नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट

For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group

👇

https://chat.whatsapp.com/

EHzVoGH50MdINoYniG4crH

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖

कैमरी रोड पुल के पास शराब ठेके पर कहासुनी के बाद युवक की चाकू मारकर हत्या

हिसार टाइम्स – कैमरी रोड पुल के पास स्थित शराब ठेके पर देर रात हुई मामूली कहासुनी के बाद 32 वर्षीय पवन यादव निवासी मोहित नगर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पवन अपने दो दोस्तों के साथ ठेके पर बैठा था, तभी वहां आए तीन युवकों के साथ उसकी कहासुनी हो गई। बीच-बचाव के बाद जब पवन अपने दोस्त की बाइक पर बैठकर जाने लगा, तो आरोपी ने उसकी छाती में चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया और मौके से फरार हो गया। अत्यधिक खून बह जाने के कारण पवन की अस्पताल में मौत हो गई। पवन अपने परिवार का इकलौता बेटा और तीन बहनों का भाई था, जिसकी दो छोटी संतानें हैं। आजाद नगर थाना पुलिस और डीएसपी कमलजीत ने अस्पताल पहुंचकर जानकारी जुटाई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

कचरा उठाने को लेकर प्रशासन और सफाई कर्मचारियों में टकराव, 160 हिरासत में

हिसार टाइम्स – शहर में बीते 18 दिन से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। रविवार अलसुबह करीब 4 बजे तोशाम रोड स्थित आईटीआई चौक के सामने कचरा उठाने को लेकर प्रशासन और सफाई कर्मचारियों के बीच भारी टकराव हो गया। प्रशासनिक अमला पुलिस टीम के साथ जब 9 जेसीबी और 5 डंपर लेकर कचरा उठाने पहुंचा, तो हड़ताली सफाई कर्मचारियों ने विरोध करते हुए पुलिस पर ही कचरा फेंकना शुरू कर दिया। पुलिस ने बहस और धक्का-मुक्की के बाद विरोध कर रहे करीब 160 सफाई कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया और बसों में बैठाकर आदमपुर व अग्रोहा थाने ले जाया गया, जिन्हें देर शाम छोड़ा गया। प्रशासन ने इस दौरान 65 डंपर भरकर करीब 500 टन कचरा उठाया। इसके अलावा शाम को राजगुरु मार्केट में भी कचरा उठाने के दौरान हंगामा हुआ, जहाँ प्रदर्शनकारियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के टायरों की हवा निकाल दी

शहर में 3920 टन कचरा एकत्रित, पूर्ण उठान तक लगातार चलेगा अभियान

हिसार टाइम्स – सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर जारी 18 दिनों की हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। शहर में प्रतिदिन लगभग 220 एमटी कचरा निकलता है, जिसे नगर निगम की गाड़ियां डंपिंग जोन में डालती हैं। डोर टू डोर कचरा उठान बंद होने से लोग सड़कों व गलियों में कचरा डालने को मजबूर हैं, जिससे अब तक शहर में करीब 3920 टन कचरा एकत्र हो चुका था। अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा ने बताया कि आईटीआई चौक, कैमरी रोड, सोनी अस्पताल, सेक्टर 15, राजगुरु मार्केट, डीसी ऑफिस, बरवाला चुंगी और कमला नगर सहित कई प्रमुख प्वॉइंटों से कचरा उठाया गया है। जब तक शहर के सभी प्वॉइंटों से कचरे का पूरी तरह उठान नहीं हो जाता, तब तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा

सफाई कर्मियों के समर्थन में उतरे जनसंगठन, 27 को डीसी को सौंपेंगे ज्ञापन

हिसार टाइम्स – सफाई एवं दमकल कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में शहर के विभिन्न जन संगठनों की पटवार भवन में जन पंचायत का आयोजन किया गया। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान अशोक सैनी और जिला सचिव ओम प्रकाश माल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 27 अगस्त को जन संगठनों के सदस्य लघु सचिवालय पर प्रदर्शन कर जिला उपायुक्त, मेयर और स्थानीय विधायक को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। नेताओं ने पुलिस द्वारा सफाई कर्मियों को पकड़े जाने की कड़े शब्दों में निंदा की। निर्णय के अनुसार 28 अगस्त से 15 सितंबर तक विभिन्न विभागीय व जन संगठनों के प्रतिनिधि नगर पालिका कर्मचारियों के समर्थन में धरना स्थल पर पहुंचेंगे

जिले में 10 दिन के भीतर हत्या की पांचवीं वारदात से फैली दहशत

हिसार टाइम्स – हिसार जिले में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से आमजन में भारी खौफ का माहौल है। बीते 10 दिनों के भीतर हत्या की यह पांचवीं वारदात सामने आई है। कैमरी रोड पर युवक की हत्या से पहले तलवंडी राणा में अंतरजातीय प्रेम विवाह की रंजिश में सोते समय वृद्ध महाबीर की हत्या, आदमपुर में किशोरी की ऑनर किलिंग, चंदन नगर में कार वॉशिंग सर्विस सेंटर संचालक की हत्या और कोर्ट परिसर में एक गैंगस्टर की दिनदहाड़े हत्या का मामला सामने आ चुका है। इन वारदातों के साथ ही शहर में चाकूबाजी और पथराव की घटनाएं भी तेजी से बढ़ी हैं, जिससे पुलिस की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं

जीवन हत्याकांड: 1100 किमी दूर गुजरात के जूनागढ़ से इनामी आरोपी रमेश सहित 3 गिरफ्तार

हिसार टाइम्स – पशु डेयरी संचालक जीवन की हत्या के मामले में 20 दिन से फरार चल रहे मुख्य इनामी हत्यारोपी रमेश शर्मा और उसके साथी सौरभ उर्फ मोलड़ सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने गुजरात के जूनागढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। एचटीएम थाना प्रभारी विकास और एसटीएफ इंचार्ज संदीप के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने करीब 1100 किलोमीटर दूर तक पीछा कर यह कामयाबी पाई। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और 20 ट्रेनों व रेलवे स्टेशनों से सुराग जुटाए। आरोपियों को हिसार लाकर अदालत में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा। इस मामले में पुलिस पहले ही 9 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है

पानू हत्याकांड का मास्टरमाइंड निकला घुराना गैंग का दीपक उर्फ काना

हिसार टाइम्स – कोर्ट परिसर में गैंगस्टर विनोद पानू की हत्या के मामले में गिरफ्तार शूटरों से पूछताछ के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। वारदात का मास्टरमाइंड घुराना गैंग के सरगना अजीत पहलवान का करीबी नंगदीप उर्फ दीपक निकला है। दीपक ने ही शूटर राकेश और अजय को ऑटोमैटिक पिस्तौल व कारतूस मुहैया करवाए थे। आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास के 11 मुकदमे दर्ज हैं। पानीपत पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के साथ पकड़े गए दीपक को अब हिसार पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ करेगी। उसकी गिरफ्तारी से हत्या में इस्तेमाल हथियारों और अन्य साजिशकर्ताओं से जुड़े कई सवालों का जवाब मिलने की उम्मीद है

नागरिक अस्पताल के आईसीयू वार्ड में मरीज के पर्स से 31 हजार रुपये चोरी

हिसार टाइम्स – नागरिक अस्पताल के आईसीयू वार्ड में सुरक्षा व्यवस्था की भारी चूक देखने को मिली है। शनिवार अलसुबह करीब 6.11 बजे एक शातिर चोर आईसीयू वार्ड में दाखिल हुआ और वहां भर्ती भिवानी निवासी कृष्णा देवी के बेड से पर्स निकालकर उसमें रखे 31 हजार रुपये चुराकर फरार हो गया। मरीज जब टॉयलेट से लौटी तो पर्स की चेन खुली मिली और पैसे गायब थे। वार्ड में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद भी काफी देर तक अस्पताल परिसर में बेखौफ घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है

डेढ़ साल बाद कोर्ट चौकी की सेवाएं बहाल, सुरक्षा में बख्तरबंद गाड़ी तैनात

हिसार टाइम्स – कोर्ट परिसर में गैंगस्टर की हत्या के बाद पुलिस प्रशासन ने जिला बार एसोसिएशन के आग्रह पर कोर्ट पुलिस चौकी की सेवाओं को पुनः बहाल कर दिया है। एएसआई महेंद्र को चौकी इंचार्ज नियुक्त करते हुए 11 कर्मचारियों का स्टाफ तैनात किया गया है। अब चौकी पुलिस कोर्ट परिसर में निरंतर गश्त करने के साथ फरियादियों की शिकायतों पर कार्रवाई करेगी। इसके अलावा कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता बनाने के लिए लाइट मशीनगन से लैस बख्तरबंद गाड़ी में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा सके

20वें एशियन गेम्स की भारतीय महिला कबड्डी टीम में हिसार की दो बेटियों का चयन

हिसार टाइम्स – जापान के नागोया में आयोजित होने वाले 20वें एशियन गेम्स के लिए घोषित 12 सदस्यीय भारतीय महिला कबड्डी टीम में हिसार जिले की दो बेटियों, भिवानी रोहिल्ला की मनीषा और हसनगढ़ की निकिता का चयन हुआ है। 21 से 26 सितंबर तक होने वाली इस प्रतियोगिता के लिए इंडिया कैंप में देशभर के 45 खिलाड़ियों में से कड़े ट्रायल्स के बाद अंतिम 12 खिलाड़ियों को चुना गया। मनीषा ने 14 साल की उम्र में खेलना शुरू किया था और पैर में गंभीर चोट के कारण 6 महीने मैदान से दूर रहने के बावजूद पिता के प्रोत्साहन से शानदार वापसी की, जिससे उन्हें खेल कोटे से बीएसएफ में नौकरी भी मिली। वहीं 17 वर्षीय निकिता ने 2018 में स्कूल स्तर से शुरुआत की थी और वे अब तक 7 नेशनल प्रतियोगिताओं में मेडल जीत चुकी हैं। दोनों बेटियां एशियन गेम्स में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी

डिजिटल फसल सर्वे एप बना पटवारियों के लिए आफत, गिरदावरी का काम अटका

हिसार टाइम्स – सरकार द्वारा फसलों की जानकारी जुटाने के लिए लागू किया गया डिजिटल फसल सर्वेक्षण (DCS) एप अपनी तकनीकी खामियों के कारण पटवारियों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। पटवारियों का आरोप है कि बिना किसी व्यावहारिक तैयारी, प्रशिक्षण और टैबलेट दिए इसे लागू कर दिया गया है। खेत की मेड़ पर खड़े होने के बाद भी एप का जीपीएस पटवारी को 20 मीटर बाहर बताकर सर्वे खारिज कर देता है, जबकि धूप में फोटो खींचने पर एआई एरर दिखाने लगता है। इसके अलावा खाली पड़े खेतों का रिकॉर्ड एप स्वीकार ही नहीं करता। इन सब गड़बड़ियों और नेटवर्क की समस्या के विरोध में पटवारियों ने गिरदावरी का काम रोक दिया है और सोमवार को भी काम का बहिष्कार करेंगे

न्योली कलां में नक्शे से गायब हुए खसरा नंबर, सर्वे डेटा नहीं हो पा रहा दर्ज

हिसार टाइम्स – डिजिटल फसल सर्वे एप में तकनीकी लापरवाही का आलम यह है कि हिसार जिले के न्योली कलां गांव के खसरा नंबर कागजों में दर्ज होने के बावजूद एप के डिजिटल नक्शे से गायब मिले हैं। कई जगहों पर 160 मरले की लहलहाती फसल को एप ज़ीरो एरिया घोषित कर रहा है। डीसीएस एप का उद्देश्य किसानों को आपदा और फसल बीमा का तुरंत भुगतान दिलाना था, लेकिन एप में आ रही लगातार गड़बड़ियों के कारण धरातल पर डेटा दर्ज ही नहीं हो पा रहा है, जिससे 14 अगस्त से 15 सितंबर तक चलने वाली फसल गिरदावरी का काम पूरी तरह प्रभावित हो गया है

गांव खरड़ अलीपुर में 5.32 करोड़ से बनेगा मल्टीपर्पज कुश्ती हॉल

हिसार टाइम्स – कैबिनेट मंत्री रणधीर गंगवा ने गांव खरड़ अलीपुर में 5.32 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति वाले मल्टीपर्पज कुश्ती हॉल की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है और इस हॉल के बनने से खिलाड़ियों को कुश्ती व अन्य खेलों में बेहतर अभ्यास के अवसर मिलेंगे। इस प्रोजेक्ट में हॉल के अलावा प्रशासनिक कार्यालय, चेंजिंग रूम, पार्किंग और चारदीवारी का निर्माण शामिल है। इस अवसर पर प्रजापति समाज के 324 मिट्टी कला से जुड़े परिवारों (खरड़ के 98 और अलीपुर के 226 लाभार्थियों) को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भूमि अधिकार प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए

बिजली बिलों की चिंता दूर कर रहा सौर ऊर्जा का क्रेज, 8185 घरों पर लगे सोलर प्लांट

हिसार टाइम्स – हिसार शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली बिलों की राहत के लिए रूफटॉप सोलर सिस्टम का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत हिसार सर्कल में अब तक 8,185 घरों की छतों पर सोलर यूनिट स्थापित की जा चुकी हैं, जिनसे हर महीने करीब 1.60 करोड़ यूनिट सौर ऊर्जा पैदा हो रही है। सर्कल में कुल 13,838 आवेदन मिले हैं, जिनमें से पेंडिंग पड़े 5,713 आवेदनों पर प्रक्रिया जारी है। इस योजना के तहत 1 से 5 किलोवाट तक का सोलर पैनल लगाने पर बिजली निगम सब्सिडी के साथ बिना ब्याज के ऋण भी उपलब्ध करवा रहा है, जिसे मासिक बिल में एडजस्ट कर दिया जाता है

सेक्टर 14 और अनाज मंडी क्षेत्र में आज 3 घंटे का पावर कट

हिसार टाइम्स – एचएसवीपी सेक्टर-14 और सिरसा चुंगी के पास 33 केवी नई बिजली लाइन का निर्माण कार्य कराया जाएगा। इसके चलते सोमवार शाम 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक सेक्टर-14 पावर हाउस से चलने वाले 11 केवी बीड़ एपी, तेजा मार्केट, अनाज मंडी, एनआरसीई और पोल्ट्री डीएस फीडरों की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रहेगी। पावर हाउस से जुड़े संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे अपने जरूरी कार्य पहले ही निपटा लें

सेक्टर 9-11 में टूटा बरसाती नाले का ढक्कन, बना हादसे का खतरा

हिसार टाइम्स – सेक्टर 9-11 स्थित हाउस नंबर 2501 के पास बरसाती नाले का ढक्कन लंबे समय से टूटा पड़ा है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में पानी भर जाने से गहरा गड्ढा दिखाई नहीं देता, जो राहगीरों और छोटे बच्चों के लिए किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। स्थानीय निवासी प्रेम चंद ने बताया कि खुले नाले से अक्सर जहरीले जीव और सांप बाहर निकल आते हैं। इसके अलावा नए पावर हाउस के पास भी जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने और नालों में गाद जमा होने से जलभराव की समस्या बनी हुई है

हर बेटी के नाम सफेद चंदन का पौधा रोप रहे समाजसेवी अनिल शर्मा

हिसार टाइम्स – नलवा क्षेत्र में बेटियों के उज्ज्वल और सुरक्षित भविष्य के लिए समाजसेवी अनिल शर्मा द्वारा एक अनुठी सकारात्मक पहल चलाई जा रही है। वे बेटी के जन्म पर कर्नाटक से विशेष रूप से मंगवाए गए मैसूर के सफेद चंदन के 2-2 पौधे परिजनों को वितरित कर रहे हैं। सोच यह है कि जैसे-जैसे बेटी बड़ी होगी, पौधा भी बढ़कर कीमती पेड़ बनेगा और भविष्य में परिवार को आर्थिक मजबूती देगा। बादशाहपुर, सरसाना, दुबेटा, मंगाली और तलवंडी सहित विभिन्न गांवों में अब तक करीब 300 पौधे रोपे जा चुके हैं। मौसम व फसल भाव के उतार-चढ़ाव से परेशान किसानों के लिए इसे एक टिकाऊ विकल्प के रूप में देखा जा रहा है

जिले में हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत

हिसार टाइम्स – हिसार जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। गंगवा पुल के पास एक अज्ञात वाहन ने युवक को कुचल दिया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई और उसकी पहचान नहीं हो सकी है। दूसरी घटना में बड़वाली के पास डंपर की टक्कर लगने से 35 वर्षीय डिलीवरी बॉय दीपक मलिक पहियों के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरा हादसा आधार अस्पताल के समीप हुआ, जहाँ तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए डबड़ा निवासी उमेद सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया

नाबालिग से दुर्व्यवहार का आरोपी सुविंद्र भेजा गया जेल

हिसार टाइम्स – महिला थाना हिसार पुलिस ने नाबालिग लड़की के साथ दुर्व्यवहार करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी सुविंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। उप निरीक्षक सुलेखा के नेतृत्व में की गई जांच के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एसपी सिद्धांत जैन ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और नाबालिग बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों को पुलिस अत्यंत गंभीरता से ले रही है और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा रही है

पुलिस की नशा विरोधी मुहिम: गांवों में 12 नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़ा

हिसार टाइम्स – एसपी सिद्धांत जैन के दिशा-निर्देशन में पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने आजाद नगर और शहर थाना क्षेत्र के मंगाली सुरतिया, मंगाली मोहब्बत व जीजेयू परिसर में नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाया। टीम ने ग्रामीणों, सरपंचों और नशा पीड़ितों के परिवारों से सीधा संवाद कर उन्हें नशे के शारीरिक, मानसिक व आर्थिक दुष्परिणामों के बारे में बताया। अभियान के दौरान 12 नशा पीड़ितों की पहचान कर उन्हें आयुर्वेदिक दवा उपलब्ध कराई गई तथा 3 नए पीड़ितों को नागरिक अस्पताल में उपचार लेने के लिए प्रेरित किया गया

कमजोर मानसून से बढ़ा तापमान, 37.7 डिग्री के साथ हिसार प्रदेश में सबसे गर्म

हिसार टाइम्स – हरियाणा और एनसीआर क्षेत्र में राजस्थान की तरफ से आ रही शुष्क पश्चिमी-दक्षिणी हवाओं के कारण मानसून की गतिविधियां लगातार कमजोर बनी हुई हैं। इसके चलते तापमान में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रविवार को हिसार का अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से काफी अधिक और पूरे प्रदेश में सर्वाधिक रहा। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, केवल उत्तरी जिलों में छिटपुट बारिश देखने को मिल रही है, जबकि शेष हरियाणा में आने वाले दिनों में भी कमजोर मानसून और उमस भरी पसीना छुड़ाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा

चंडीगढ़ में बस स्टैंड के पास मिला IED: बैग में टिफिन के अंदर रखा था, 3 लोग गिरफ्तार, पुलिस ने इलाका सील किया

◾हमें दुनिया का टैलेंट भारत की ओर खींचना है’, सैटेलाइट से लेकर AI तक… स्पेस स्टार्टअप्स के CEO-फाउंडर्स से PM मोदी ने की बातचीत

◾भारत की स्पेस में पेट्रोल-पंप लगाने, दवाइयां बनाने की तैयारी, पीएम से मिले स्पेस स्टार्टअप्स के फाउंडर्स ने बताए प्लान, स्काईरूट हर महीने रॉकेट लॉन्च करेगी

◾संसद के मानसून सत्र का अवसान अब तक नहीं हुआ है। इसमें हो रही देरी पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पूछा कि क्या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अब भी उस ‘दागदार’ दो-तिहाई बहुमत की तलाश में हैं, जिससे वे एक विशेष सत्र बुलाकर परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पारित करा सकें।

◾’रिश्तों में दोनों का फायदा होना चाहिए’, बांग्लादेश को जयशंकर का बड़ा मैसेज, पाकिस्तान को भी सुना दी खरी-खरी

◾यूपी विधानसभा अध्यक्ष महाना राष्ट्रगान छोड़कर चले गए, VIDEO हुआ वायरल,अचानक मंच से उतरे, कार में बैठकर रवाना; आयोजक बोले- दूसरी जगह बज रहा था

◾भाजपा महाराष्ट्र के उपाध्यक्ष केशव उपाध्ये ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुणे में छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम को ”राजनीतिक कॉमेडी शो” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने छात्रों से जुड़े मुद्दों पर बात करने के बजाय राजनीतिक बयान दिए।

◾उन्होंने आरोप लगाया, ”सत्ता खोने की निराशा, चुनावी हार का गुस्सा और मोदी का डर, इन सबने मिलकर राहुल गांधी के इस तथाकथित कॉमेडी शो को जन्म दिया है।” उन्होंने कहा कि जब लोग ”हंस रहे” थे, तब भी कांग्रेस अपनी चुनावी हार के कारण तलाशने में लगी हुई थी

◾कांग्रेस ने किया भाजपा पर पलटवार,सावंत ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को मिली मजबूत प्रतिक्रिया से भाजपा असहज है और युवाओं के बीच राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता ने उसकी नींद उड़ा दी है।

◾ सीएम फडणवीस राहुल गांधी पर हमलावर: बोले- उनका महिला सशक्तीकरण का रुख पाखंडी, कांग्रेस को बताया दिशाहीन दल

◾सीएम फडणवीस ने रविवार को नागपुर में एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी के पुणे में छात्राओं के साथ हुए संवाद का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पहले भाजपा नेता चित्रा वाघ के उस सवाल का जवाब देना चाहिए, जिसमें उनसे पूछा गया है कि वह महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन क्यों नहीं करते।

◾ एनसीपी विधायक रोहित पवार के PA की बेटी की मौत, बारामती में नाले के पास नाबालिग का शव मिला; घर से नाराज होकर निकली थी

◾ केंद्र से टकराव की वजह से पिछड़ा बंगाल’: CM शुभेंदु अधिकारी बोले- विरोध की राजनीति ने राज्य को बहुत पीछे किया, राज्य की पिछली सरकारों पर केंद्र के साथ मिलकर काम नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय तक केंद्र सरकार और उसके विभिन्न विभागों के साथ सहयोग करने की इच्छाशक्ति नहीं दिखाई गई, जिसका खामियाजा राज्य को भुगतना पड़ा

◾ छत्तीसगढ़-स्कूल से लौट रहे 3 बच्चे नदी में बहे, मौत, UP के बाराबंकी में सड़क पर नाव चल रहीं; MP में 6 महीने पुरानी सड़क बही

◾अगले हफ्ते आ रहे 10 आईपीओ, ₹345 तक GMP; शेयर मिल गए तो हो जाएंगे मालामाल

◾ क्या ट्रम्प अपने फैसलों से शेयर-बाजार में करोड़ों कमा रहे?: जून में किए 1 हजार से ज्यादा स्टॉक ट्रेड्स; व्हाइट हाउस बोला- कंप्यूटर संभाल रहा पोर्टफोलियो

◾ देवदत्त पडिक्कल ने लगातार दूसरे टेस्ट में शतक लगाया, ऋषभ पंत 3 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट, गिल फिफ्टी लगाकर आउट; श्रीलंका के खिलाफ भारत-290/4

जयपुर में 6 मंजिला बिल्डिंग में लगी आग,80 लोग फंसे: धुएं से सांस लेने में दिक्कत होने लगी, पार्किंग में 12 बाइक और 3 कार जली

===================================

====================================