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गई है। पुलिस ने इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।
डीसी ने जांची जल निकासी तैयारियां: आगामी मानसून के मद्देनजर उपायुक्त महेंद्र पाल ने प्रमुख ड्रेनों और जलभराव संभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने ट्रेन सफाई, पंप सेट, साइफन पंप और पैनल बोर्ड की कार्यशीलता जांची तथा निचले इलाकों में अतिरिक्त पंप व मशीनरी तैयार रखने के निर्देश दिए।
रेड स्क्वायर मार्केट में अवैध कब्जों पर चलेगा बुलडोजर: हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) द्वारा रेड स्क्वायर मार्केट (सेक्टर सीपूई-1) में किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एसडीएम ज्योति ने आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एसडीओ सुरेंदर सिंह को 30 जून 2026 के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है और एसपी को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं।
















===================================

====================================























