नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट…
For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group
https://chat.whatsapp.com/

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖
4.07 करोड़ की जमीन पर धोखाधड़ी: बिना मंजूरी कॉलोनी काटने के आरोप में केस दर्ज
हिसार टाइम्स – हिसार के रायपुर रोड मिल गेट क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर बिना सरकारी मंजूरी के ‘मिर्जापुर’ नाम से अवैध कॉलोनी विकसित करने और निवेशकों से फ्रॉड करने का मामला सामने आया है. इस जालसाजी की पोल तब खुली जब एक पीड़ित राजेश ने आरटीआई के तहत डीटीपी कार्यालय से जानकारी मांगी और वहां से जवाब मिला कि इस जमीन पर कॉलोनी काटने की कोई अनुमति नहीं दी गई है. आईजी हिसार रेंज के हस्तक्षेप के बाद आरोपी अनिल गर्ग, सज्जन कुमार, प्रदीप सिंह और भू-स्वामी रामफल के खिलाफ धोखाधड़ी व आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया है.

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने भू-स्वामी से 18 कनाल 10 मरला भूमि का सौदा 4.07 करोड़ रुपये में तय किया था, लेकिन रजिस्ट्री अपने नाम होने से पहले ही आम जनता को गुमराह कर नकद (कैश) में प्लॉट बेचने लगे. आरोपियों ने पीड़ित से 2 लाख रुपये नकद लेने के बाद रजिस्ट्री के वक्त ‘कैसिल्ड चेक’ की मांग की ताकि काले धन को सफेद दिखाया जा सके. संदेह होने पर जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी.
कैश के दम पर अवैध प्लॉटिंग का खेल: इस जमीन पर बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के 100 से 150 वर्गगज के प्लॉट काट दिए गए। इन्हें ₹7500 से ₹8250 प्रति वर्गगज की दर से सीधे नगद भुगतान पर बेचा जा रहा था। भोले-भाले निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए आरोपी एक फर्जी परफॉर्मा रसीद और इकरारनामा थमा देते थे। साथ ही यह झूठा आश्वासन भी दिया जाता था कि रजिस्ट्री सीधे असल मालिक के नाम से ही कराई जाएगी।

RTI से बेनकाब हुआ करोड़ों का फर्जीवाड़ा: रायपुर रोड, मिल गेट निवासी पीड़ित राजेश कुमार ने बताया कि उन्होंने भी इस अवैध कॉलोनी में दो प्लॉट बुक किए थे। सौदा संदिग्ध लगने पर जब उन्होंने जिला नगर योजनाकार कार्यालय (DTP) में आरटीआई (RTI) लगाई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। विभाग से मिले जवाब में साफ हुआ कि मिर्जापुर के संबंधित खसरा नंबरों पर कॉलोनी विकसित करने के लिए कभी कोई अनुमति या लाइसेंस जारी ही नहीं किया गया था।
पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी: पीड़ित राजेश का आरोप है कि फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ होने के बाद जब उन्होंने अपने ₹2 लाख वापस मांगे, तो आरोपियों ने रकम लौटाने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, अपनी रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने राजेश को जान से मारने की धमकी भी दी…
हमने कैश लौटा दिए थे, दबाव बनाया जा रहा
वहीं इस बारे में प्रदीप सहरावत ने बताया कि जिन व्यक्तियों ने मेरे खिलाफ शिकायत दी है वह दोनों गोल्डसुक के कर्मचारी हैं। इन्होंने एग्रीमेंट के तहत जमीन का हिस्सा लिया था। इन्होंने बदले में 2 लाख रुपए कैश पेमेंट दी थी और बाद में अलग-अलग थानों में शिकायत दे दी थी। हमने पूरा कैश भी लौटा दिया था। यह पूरा मामला गोल्डसुक मैटर में दबाव बनाने के लिए उठाया गया है।

80 लाख रुपये की बरामदगी का मामला: अदालत पहुंचे आईटी अफसर, एफडी कराने का आदेश खारिज करने की मांग
हिसार टाइम्स – सिविल लाइन थाना पुलिस द्वारा बरामद किए गए 80 लाख रुपये के मामले में आयकर विभाग (रोहतक इन्वेस्टिगेशन विंग) ने सेशन कोर्ट में एक रिवीजन याचिका दायर की है. विभाग ने सीजेएम कोर्ट के उस पुराने आदेश को खारिज करने की मांग की है, जिसमें इस राशि को शिकायतकर्ता नंदलाल के नाम पर बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) कराने के निर्देश दिए गए थे. आयकर विभाग का तर्क है कि इनकम टैक्स एक्ट 2025 की धारा 248 के तहत संदिग्ध या बेहिसाबी संपत्ति को जब्त करने और उसकी जांच करने का विशेष अधिकार केवल उनके पास है.

जांच के दौरान विभाग ने बताया कि 12 दिसंबर 2025 को बयान दर्ज कराते समय शिकायतकर्ता नंदलाल ने विधायक रणबीर सिंह गंगवा के नाम का जिक्र किया था, जिसके बाद विभाग ने विधायक सहित अन्य को समन भी भेजा था. हालांकि, विधायक ने इस मामले से अपना कोई भी संबंध होने से इनकार किया है. विभाग का कहना है कि जब तक पैसे का असली मालिक तय नहीं हो जाता, तब तक इसे निजी व्यक्ति के नाम ब्लॉक करना गैर-कानूनी है और यह कैश विभाग को मिलना चाहिए. मामले की अगली सुनवाई 27 जुलाई को होगी.
हरिद्वार में हरियाणा के युवकों की पिटाई का वीडियो👇

सरकारी स्कूलों की बदहाली: 691 करोड़ रुपये का बजट पास, फिर भी फाइलों में अटके काम
हिसार टाइम्स – हरियाणा के सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए बेहतर भवन, अतिरिक्त कक्ष, विज्ञान प्रयोगशालाएं और टॉयलेट जैसी आधारभूत सुविधाओं का सपना फाइलों में कैद है. समग्र शिक्षा अभियान की केंद्रीय समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में 691.88 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरे हैं. वर्ष 2018-19 से 2020-21 के बीच स्वीकृत जिन भवनों का निर्माण वर्षों पहले शुरू होना था, वे आज भी प्रशासनिक मंजूरी या कछुआ चाल के कारण लटके हुए हैं. केंद्र सरकार ने अब सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जब तक पुराने (स्पिलओवर) कार्य पूरे नहीं हो जाते, तब तक नई योजनाओं के लिए बजट स्वीकृत नहीं होगा. साथ ही 2018-19 से 2020-21 के बीच के सभी लंबित सिविल कार्यों की समीक्षा कर, काम शुरू न होने वाली परियोजनाओं को रद्द माना जाएगा.

जमीन पर बदहाली के दो मामले:
(दाहिमा राजकीय प्राथमिक पाठशाला): यहाँ पहली से पांचवीं कक्षा तक के 50 बच्चे वर्ष 2016 में कंडम घोषित हो चुके जर्जर भवन में पढ़ने को मजबूर हैं. हाल ही में बारिश के दौरान छत का हिस्सा गिरने के बावजूद स्कूल इसी परिसर में चल रहा है. अब केवल दो कमरे ही बचे हैं, जिसके कारण सभी पांचों कक्षाओं के बच्चों को एक साथ बरामदे में बैठाकर पढ़ाया जा रहा है.
(राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल, मुकलान): यहाँ जर्जर भवन को कंडम घोषित कर नीलामी के बाद गिरा तो दिया गया, लेकिन नई इमारत के निर्माण के लिए अब तक ग्रांट की स्वीकृति लंबित है. इसके कारण स्कूल की कक्षाएं, लाइब्रेरी और लैब को प्राथमिक स्कूल के कमरों में संचालित करना पड़ रहा है.
बस स्टैंड पर महिला का हंगामा👇

भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते का विरोध: किसानों ने निकाली मोटरसाइकिल रैली
हिसार में भारतीय किसान यूनियन (अम्बावत) ने प्रस्तावित भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया. यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष दिलबाग सिंह के नेतृत्व में आजाद नगर से मिनी सचिवालय तक एक विशाल मोटरसाइकिल रैली निकाली गई. मिनी सचिवालय पहुंचकर किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक ज्ञापन उप कृषि निदेशक को सौंपा. यूनियन का आरोप है कि इस समझौते से देश के किसानों, खेत मजदूरों, पशुपालकों, छोटे व्यापारियों और लघु उद्योगों के हितों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है. दिलबाग सिंह ने चेतावनी दी कि यदि किसान हितों के विरुद्ध यह समझौता आगे बढ़ा, तो पूरे प्रदेश में व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा.

लुवास में एनसीसी शिविर के आठवें दिन लाइव फायरिंग अभ्यास
हिसार के लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) में आयोजित 1 हरियाणा आर एंड वी स्क्वाड्रन एनसीसी के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-180) के आठवें दिन कैडेटों को विभिन्न सैन्य व खेल गतिविधियां कराई गईं. इस दिन का मुख्य आकर्षण सीनियर विंग कैडेटों के लिए लाइव फायरिंग अभ्यास रहा, जिसे प्रशिक्षण का बेहद अहम हिस्सा बताया गया. इसके अलावा सीनियर डिवीजन के कैडेटों को .22 राइफल से फायरिंग का अभ्यास भी कराया गया.

वार्षिक एनसीसी शिविर में मिंडा स्कूल के कैडेट्स का उत्कृष्ट प्रदर्शन
मंडी आदमपुर के पूर्व विधायक भव्य विश्नोई ने बुधवार को आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों (खासा महाजनान, सौरमपुर, भाणा, सवलपुर, दहौली, मोहब्बतपुर और घुड़साल) का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात की और करीब 1 करोड़ 56 लाख 19 हजार रुपये की लागत से बनने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास व पूर्ण हो चुके कार्यों का उद्घाटन किया.

₹3 करोड़ के बैंक लोन मामले में दवा कंपनी के डायरेक्टर्स पर धोखाधड़ी का केस
स्याहड़वा गांव की दवा कंपनी ‘माइन्योर लाइफ साइंस प्राइवेट लिमिटेड’ के डायरेक्टर्स सुरेंदर कुमार और विशेष आनंद पर ₹3 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है। एसबीआई न्यू ग्रेन मार्केट शाखा के मैनेजर पंकज कुमार की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। आरोपियों ने फर्जी जीएसटी बिल और ई-वे बिल दिखाकर 2 करोड़ रुपए से अधिक की टर्म लोन व सीसी लिमिट हड़प ली। इस घोटाले का पर्दाफाश 4 अप्रैल 2026 को तब हुआ जब कंपनी के ही एक अन्य डायरेक्टर विशेष ढाका ने बैंक को ईमेल कर बताया कि बैंक से फाइनेंस कराई गई मशीनें गायब कर दी गई हैं। जीएसटी विभाग की जांच में पता चला कि सभी बिल फर्जी थे और सिर्फ एक बॉयलर खरीदा गया था। बैंक द्वारा भेजी गई पेमेंट भी वेंडर्स से वापस आरोपियों की कंपनियों के खातों में ट्रांसफर कर ली गई थी। मंगाली चौकी के एएसआई सुखबीर सिंह इस मामले की तफ्तीश कर रहे हैं।

एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप: हिसार की मेघा व गुंजन ने जीते सिल्वर मेडल
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आयोजित एशियन अंडर-19 एवं अंडर-21 बॉक्सिंग चैंपियनशिप में हिसार की दो बेटियों, मेघा श्योकंद और गुंजन ने शानदार प्रदर्शन कर सिल्वर मेडल अपने नाम किए हैं। 48 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में कुलेरी कलां की गुंजन का मुकाबला मेजबान इंडोनेशिया की मुक्केबाज से हुआ, जबकि 80 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में अग्रसेन कॉलोनी की मेघा श्योकंद उज्बेकिस्तान की मुक्केबाज से भिड़ीं। कड़े संघर्ष वाले इन मुकाबलों में दोनों खिलाड़ियों को 3-2 के नजदीकी अंतर से हार का सामना करना पड़ा। साई (SAI) हिसार के कोच विकास लोहान ने बताया कि इन पदकों के साथ ही दोनों खिलाड़ियों का चयन आगामी यूथ वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए भी कर लिया गया है।

विजन-2047: जीजेयू के शिक्षक व शोधार्थियों को मिले ₹3.83 करोड़ के 19 रिसर्च प्रोजेक्ट्स
‘हरियाणा विजन-2047’ के तहत उच्चत्तर शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ₹20 करोड़ के ‘हरियाणा राज्य अनुसंधान कोष’ को मंजूरी दी है। इस कोष से प्रदेश में सर्वाधिक अनुसंधान राशि गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) को प्राप्त हुई है। जीजेयू के विभिन्न विभागों के शिक्षकों, शोधार्थियों व विद्यार्थियों को ₹3.83 करोड़ की लागत वाले 19 नए शोध प्रोजेक्ट आवंटित हुए हैं, जिनकी अवधि दो वर्ष होगी। इस बैठक में जीजेयू के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई भी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि जीजेयू एनआईआरएफ (NIRF) रैंकिंग में राज्य के सरकारी विश्वविद्यालयों में 32वें स्थान के साथ शीर्ष पर है और इसका एच-इंडेक्स 143 है।

पावर कट से भड़के ग्रामीणों ने सब स्टेशन पर जड़ा ताला, जेई का बढ़ा बीपी
हिसार के धान्सू गांव में मंगलवार पूरी रात बिजली गुल रहने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को 33 केवी सब स्टेशन के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और जमकर नारेबाजी की। सरपंच प्रतिनिधि सुरजीत सिंह और संजय सोनी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की कमी से सब स्टेशन पूरी क्षमता से नहीं चल रहा है। हंगामे की सूचना पर जब जेई मौके पर पहुंचे, तो उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनका बीपी बढ़ गया, जिसके बाद उन्हें इलाज मुहैया कराया गया। मौके पर पहुंचे प्रशासन और बिजली विभाग के एक्सईएन ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि दो दिन के भीतर पर्याप्त स्टाफ नियुक्त कर दिया जाएगा। डीएचबीवीएन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सुचारू संचालन के लिए चार कर्मचारियों की अस्थायी तैनाती भी कर दी है।

छेड़छाड़ की झूठी शिकायत करने वाली शिक्षिका पर मुकदमा, शिक्षक को क्लीन चिट
हिसार जिले के एक सरकारी स्कूल के शिक्षक पर लगाए गए छेड़छाड़ के आरोपों में पुलिस और शिक्षा विभाग ने शिक्षक को पूरी तरह क्लीन चिट दे दी है। महिला सुरक्षा डीएसपी प्रिया शर्मा द्वारा की गई जांच में सभी संबंधित पक्षों के बयान और साक्ष्यों का परीक्षण किया गया, जिसमें शिकायत के समर्थन में कोई विश्वसनीय सबूत नहीं मिला। इसके बाद, झूठी सूचना देने के आरोप में शिकायतकर्ता शिक्षिका के खिलाफ ही सदर थाना हिसार में भारतीय न्याय संहिता की धारा 182 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शिक्षिका का कहना है कि उन्होंने कोर्ट में केस किया हुआ है, जिसकी अगली सुनवाई 6 अगस्त 2026 को है और उन्हें विभागीय जांच की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।

बाढ़ से क्षतिग्रस्त दो महत्वपूर्ण सड़कों की विशेष मरम्मत के लिए ₹2.34 करोड़ मंजूर
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हिसार जिले की दो महत्वपूर्ण सड़कों की विशेष मरम्मत के लिए ₹2.34 करोड़ के बजट को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा के अनुसार, इसमें मात्रश्याम से शाहपुर सड़क के लिए ₹1 करोड़ 85 लाख 63 हजार और न्योली कलां से मात्रश्याम सड़क के लिए ₹48 लाख 80 हजार मंजूर किए गए हैं। मरम्मत कार्य में तेजी लाने के लिए सरकार ने सड़क अनुरक्षण नीति के तहत नवीनीकरण अवधि में 5 वर्ष की छूट दी है और पीएमजीएसवाई (PMGSY) मानकों के डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड को समय से पहले समाप्त करने की अनुमति दी है ताकि टेंडर प्रक्रिया तुरंत शुरू हो सके।

हिसार में आईआईटी (IIT) की स्थापना के लिए जीएचसीसी ने सौंपा ज्ञापन
हिसार में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) की स्थापना के लिए ‘ग्रेटर हिसार चैंबर ऑफ कॉमर्स’ (GHCC) के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता और भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ को एक ज्ञापन सौंपा है। चैंबर ने ज्ञापन में तर्क दिया कि पिछले दो दशकों में हरियाणा में 27 प्रमुख केंद्रीय संस्थान बने हैं, लेकिन हिसार मंडल में एक भी नहीं बना। उन्होंने जोर देकर कहा कि हिसार में अच्छी सड़क, रेल व हवाई कनेक्टिविटी, संचालित हवाई अड्डा, विनिर्माण क्लस्टर और पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध होने के कारण यह संस्थान के लिए सबसे आदर्श स्थान है। यहां आईआईटी खुलने से नवाचार, निवेश और रोजगार को भारी गति मिलेगी।

‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान: नगर निगम ने हटाए कचरे के पॉइंट, किया सौंदर्याकरण
हरियाणा सरकार के ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान के तहत हिसार नगर निगम ने शहर से कचरा संवेदनशील स्थानों (GVP) को पूरी तरह हटाना शुरू कर दिया है। निगमायुक्त सी. जयाश्रद्धा और मेयर प्रदीप पोपली के निर्देश पर कैम्प चौक पुल के नीचे और निरंकारी भवन रोड फाटक के पास से जमा कचरे को साफ कर दिया गया है। दोबारा कचरा फेंकने से रोकने के लिए निगम ने इन जगहों पर फेंसिंग करवाकर बेंच और गमले लगाए हैं। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि शहर के सभी कचरा पॉइंट खत्म कर दिए गए हैं और अब यदि कोई खुले में कचरा डालता मिला तो उस पर नियमानुसार सख्त जुर्माना लगाया जाएगा।

मानसून कमजोर पड़ने से उमस भरी गर्मी बढ़ी, 19 जुलाई के बाद मौसम बदलने के आसार
तराई क्षेत्रों की ओर मानसून टर्फ खिसकने और अल-नीनो के प्रभाव के चलते हिसार व आसपास के क्षेत्रों में मानसून फिलहाल कमजोर पड़ गया है। लगातार चल रही दक्षिण-पश्चिमी हवाओं ने उमस भरी गर्मी बढ़ा दी है, जिससे दिन का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री और न्यूनतम 28.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जल्द ही इस गर्मी से राहत मिल सकती है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है और 26 जुलाई के आसपास अरब सागर में भी एक नया सिस्टम सक्रिय होगा। इन मौसमी प्रणालियों के कारण 19 से 31 जुलाई के बीच हिसार सहित प्रदेश में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है।

रोडवेज वर्कशॉप में पेड़ों की अवैध कटाई पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) सख्त
हिसार की हरियाणा रोडवेज वर्कशॉप में पेड़ों की कथित अवैध कटाई को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। ट्रिब्यूनल की नई दिल्ली स्थित प्रधान पीठ ने ‘विकास बेरवाल बनाम हरियाणा राज्य’ मामले में संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार सहित सभी पक्षों को नोटिस जारी किया है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि बिना न्यायालय की अनुमति के सरकारी जमीन पर खड़े लगभग 86 परिपक्व पेड़ और 141 पौधे काट दिए गए। एनजीटी ने हिसार के डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर (DFO) को सख्त निर्देश दिया है कि परिसर में आगे से किसी भी प्रकार की अवैध कटाई न होने दी जाए।

खाली प्लॉटों में जलभराव: सेक्टर 16/17 में वर्षों से खाली पड़े प्लॉटों में झाड़ियां उग आई हैं और बरसात का पानी जमा होने से यह जोहड़ जैसा लग रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
बैंक पार्किंग पर अतिक्रमण: रेड स्क्वायर मार्केट में रेहड़ियों के अवैध कब्जे से बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को वाहन खड़े करने में हो रही परेशानी को देखते हुए नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाकर रेहड़ियों का सामान जब्त कर लिया है।

विहान बने सेना में लेफ्टिनेंट: हिसार सेक्टर-1/4 के रहने वाले 23.5 वर्षीय विहान चौधरी ने एएफएमसी (AFMC) पुणे से साढ़े चार वर्ष की एमबीबीएस पूरी कर भारतीय सेना के मेडिकल कॉर्प्स में लेफ्टिनेंट का पद हासिल कर शहर का गौरव बढ़ाया है।
ट्रेनों के ठहराव की मांग: आदमपुर व्यापार मंडल व अन्य संगठनों ने रेलवे अधिकारियों को मांग पत्र भेजकर जोधपुर-हिसार ट्रेन को सिरसा तक चलाने और जम्मूतवी-अहमदाबाद व अजमेर-अमृतसर जैसी प्रमुख ट्रेनों का आदमपुर स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की है।



◾भारत पर टैरिफ बम फोड़ने की तैयारी में अमेरिका; रूसी तेल खरीदने पर लगाएगा 100% टैक्स, सीनेट में नया विधेयक पेश
◾’PoK आजाद नहीं, कब्जा किया है’, पाकिस्तान से कटने को तैयार, जागे 2 नए लड़ाके

◾दुबई से हवाला के जरिए पाकिस्तान तस्कर को पैसे भेजने वाला जालंधर का युवक गिरफ्तार
◾सुप्रीम कोर्ट बोला-CBSE के डिजिटल मार्किंग सिस्टम से छात्र निराश:बोर्ड से पूछा सुधार के लिए अब तक क्या किया; केंद्र से मदद मांगी

◾दिल्ली में सोनम वांगचुक के अनशन का 19वां दिन:18 दिन में 8.9kg वजन घटा; जबरन आहार देने की मांग पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई
◾कर्नाटक- जज की कुर्सी पर काला जादू करने का आरोप:65 साल की महिला गिरफ्तार; केस का फैसला अपने पक्ष में कराना चाहती थी

◾जगन्नाथ रथयात्रा आज, अहमदाबाद में शाह ने मंगला आरती की:पुरी में तेज बारिश के बीच पहुंचे श्रद्धालु; सोने की झाड़ू से होगी रथों की सफाई
◾भारत-यूके सीईटीए आज से लागू, कपड़ा और आभूषण एवं रत्न समेत कई क्षेत्रों के निर्यातकों के लिए बढ़ेंगे अवसर

◾रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी पर बड़ा एक्शन : आरडीए ने 38 इमारतों को गिराने का दिया आदेश, आज़म ख़ान की महत्वाकांक्षी परियोजना पर संकट
◾आप चाहते हो कि मुझे हार्ट अटैक आ जाए, मगर मैं तब तक…, TMC में बगावत के बीच BJP पर भड़कीं ममता

◾परिसीमन और महिला आरक्षण पर बदल गया नंबर गेम? मानसून सत्र में फिर बिल लाने करने की तैयारी
◾भरत तिवारी एनकाउंटर केस में एक्शन, SDO-डीएसपी समेत 15 पुलिसकर्मियों को न्यायिक आयोग का समन

◾ममता बनर्जी ने हटा दी थी बुद्धदेव भट्टाचार्य की पत्नी मीरा भट्टाचार्य की सुरक्षा, शुभेंदु अधिकारी सरकार करेगी बहाल
◾इस्लामाबाद में पीओके पर बैठक: नैरेटिव भारत के खिलाफ, सिंधु जल संधि और कश्मीर पर दुष्प्रचार की बनी योजना

◾कैबिनेट के 7 बड़े फैसले: वाराणसी में बनेगा एलिवेटेड कॉरिडोर, सेमीकॉन 2.0 और रेल विस्तार को मिली हरी झंडी
◾नोएडा में अग्निकांड… 5 मंजिला इमारत में आग से दो की मौत, सीढ़ी लगाकर 100 से ज्यादा लोगों को बचाया
◾FIFA World Cup: 7 मिनट में पलटा मैच, इंग्लैंड को हराकर लगातार दूसरी बार विश्व कप फाइनल में पहुंची अर्जेंटीना
===================================

====================================
























