नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट…

For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group

👇

https://chat.whatsapp.com/

EHzVoGH50MdINoYniG4crH

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖

हिसार टाइम्स – हिसार एयरपोर्ट के सामने से दो रोड रोलर चोरी होने का एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसके बाद सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राजस्थान के बीबीपुर निवासी महेंद्र और गंगवा निवासी रवि ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके दो रोड रोलर एयरपोर्ट के सामने खड़े थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात ‘मिश्रा’ नाम के एक व्यक्ति से हुई, जिसने खुद को कंपनी का कर्मचारी बताते हुए रोलर किराए पर दिलाने का झांसा दिया और 9 जुलाई को एग्रीमेंट के लिए दस्तावेज लेकर बुलाया।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, जब वे तय समय पर मौके पर पहुंचे तो दोनों रोड रोलर वहां से गायब थे। पूछताछ करने पर पता चला कि ये रोलर सेक्टर-28 स्थित फतेह सिंह नाम के एक कबाड़ी के पास पहुंच चुके हैं। कबाड़ी ने बताया कि उसने ये दोनों रोड रोलर मिश्रा से चार लाख रुपये में खरीदे हैं। पीड़ितों का दावा है कि ये रोलर उनके हैं और बिना उनकी अनुमति के बेचे गए हैं। पुलिस फिलहाल रोड रोलर किराए पर दिलाने का झांसा देने वाले व्यक्ति और कबाड़ी फतेह सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश कर रही है।

बेटे के जन्मदिन पर 15 राउंड हर्ष फायरिंग पड़ी भारी, बंदूक बरामद, रिटायर्ड फौजी पर केस दर्ज

हिसार टाइम्स – ढंडूर गांव में एक रिटायर्ड फौजी को अपने बेटे के जन्मदिन पर खुशी में हवाई फायरिंग करना बेहद भारी पड़ गया। डायल-112 पर मिली सूचना के बाद सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश कुमार उर्फ रिंकू को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 बोर की एक दुनाली बंदूक और 15 खाली कारतूस के खोल बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने अपने बेटे सुखबीर के जन्मदिन के मौके पर मकान की छत से ये फायर किए थे। हथियार के लाइसेंस के बारे में पूछने पर उसने बताया कि उसका लाइसेंस नवीनीकरण (रिन्यूअल) के लिए जम्मू-कश्मीर भेजा गया है और फिलहाल उसके पास लाइसेंस मौजूद नहीं था। पुलिस ने हथियार और खाली कारतूसों को जब्त कर पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी करवाई है और आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने लाखों के गुमशुदा 13 मोबाइल मालिकों के हवाले किए

हिसार: जिले की साइबर सुरक्षा शाखा ने मोबाइल गुम होने की शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जुलाई महीने के दूसरे सप्ताह में 13 शिकायतों का निपटारा किया है और गुम हुए 13 मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने अपने कार्यालय में इन गुमशुदा मोबाइल फोनों के असल मालिकों को बुलाकर उनके फोन सौंपे।

अवैध हथियार के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

हिसार पुलिस ने सीआईए मिलगेट प्रभारी पुलिस पीएसआई संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम जब गश्त के दौरान सेक्टर-16/17 रोड स्थित बिजली घर के पास मौजूद थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लाडवा निवासी राममेहर को काबू कर लिया और उसके पास से अवैध हथियार बरामद किया है।

परिवार नियोजन का जिम्मा महिलाओं पर: पुरुषों की भागीदारी बेहद कम

जिले में परिवार नियोजन के प्रति महिलाओं की भागीदारी पुरुषों की तुलना में कहीं अधिक बनी हुई है. वित्त वर्ष 2026-27 के पहले तीन महीनों (अप्रैल से जून) में जहां 2,741 महिलाओं ने नलबंदी कराई, वहीं केवल 7 पुरुषों ने ननसंदी अपनाई है. पिछले साल 2025-26 में भी 6,522 महिलाओं के मुकाबले महज 20 पुरुषों ने ही नसबंदी करवाई थी. डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. अनामिका बिश्नोई के अनुसार, सामाजिक भ्रांतियों के कारण पुरुष नसबंदी की स्वीकार्यता बेहद कम है, जबकि चिकित्सा विज्ञान इसे पूरी तरह सुरक्षित और सरल मानता है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस असंतुलन को दूर करने और जागरूकता बढ़ाने के लिए 11 से 18 जुलाई तक ‘जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा’ मनाया जा रहा है.

भारत-फ्रांस के बीच पशु चिकित्सा सहयोग: लुवास पहुंची फ्रांसीसी टीम

लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार में फ्रांस दूतावास की कृषि मामलों की काउंसलर मोनिक द्वान और नेहा ने दौरा किया. इस दौरे का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच पशु चिकित्सा प्रबंधन और उच्च स्तरीय शिक्षा के क्षेत्र में स्टूडेंट व फैकल्टी एक्सचेंज प्रोग्राम की जमीन तैयार करना था. फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल लुवास के विशाल वेटरनरी क्लिनिक और आधुनिक लैब्स को देखकर दंग रह गया और उन्होंने माना कि तकनीक के मामले में यह संस्थान यूरोप के मानकों से मेल खाता है. इस सहयोग से जल्द ही दोनों देशों के छात्रों के लिए एक-दूसरे के यहाँ उच्च शिक्षा और रिसर्च के रास्ते खुलेंगे.

भवन निर्माण मजदूरों का प्रदर्शन: पीडब्ल्यूडी मंत्री रणधीर गंगवा के आवास का घेराव

संयुक्त मोर्चा निर्माण यूनियन से जुड़े सैकड़ों मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर कैमरी रोड स्थित पीडब्ल्यूडी मंत्री रणधीर गंगवा के आवास का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की. इस दौरान गुस्साए मजदूरों ने पुलिस बैरिकेड्स तोड़कर आवास परिसर के अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया, जिससे पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी हुई. मजदूर नेताओं का आरोप है कि जो मजदूर साल 2008 से ‘हरियाणा भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड’ में पंजीकृत हैं, सरकार ने उन्हें अचानक “फर्जी” बताकर बोर्ड से बाहर कर दिया है और अब दोबारा नए सिरे से पंजीकरण कराने के मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिसकी प्रक्रिया बेहद जटिल और लंबी है. कुछ घंटों के धरने के बाद, मंत्री के भाई रामचंद्र ने मजदूरों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा, जिसके बाद मजदूर शांत हुए.

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 12 जुलाई को जीजेयू में करेंगे विकास परियोजनाओं का उद्घाटन

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 12 जुलाई को गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू), हिसार के दौरे पर आ रहे हैं. वे विश्वविद्यालय के सीआरएस सभागार में दोपहर 1 बजे विद्यार्थियों और जनसमूह को संबोधित करेंगे. इस दौरान वे परिसर में पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा देने वाले “खेजड़ली महाबलिदान स्मृति शिल्प” और “माता अमृता देवी सर्कल” का लोकार्पण करेंगे. साथ ही, छात्राओं के लिए 140 कमरों वाले नए महिला छात्रावास और एक नए नर्सिंग ब्लॉक का शिलान्यास भी उनके द्वारा किया जाना प्रस्तावित है.

ऑनलाइन शॉपिंग रिफंड के नाम पर महिला से ₹99 हजार की ठगी

हिसार के डोगरान मोहल्ला की एक 31 वर्षीय युवती ऑनलाइन कपड़ों की खरीदारी के बाद साइबर ठगी का शिकार हो गई. युवती को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने कपड़ों का रिफंड गूगल पे खाते में भेजने का झांसा देकर उससे नंबर मांगा. पेमेंट चेक करने के दौरान महिला के मोबाइल की स्क्रीन अचानक बंद हो गई और फोन चालू होने पर उसके खाते से चार बार में कुल 99 हजार रुपये कटने के मैसेज मिले. पीड़िता ने इसकी शिकायत साइबर पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साइबर विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि सोशल मीडिया पर फैले फर्जी विज्ञापनों और साइटों से सावधान रहें और किसी भी तरह की ऑनलाइन खरीदारी या सौदे से पहले विक्रेता व वेबसाइट का सत्यापन जरूर करें.

मां के लिव-इन पार्टनर पर दुष्कर्म के प्रयास व बेचने की धमकी का आरोप

हिसार के एचटीएम थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपनी मां के लिव-इन पार्टनर पर गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है. पीड़िता का आरोप है कि 2 जुलाई 2026 की रात आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया. शोर मचाने पर जब मां ने विरोध किया, तो आरोपी ने पिस्तौल निकालकर दोनों को जान से मारने और सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर बेचने की धमकी दी. पीड़िता की मां पिछले 10 साल से अपने पहले पति से अलग होकर इस व्यक्ति के साथ रह रही थी. एचटीएम थाना पुलिस ने इस मामले में zero FIR दर्ज कर आगामी कार्रवाई के लिए जींद पुलिस को मामला सौंप दिया है.

पीजी के बाहर युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर

भिवानी के गांव बामला निवासी 21 वर्षीय सुमित पर हिसार के एक पीजी के बाहर चाकू से जानलेवा हमला किया गया. सुमित ने पुलिस को बताया कि 8 जुलाई को गीता भवन पार्क में उसकी अयान नाम के युवक से कहासुनी हुई थी. इसी रंजिश के चलते रात करीब 11 बजे अयान अपने साथियों रोनी और हिमांशु के साथ सुमित के पीजी पहुंचा और उसे नीचे बुलाकर मारपीट की. इस दौरान अयान ने सुमित की कमर पर चाकू से तीन-चार वार किए और शोर मचने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए. घायल सुमित का नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है और पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

राजगुरु मार्केट एसोसिएशन के पूर्व प्रधान को जातिगत अपमान व गोली मारने की धमकी

हिसार के लाजपत नगर क्षेत्र में राजगुरु मार्केट एसोसिएशन के पूर्व प्रधान और राष्ट्रीय पंजाबी सभा के अध्यक्ष अक्षय मलिक के साथ कथित तौर पर अभद्रता और जातिगत अपमानजनक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि स्कॉर्पियो गाड़ी में आए कुछ युवकों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और गोली मारने की धमकी दी. घटना के विरोध में पंजाबी समाज के लोग पीएलए चौकी पहुंचे और लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

अंडर-23 नेशनल कुश्ती में हिसार की पहलवानों ने जीते 4 पदक

रोहतक में आयोजित अंडर-23 नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप में हिसार की आजाद नगर स्थित सुशील कुमार कुश्ती अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक सहित कुल चार पदक जीते हैं. अकादमी के कोच जसवीर के अनुसार, 57 किलोग्राम भार वर्ग में रीना ने महाराष्ट्र की पहलवान को 10-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता. वहीं 59 किलोग्राम वर्ग में सिमरन ने हिमाचल प्रदेश की पहलवान को 10-0 से शिकस्त देकर दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया. 72 किलोग्राम वर्ग में मंजू को फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र की पहलवान से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा, जबकि वैष्णवी ने कांस्य पदक के मुकाबले में पंजाब की खिलाड़ी को 10-0 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया.

14 घंटे थमा रहा रोडवेज का चक्का: 4.10 करोड़ रुपए खाते में आते ही चलीं बसें

अधिकारियों के आश्वासन पर रोडवेज यूनियन ने 15 दिन के लिए टाला आंदोलन

नाइट भत्ते सहित अपनी मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारियों द्वारा शुक्रवार तड़के शुरू किया गया चक्का जाम 14 घंटे बाद समाप्त हो गया. सुबह 3:40 बजे चंडीगढ़ जाने वाली पहली बस रोककर आंदोलन शुरू किया गया, जिससे दिल्ली, सिरसा, जयपुर सहित कई प्रमुख रूट प्रभावित रहे और यात्रियों को भारी परेशानी हुई. दोपहर में एसडीएम ज्योति मित्तल और अन्य अधिकारियों के साथ वार्ता के बाद, शाम करीब 5 बजे कर्मचारियों के खातों में 4.10 करोड़ रुपए जमा होने पर हड़ताल स्थगित की गई. यूनियन के प्रधान अजय दुहन ने बताया कि मेडिकल भत्ते आदि का 2.50 करोड़ रुपए अभी बकाया है. प्रशासन द्वारा इसके भुगतान के लिए 15 दिन का समय मांगने पर हड़ताल टाली गई है, मांग पूरी न होने पर 26 जुलाई से दोबारा आंदोलन शुरू होगा.

रोडवेज को लगा अनुमानित ₹18 लाख का नुकसान

हजारों यात्री हुए परेशान, ई-बसों के 42 फेरे रहे रद्द

कर्मचारियों की इस हड़ताल के कारण रोडवेज विभाग को एक ही दिन में करीब 15 से 18 लाख रुपए के राजस्व का नुकसान हुआ है. हिसार डिपो से लगभग 80 रूटों पर बसें नहीं चल सकीं. इसके अलावा, शहर में चलने वाली सिटी एसी ई-बसें भी बंद रहीं. सामान्य दिनों में चलने वाली 5 ई-बसों के 51 फेरों में से 42 फेरे रद्द रहे, जिससे अकेले ई-बसों से ही 45 हजार रुपए से अधिक का नुकसान हुआ. शाम को हड़ताल समाप्त होने के बाद केवल 9 फेरे ही लगाए जा सके.

वार्ड कमेटियां करेंगी अब पेंशन का भौतिक सत्यापन (ग्राउंड वेरिफिकेशन)

जिम्मेदारियों में सक्रियता लाने के लिए हर तीन माह में बैठक जरूरी, ‘बेस्ट वार्ड कमेटी अवॉर्ड’ की होगी शुरुआत

नगर निगम के मुख्य सभागार में शुक्रवार को सभी 20 वार्डों की कमेटियों की एक संयुक्त बैठक हुई. अतिरिक्त निगमायुक्त बीरेन्द्र सहारण ने बताया कि हरियाणा नागरिक भागीदारी अधिनियम 2008 के तहत कमेटियों का गठन और प्रशिक्षण पूरा हो चुका है. अब ये कमेटियां अपने क्षेत्रों में स्वच्छता, सड़क, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसे विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर निगम के माध्यम से सरकार को भेजेंगी. इसके अलावा, इन्हें लाडो लक्ष्मी योजना और बुजुर्ग सम्मान भत्ता योजना के लाभार्थियों के ग्राउंड वेरिफिकेशन तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण का जिम्मा सौंपा जाएगा. बेहतर काम करने वाली कमेटियों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘बेस्ट वार्ड कमेटी अवॉर्ड’ भी दिया जाएगा.

भ्रूण को झाड़ियों में फेंकने के मामले में पीएनडीटी विंग भी जांच में जुटी

अवैध तरीके से प्रतिबंधित दवा देकर गर्भपात कराने की आशंका, आरोपी प्रेमी का रिमांड आज होगा खत्म

हिसार के ऋषि नगर की झाड़ियों में नवजात भ्रूण मिलने के मामले में सिटी थाना पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार को गिरफ्तार किया है. आशंका है कि आरोपी ने प्रतिबंधित दवाइयां देकर अपनी प्रेमिका का अवैध गर्भपात करवाया, जिसके बाद पुलिस दवा मुहैया कराने वाले की तलाश कर रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की पीएनडीटी (PNDT) विंग भी जांच में जुट गई है. थाना प्रभारी अमित कुंडू ने बताया कि भ्रूण का पोस्टमार्टम करवाकर रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और दो दिन के रिमांड के बाद आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा.

एक्सपर्ट व्यू (ड्रग कंट्रोल ऑफिसर अजय लुहाच): उन्होंने बताया कि लिंगानुपात सुधारने और अवैध गर्भपात पर रोक लगाने के लिए सरकार ने मेडिकल स्टोर्स पर एमटीपी (MTP) किट की बिक्री पर रोक लगा रखी है. यह दवा केवल पंजीकृत एवं वैध निजी अस्पतालों में संचालित एमटीपी सेंटर्स पर ही उपलब्ध होती है.

खुले में कूड़ा डालने पर लगा ₹5 हजार का जुर्माना

नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर निगम सख्त

शहर में स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी कर रही नगर निगम की टीमों ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की है. निरीक्षण के दौरान जहाज पुल के पास एक धर्मशाला के कर्मचारी को खुले में कचरा डालते पकड़े जाने पर एएसआई राहुल सैनी और राहुल पंवार की टीम ने ₹5000 का चालान काटा. इसी तरह, फाटक रोड पर स्थित एक कंपनी द्वारा भी खुले में कचरा फेंकने पर ₹5000 का जुर्माना लगाया गया.

◾पेट्रोलियम मंत्रालय का बड़ा बयान- सालों की टेस्टिंग के बाद लागू हुआ E20 इथेनॉल ब्लेंडिंग प्रोग्राम

◾सरकार ने लागू किया नया नियम- डॉक्टर की पर्ची के बिना नहीं मिलेगी 12% से ज्यादा अल्कोहल वाली दवा

◾इजरायल का सनसनीखेज दावा: ईरान ने बनाया ट्रंप की हत्या का प्लान, खुफिया रिपोर्ट से मचा हड़कंप

◾ट्रंप की ईरान को आखिरी चेतावनी: ‘अगर मेरी हत्या हुई तो तेहरान पर बरसेंगे इतने बम की हिल जाएगा पूरा देश

◾करूर भगदड़ पीड़ितों के परिवारों को नौकरी पत्र सौंपते समय रो पड़े CM विजय

◾शेख हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने का किया ऐलान, बोलीं- मुझे मार देंगे

◾2029 से लागू हो सकता है वन नेशन वन इलेक्शन: संसदीय समिति के अध्यक्ष बोले- 99% लोग पक्ष में; राज्यों के विशेषज्ञों से सलाह ले रहे

◾ED का दावा- AAP मंत्री फर्जी आईफोन घोटाले के मास्टरमाइंड:₹103 करोड़ के मोबाइल सिर्फ कागजों में दुबई भेजे, एक जैसे मोबाइल नंबर और ईमेल मिले

◾भारत-चीन व्यापार की शुरुआत टली: गुंजी में इंतजार कर रहे 100 भारतीय व्यापारी; चीन ने कहा- दुकानों और गोदामों का काम जारी

◾दतिया उपचुनाव से पहले राजेंद्र भारती की याचिका खारिज: दिल्ली हाईकोर्ट ने सजा पर रोक से किया इनकार; FD घोटाला केस में गई विधायकी

◾सैटेलाइट इमेज में राजस्थान-गुजरात से बादल गायब: बिहार-झारखंड में बारिश का रेड अलर्ट; सुपर टायफून बावी से देश में धीमा पड़ेगा मानसून

◾पीएम मोदी ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री के साथ बैठक की: ऑकलैंड में 40,000 लोगों को संबोधित करेंगे; 40 बाद भारतीय प्रधानमंत्री का न्यूजीलैंड दौरा

◾असम में बहुविवाह पर करारा वार, अब दूसरी शादी करने वालों को नहीं मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ

◾बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव को बड़ा झटका, चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनाई 3 महीने की जेल की सजा

◾Share Market Today: बाजार में उछाल, सेंसेक्स 700 अंक चढ़ा; रुपया भी मजबूत होकर 95.32 प्रति डॉलर पर

◾PM Modi New Zealand Visit: भारत-न्यूजीलैंड एफटीए को मिलेगी मंजूरी, रक्षा समेत कई समझौतों पर भी लगेगी मुहर

◾WDMMA Ranking: यूएस-रूस के बाद भारतीय वायुसेना है सबसे ज्यादा ताकतवर, चीन को लगातार पांचवीं बार पछाड़ा?

◾दिल्ली में बाल तस्करी: एक और अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, चार बच्चों को बचाया; 10 आरोपी भी गिरफ्तार

◾ENG vs IND : आज क्लीन स्वीप से बचने उतरेगी भारतीय टीम, इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टी-20 में होंगे बड़े बदलाव

===================================

====================================