नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट…

For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group

👇

https://chat.whatsapp.com/

EHzVoGH50MdINoYniG4crH

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖

फोरेस्ट कॉलोनी में मंदिर के गुम्बद पर कांवड़ चढ़ाते समय करंट से कांवड़िये की मौत

हिसार टाइम्स – फोरेस्ट कॉलोनी में शिवरात्रि की अलसुबह मंदिर के गुम्बद पर कांवड़ चढ़ाकर नीचे उतरते वक्त करंट लगने से एक कांवड़िये की मौत हो गई। शिव नगर निवासी 33 वर्षीय मुकंदीलाल अपने दोस्तों के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेकर आया था। मंदिर के गुम्बद पर कांवड़ चढ़ाने के बाद उतरते समय उसका पैर बिजली की नंगी तार से छू गया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया। मुकंदीलाल एक फर्म में अकाउंटेंट था और दो बच्चों का पिता था।

शहर में संचालित पीजी की व्यवस्था को लेकर पुलिस करेगी नियमों की जांच

हिसार टाइम्स – हिसार शहर में संचालित पीजी (पेइंग गेस्ट) की व्यवस्था को लेकर पुलिस अब संबंधित विभागों के साथ मिलकर नियमों की जांच करेगी। एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि शहर के सभी पीजी की समय-समय पर पुलिस द्वारा जांच की जाती है और किसी भी तरह की अनैतिक या अवैध गतिविधि स्वीकार नहीं की जाएगी। पीजी संचालन के लिए क्या नियम निर्धारित हैं और संचालक उनका पालन कर रहे हैं या नहीं, इसकी जानकारी के लिए नगर निगम से पत्राचार किया जाएगा।

नागरिक अस्पताल के वार्ड में गार्ड के साथ मारपीट की

हिसार टाइम्स – नागरिक अस्पताल के मेटरनिटी वार्ड में तैनात सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। एक महिला का प्रसव होने के बाद उसे आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया था। इसी दौरान महिला का एक परिचित वार्ड में घुस गया और अलग-अलग कमरों में झांकने लगा। गार्ड ने रोक-टोक की तो वह बहस करने लगा और मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगा। दोबारा मना करने पर उसने गार्ड के साथ मारपीट शुरू कर दी। अन्य स्टाफ की मदद से आरोपी को काबू कर पुलिस के हवाले किया गया।

युवती से दुष्कर्म करने के नाबालिग दोषी को 10 साल कैद की सजा

हिसार टाइम्स – बरवाला में बालिग युवती से दुष्कर्म करने वाले दोषी नाबालिग युवक को एडीजे सुनील जिंदल की कोर्ट ने 10 साल कैद व 23 हजार रुपए जुर्माना भरने की सजा सुनाई है। अदालत में चले अभियोग के अनुसार जून 2020 में युवती के बयान पर थाना बरवाला में केस दर्ज हुआ था। युवती ने आरोप लगाया था कि उसकी आंटी के घर शादी थी, जहां दोषी आया हुआ था। इसके बाद उसने शादी का प्रस्ताव दिया था जिसे परिवार ने खारिज कर दिया था। जब वह घर पर अकेली थी तब आरोपी ने आकर उससे छेड़छाड़ की और मुंह दबाकर दुष्कर्म करके जान से मारने की धमकी दी।

अग्रोहा में खाद-बीज की दुकान पर सीएम फ्लाइंग टीम ने बोगस ग्राहक भेजकर की छापेमारी, 5,000 बैग का स्टॉक बरामद

हिसार टाइम्स – अग्रोहा में खाद की ब्लैक मार्केटिंग करने और महंगे दामों पर यूरिया बेचने के खेल का पर्दाफाश हुआ है। मंगलवार को सीएम फ्लाइंग हिसार और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने अग्रोहा स्थित मै. किसान सेवा केंद्र नामक खाद-बीज विक्रेता की दुकान पर छापेमारी की। इस दौरान यूरिया को निर्धारित सरकारी मूल्य से अधिक कीमत पर बेचने और किसानों को जबरन अन्य गैर-उत्पाद टैग कर थमाने का मामला रंगे हाथों पकड़ा गया। टीम ने आरोपी दुकानदार के खिलाफ अग्रोहा थाना पुलिस को शिकायत सौंप दी है। जांच के दौरान मौके पर एक अन्य किसान भी मिला, जिससे यूरिया के एक बैग के 267 रुपए की जगह 300 रुपए वसूले गए थे। अधिकारियों ने जब दुकान के स्टॉक और गोदाम की जांच की तो वहां 5,000 से अधिक यूरिया के बैग बरामद हुए। इसके बावजूद डीलर भारी स्टॉक दबाकर बैठा था ताकि कृत्रिम कमी दिखाकर किसानों से मोटी रकम वसूली जा सके। सीएम फ्लाइंग इंचार्ज सुनैना ने किसानों से अपील की है कि वे खाद खरीदते समय हमेशा पक्का बिल जरूर मांगें और गड़बड़ी होने पर तुरंत शिकायत दें।

कप्तान स्कूल के पास कीचड़ और गंदे पानी से राहगीर परेशान, जलभराव से बढ़ी दुर्घटनाओं की आशंका

हिसार टाइम्स – मिलगेट स्थित कप्तान स्कूल के आसपास का इलाका इन दिनों कीचड़ और गंदे पानी से परेशान है। यह शहर के व्यस्त क्षेत्रों में आता है, जहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। सड़क पर फैले कीचड़ के कारण पैदल निकलना भी कठिन हो गया है। जगह-जगह कीचड़ जमा होने से स्कूली बच्चों, महिलाओं, दुकानदारों और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई बार लोगों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे कपड़े खराब होने के साथ फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है।

कुंभा के खेतों में ड्रेन ओवरफ्लो, बारिश हुई तो गांव में घुस सकता है पानी

हिसार टाइम्स – भारी बारिश के बाद हांसी जिला के कुंभा गांव और आसपास के इलाकों में जलभराव के हालात पैदा हो गए हैं। ओवरफ्लो होने के बाद कई जगहों से ड्रेन टूट गई, जिससे पानी खेतों में फैल गया। कुंभा से खरका जाने वाली सड़क पर कई स्थानों पर पानी भर गया है। खेतों में पानी जमा होने से कुंभा के साथ-साथ बुराना, जमावड़ी, खरका और पटोल गांवों के किसानों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रारंभिक तौर पर करीब 5 से 7 हजार एकड़ फसल पानी में डूबने का अनुमान लगाया है।

बरवाला : 16.15 करोड़ मंजूर, नंद विहार और गोकुल कुंज समेत 7 इलाकों में बनेंगी सड़कें

हिसार टाइम्स – बरवाला शहर की 7 प्रमुख आवासीय कॉलोनियों में सड़क निर्माण और विकास कार्यों के लिए शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय ने 16 करोड़ 15 लाख 97 हजार रुपये की राशि आवंटित की है। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि सरकार ने न केवल फंड को मंजूरी दी है, बल्कि इन कॉलोनियों के विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति भी प्रदान कर दी है। स्वीकृत कार्यों के तहत विजय विहार कॉलोनी, शहीद भगत सिंह नगर, राजधानी एन्क्लेव, विकास नगर, नंद विहार, गोकुल कुंज और प्रशांत विहार समेत अन्य इलाकों में सड़कों का निर्माण किया जाएगा।

लड़ाई-झगड़े में चाकू से हमला करने का आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद

हिसार टाइम्स – ड्यूटी के दौरान मारपीट करने और चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी अमन उर्फ गामिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उदयवीर की शिकायत पर दर्ज मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

मिशन 170 शक्ति केंद्र : जिले में बूथ स्तर पर संगठन को धार देगी भाजपा

हिसार टाइम्स – हरियाणा में आगामी राजनीतिक गतिविधियों के मद्देनजर भाजपा ने जिले में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की रणनीति तैयार की है। जिले के सभी 170 शक्ति केंद्रों पर विशेष बैठकें कर बूथों की वास्तविक स्थिति की समीक्षा की जाएगी। भाजपा जिला कोर कमेटी की मासिक बैठक में जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने कहा कि संगठन की ताकत बूथ स्तर पर खड़े कार्यकर्ताओं से आती है। उन्होंने आगामी तिरंगा यात्रा समेत पार्टी के सभी कार्यक्रमों में ज्यादा से ज्यादा जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अब डीलर पॉइंट से ही बनेगा नया ट्रेड सर्टिफिकेट, आरटीए ऑनलाइन वेरिफाई-अप्रूव करेगा

हिसार टाइम्स – वाहन डीलरों के लिए ट्रेड सर्टिफिकेट बनवाने और रिन्यू करवाने की प्रक्रिया अब पहले से अधिक ऑनलाइन और डीलर स्तर पर होगी। नई हिदायतों के अनुसार अब नया ट्रेड सर्टिफिकेट बनवाने के लिए डीलर को आरटीए कार्यालय में आवेदन देने की जरूरत नहीं होगी। डीलर पॉइंट से ऑनलाइन आवेदन किया जाएगा और वहीं फीस जमा होगी। इसके बाद आरटीए से दस्तावेज और आवेदन का ऑनलाइन वेरिफिकेशन व अप्रूवल किया जाएगा। इससे समय और आने-जाने का खर्च बचेगा।

बैंक मैनेजर को एनडीपीएस केस में फंसाने के मामले में 10 दिन में जरूरी प्रतियां दाखिल करने के निर्देश

हिसार टाइम्स – बैंक मैनेजर को एनडीपीएस केस में फंसाने के आरोप के मामले में निचली अदालत के फैसले के विरुद्ध दायर पुनरीक्षण याचिका पर जिला अदालत में सुनवाई हुई। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता अदालत में पेश हुए लेकिन प्रतिवादियों को नोटिस जारी करने के लिए आवश्यक प्रतियां रिकॉर्ड पर उपलब्ध नहीं होने के कारण अदालत ने उन्हें 10 दिन के भीतर जरूरी प्रतियां दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। इस मामले की अगली सुनवाई 8 सितंबर 2026 को होगी।

राजकीय कॉलेज में खेल कोटे के दाखिले होंगे

हिसार टाइम्स – राजकीय कॉलेज हिसार में स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए खेल कोटे की सीटें आरक्षित की गई हैं। प्राचार्या डॉ. अंजू चौधरी के अनुसार, खेल कोटे में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी आवेदन पत्र के साथ अपने सभी मूल प्रमाण पत्र लेकर 13 अगस्त 2026 को सुबह 9 बजे शारीरिक शिक्षा विभाग में उपस्थित हों। बीए में 10 सीटें, जबकि बीकॉम व बीएससी में पांच-पांच सीटें और स्नातकोत्तर स्तर पर प्रत्येक विषय में दो-दो सीटें निर्धारित हैं।

खराब एसी देने पर जिला उपभोक्ता आयोग का फैसला, कंपनी को नया एसी या कीमत ब्याज समेत देने के आदेश

हिसार टाइम्स – जिला उपभोक्ता आयोग ने खराब एसी बेचने और समय पर सर्विस उपलब्ध न कराने के मामले में दुकानदार और निर्माता कंपनी को जिम्मेदार ठहराया है। आयोग ने निर्देश दिए कि कंपनी दो साल पुराना एसी अपने खर्च पर उठवाए और उसके बदले ग्राहक को नया एसी उपलब्ध कराए या एसी की कीमत 43 हजार रुपए 9% सालाना ब्याज सहित लौटाए। साथ ही मानसिक परेशानी के लिए 6 हजार रुपए और मुकदमेबाजी खर्च के रूप में 3 हजार रुपए अलग से देने के आदेश दिए हैं।

सावन शिवरात्रि पर शिवालयों में भक्तों ने किया जलाभिषेक

हिसार टाइम्स – सावन शिवरात्रि पर शिवालयों में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। हरिद्वार से कांवड़ लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने भगवान शिव का गंगाजल से जलाभिषेक किया। मंदिरों में दिनभर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। मंदिरों में पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिव भक्तों ने शहर में भव्य झांकियां भी निकालीं।

नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल चार दिन और बढ़ी, दफ्तरी कामकाज ठप और सड़कों पर पसरा कचरा; कमिश्नर ने दी चेतावनी

हिसार टाइम्स – नगर पालिका कर्मचारी संघ इकाई हिसार ने प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर 15 अगस्त तक हड़ताल और आगे बढ़ाने का ऐलान किया है। शहर में सफाई को लेकर रोज हालत बिगड़ रही है, इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन के पास हड़ताल के दौरान सफाई का कोई वैकल्पिक प्रबंध नहीं है। पिछले 6 दिन से सफाई कर्मी हड़ताल पर हैं और शहर में घरों व सड़कों पर 1320 टन से अधिक कचरा पड़ा हुआ है, जिससे बदबू के कारण लोग परेशान हैं। इसके अलावा, नगर निगम में करीब 1100 कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने के कारण आम जनता से जुड़े दफ्तरी कार्य पूरी तरह से ठप पड़े हैं। कार्यालय में काम बंद रहने से जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र, मैरिज रजिस्ट्रेशन, प्रॉपर्टी टैक्स और मकानों के नक्शे पास कराने जैसे जरूरी काम रुके हुए हैं, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसी दौरान नगर पालिका कर्मचारी संघ के सदस्य माइक और स्पीकर लेकर निगम कार्यालय के अंदर चले गए और क्लेरिकल स्टाफ को काम बंद कर बाहर आने के लिए कहने लगे। इस पर निगम कमिश्नर सी. जया श्रद्धा ने यूनियन पदाधिकारियों को बुलाकर स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्यालय भवन के अंदर लाउडस्पीकर लेकर काम डिस्टर्ब करना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, जिसके बाद यूनियन पदाधिकारी कार्यालय बिल्डिंग से बाहर चले गए।

कांवड़ियों को कैंटर ने टक्कर मारी, एक गंभीर

हिसार टाइम्स – एचपी कॉटन मिल के सामने सोमवार रात करीब 2 बजे कांवड़ लेकर लौट रहे दो युवकों को पीछे से आ रहे टाटा कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में महावीर कॉलोनी निवासी सोनू और बलवान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक झूला कांवड़ लेकर सड़क पर जा रहे थे, तभी कैंटर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। घायल सोनू के सिर में गंभीर चोट आई है।

पाइप लाइन लीक होने से ओटी में नहीं आया पानी, दो ऑपरेशन टले

हिसार टाइम्स – नागरिक अस्पताल में मुख्य पेयजल लाइन टूटने से टंकियों में पानी की सप्लाई ठप हो गई। ऑपरेशन थियेटर (ओटी) की टोंटियों में पानी नहीं आने के कारण सर्जरी के लिए पहुंचे मरीजों के ऑपरेशन टालने पड़े और कुछ को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ा। इसके अलावा अस्पताल की ऑटो क्लेव मशीन खराब होने से औजारों को संक्रमण मुक्त करने में समस्या आ रही है, जिससे सप्ताह में करीब 30 इलेक्टिव सर्जरी टालनी व रेफर करनी पड़ रही हैं।

डेयरी संचालक मर्डर केस : आरोपी रमेश पर 50 हजार का इनाम व लुकआउट सर्कुलर जारी, इंसाफ के लिए लघु सचिवालय पर आज महापंचायत

हिसार टाइम्स – सूर्य नगर में पशु डेयरी संचालक जीवन मर्डर केस में हिसार पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी रमेश पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। आरोपी के देश से बाहर भागने की आशंका को देखते हुए उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कराया गया है। पुलिस की 10 टीमें आरोपी की धरपकड़ के लिए हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और बिहार में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। दूसरी ओर, पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलवाने और मुख्य हत्यारोपियों की गिरफ्तारी, मुआवजे व नौकरी की मांग को लेकर बुधवार को लघु सचिवालय के बाहर महापंचायत होगी। पाबड़ा पंचाग्रामी खाप से जुड़े प्रतिनिधि और परिजन आठ दिन से शव का अंतिम संस्कार न करके धरने पर डटे हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया करवाई है और क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।

मानसूनी हवाओं के चलते दिन और रात का पारा सामान्य से नीचे, 14 अगस्त तक बारिश के आसार

हिसार टाइम्स – शहर में मानसूनी हवाओं की सुस्ती और नमी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों में दिन का तापमान 1.5 डिग्री गिरकर 32.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान में कम दबाव का क्षेत्र, पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में हलचल के रूप में तीन वेदर सिस्टम सक्रिय हो रहे हैं। इनके प्रभाव से 14 अगस्त तक हरियाणा के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।

पीएनजी उपभोक्ताओं को एलपीजी कनेक्शन करना होगा सरेंडर, 4800 कनेक्शन रीलीज व नए सेक्टरों में मंजूरी मांगी

हिसार टाइम्स – शहर के जिन सेक्टरों और कॉलोनियों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) के कनेक्शन चालू हो चुके हैं, वहां के उपभोक्ताओं को अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करने होंगे। गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं को अलर्ट मैसेज भेजने शुरू कर दिए हैं। सुरक्षा मानकों के अनुसार एक ही परिसर में पीएनजी और एलपीजी दोनों कनेक्शन रखने की अनुमति नहीं है। उपभोक्ताओं को सिलिंडर और रेगुलेटर जमा करवाकर अपनी सिक्योरिटी राशि वापस लेनी होगी। शहर में पीएनजी के लिए अब तक 5800 आवेदन मिल चुके हैं, जिनमें से 4800 कनेक्शन चालू किए जा चुके हैं। वर्तमान में सेक्टर 9-11, सेक्टर 13, सेक्टर 16-17, अर्बन एस्टेट, सेक्टर 15 और दिल्ली रोड क्षेत्र में पीएनजी लाइन पहुंच चुकी है। इसके अलावा एचसीजी एजेंसी ने शहर के सेक्टर 14 और 33 में मुख्य पाइपलाइन बिछाने के लिए नगर निगम से मंजूरी मांगी है ताकि वहां भी घर-घर कनेक्शन दिए जा सकें।

​​​

◾कोलंबिया में शक्तिशाली भूंकप के बाद लगे 21 और झटके; 240 से अधिक मौतें व 3000 से अधिक लोग घायल, तबाही के Video आए सामने

◾‘शर्म करो राहुल गांधी’ के नारों पर प्रियंका गांधी का जवाब, झारखंड मुद्दे पर आमने-सामने NDA और विपक्ष

◾कॉकरोच जनता पार्टी का बड़ा ऐलान, 15 अगस्त से देशभर में शुरू होगा नया अभियान

◾चीन की आपत्ति पर भारत का दो टूक जवाब, ‘अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा

◾Jammu Kashmir में 4 संदिग्ध कैमरे में हुए कैद, सुरक्षाबलों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

◾हिंदू देवी-देवताओं पर विवादित टिप्पणी से मचा बवाल… ध्रुव राठी के वीडियो भारत में ब्लॉक, गूगल ने दिल्ली HC को दी जानकारी

◾CM सोरेन का ऐलान-14वीं JPSC की परीक्षा रद्द होगी: रांची में लाठीचार्ज के खिलाफ छात्रों ने निकाला मौन जुलूस; भाजपा के झारखंड बंद का मिलाजुला असर

◾महाराष्ट्र में छात्राओं ने रिपोर्टर बनकर दिखाई बदहाल सड़क: छाते को माइक बनाकर बोली- सड़क और गड्ढों का पता नहीं चलता; MLA ने मरम्मत करवाई

◾दिल्ली में साइबर ठगी का खुलासा, 9 आरोपी पकड़े: कतर-दुबई तक फैला था नेटवर्क, 16 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी सामने आई

◾US-Iran Blockade: होर्मुज में अमेरिकी कार्रवाई तेज, ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी तोड़ने वाले जहाज पर किया हमला

◾’ऐसा ही चलता रहा तो हिंदू समुदाय का जम्मू में रहना हो जाएगा मुश्किल’, रोहिंग्या-बांग्लादेशियों को वापस भेजने की उठी मांग

◾पीएम मोदी आज पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद की आत्मकथा का करेंगे विमोचन

◾ममता बनर्जी को देख भड़के लोग, ‘चोर-चोर’ के नारों से गूंजा इलाका

◾मोदी सरकार ने 10 और 20 रुपये के एक-एक अरब प्लास्टिक नोटों के फील्ड ट्रायल को दी मंजूरी

◾मक्का रक्षा समझौता: अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठायेगा भारत

◾अमेरिका ने अपराध, राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए 1.75 लाख से अधिक वीजा रद्द किये

◾‘अगर शांति चाहिए तो शर्त मानो’, अरुणाचल प्रदेश पर चीन को भारत की दो-टूक

◾जैसलमेर में स्कूल बस में आग लगी: 17 बच्चे बैठे थे, धुआं उठते ही ड्राइवर ने बाहर निकाला, बैग-सामान जला; बिना फिटनेस दौड़ रही थी

◾पंजाब के नशा तस्कर की ₹2 करोड़ की प्रॉपर्टी फ्रीज: हिमाचल पुलिस ने फॉर्च्यूनर-फोर्ड एंडेवर समेत 6 लग्जरी गाड़ियां जब्त की; बठिंडा का रहने वाला

◾एनकाउंटर स्पेशलिस्ट पूर्व IPS राममंदिर CEO का इंटरव्यू देने पहुंचे: पूर्व अयोध्या डीएम, आर्मी अफसर भी रेस में; 3 नाम सेलेक्ट होंगे

◾मुंबई-आग से 2.5 साल के बच्चे समेत दो की मौत: 4 घायल अस्पताल में भर्ती; मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड; कारण पता नहीं चला

===================================

====================================