नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट…
For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group
https://chat.whatsapp.com/

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖
प्राइवेट स्कूलों पर बड़ा शिकंजा, MIS खाते बंद!
हिसार टाइम्स – शिक्षा विभाग ने सत्र 2026-27 के लिए फॉर्म-6 न भरने वाले मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को 2 से 9 सितंबर तक पोर्टल पर दोबारा मौका दिया है, लेकिन जिन स्कूलों ने आरटीई (RTE) पोर्टल पर सीटें घोषित नहीं की हैं, उनके एमआईएस (MIS) खाते बंद कर दिए गए हैं। ऐसे स्कूल अब फॉर्म-6 भी नहीं भर सकेंगे।

विभाग के नए नियमों के अनुसार, यदि कोई स्कूल समय पर फॉर्म-6 ऑनलाइन जमा नहीं करता है, तो उसे उस शैक्षणिक वर्ष के लिए फीस बढ़ाने से रोक दिया जाएगा और यह मान लिया जाएगा कि उसने (CPI-5)% की स्लैब स्वीकार कर ली है (5% से अधिक फीस नहीं बढ़ा पाएगा)। इसके अलावा, फॉर्म-6 में घोषित अनिवार्य फीस (एडमिशन, परीक्षा शुल्क) और वैकल्पिक फीस (परिवहन, हॉस्टल, टूर) का ब्योरा अलग-अलग नोटिस बोर्ड व वेबसाइट पर देना अनिवार्य होगा।

‘वो फिर आ गए’… और बेडरूम में चली गोली!

हिसार टाइम्स – हिसार के शांति नगर और 12 क्वार्टर रोड एरिया में उस समय शोक और सनसनी फैल गई जब ‘हिसार खालसा इलेक्ट्रॉनिक्स’ के मालिक 38 वर्षीय हैप्पी चोपड़ा ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक के भाई चरणजीत सिंह के अनुसार, हैप्पी चोपड़ा ने करीब तीन साल पहले खालसा इलेक्ट्रॉनिक्स की नींव रखी थी और बाद में दुकान की ऊपरी मंजिल बनाने की जरूरत महसूस होने पर फाइनेंसरों से 15 से 20 लाख रुपये का कर्ज लिया था। कर्ज चुकाने की मियाद 1 सितंबर तय थी। आरोप है कि भुगतान की तारीख निकलने के बाद पड़ाव चौक निवासी फाइनेंसर सुरेश माझी और उसका भतीजा सोनू माझी पिछले दो दिन से घर और दुकान पर आकर गाली-गलौज कर रहे थे और अत्यधिक मानसिक दबाव बना रहे थे।

बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे जब फाइनेंसरों के गुर्दे घर पहुंचे और डोरबेल बजाई, तो खौफ से कांप रहे हैप्पी ने अपने छोटे भाई चरणजीत को देखने भेजा और कहा, “भैया, वो फिर आ गए।” भाई अभी गलियारे तक ही पहुंचा था कि बेडरूम से गोली चलने की गूंज सुनाई दी। परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो हैप्पी अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से सिर में गोली मारकर खून से लथपथ पड़े थे। हैप्पी चोपड़ा अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। परिजनों का कहना है कि वे लाखों के टर्नओवर वाले व्यवसायी थे और पैसों का इंतजाम लगभग हो चुका था, लेकिन फाइनेंसरों की गुंडागर्दी, मानसिक प्रताड़ना और सार्वजनिक बेइज्जती को वे बर्दाश्त नहीं कर पाए। परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

GJU फर्जी रिपोर्ट मामला: हाईकोर्ट का कड़ा एक्शन!
हिसार टाइम्स – गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय (GJU) में हुए बहुचर्चित कंसल्टेंसी घोटाले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के संज्ञान के बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता डॉ. संदीप गुप्ता के बयान दर्ज कर लिए हैं। डॉ. संदीप गुप्ता ने 15 मार्च 2023 को पूर्व कुलपति प्रो. नरसीराम बिश्नोई सहित 10 शिक्षकों व अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज करने की शिकायत दी थी।
आरोप है कि हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा अधिकृत जीजेयू की लैब में मर्करी, सेलेनियम और वैनेडियम की टेस्टिंग के उपकरण मौजूद ही नहीं थे, फिर भी 14 प्रमुख औद्योगिक इकाइयों की फर्जी टेस्टिंग रिपोर्ट तैयार कर जारी कर दी गईं और उससे मिली राशि सरकारी खाते में जमा नहीं कराई गई। हाईकोर्ट में अपील के बाद अब पड़ाव पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान दर्ज कर जांच तेज कर दी है, जिसकी जांच लोकायुक्त भी कर रहे हैं।

ICU में मरीज के परिजन देख कर रह गए दंग !
हिसार टाइम्स – हिसार के नागरिक अस्पताल के आईसीयू (ICU) वार्ड में चोरी की नीयत से दोबारा पहुंचे एक युवक को अस्पताल स्टाफ ने मुस्तैदी दिखाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। एसएमओ डॉ. सुरेंद्र विश्नोई ने बताया कि भिवानी निवासी शिकायतकर्ता कृष्णा देवी ने पहले शिकायत दी थी कि इलाज के दौरान उनके बैग से लगभग 31 हजार रुपये चोरी हो गए थे।
सीसीटीवी फुटेज में लाल रंग का बैग लिए एक युवक वारदात को अंजाम देते दिखा था। गुरुवार को जब वही युवक दोबारा संदिग्ध हालत में आईसीयू में घूमता दिखा, तो स्टाफ ने उसे पहचान कर तुरंत दबोच लिया।

पड़ाव चौक क्षेत्र में चाकूबाजी, जगदीप गिरफ्तार

हिसार टाइम्स – हिसार के पड़ाव चौकी क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी जगदीप को गिरफ्तार कर लिया है।
पड़ाव चौकी के एएसआई सूरजमल के अनुसार, सूचना मिली थी कि झगड़े के दौरान मोहित उर्फ मिट्टू पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया था। पीड़ित के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। पुलिस आरोपी जगदीप को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि हमले के कारणों का पता लगाया जा सके।

शांति नगर में पुलिस की रेड, महिला गिरफ्तार!
हिसार टाइम्स – 12 क्वार्टर पुलिस चौकी की टीम ने शांति नगर क्षेत्र से नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला को 8 ग्राम 30 मिलीग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।
चौकी प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर महिला पुलिसकर्मी की मदद से संदिग्ध महिला को रोककर तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद हुआ। आरोपी महिला की पहचान शांति नगर निवासी गीता देवी के रूप में हुई है। थाना एचटीएम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है।

बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, घेराबंदी कर दबोचा
हिसार टाइम्स – अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए मिल गेट टीम ने गांव काबरेल के पास घेराबंदी कर एक युवक को अवैध हथियार के साथ दबोच लिया।
सीआईए मिल गेट प्रभारी सब इंस्पेक्टर जगदीश ने बताया कि गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि एक युवक हथियार लेकर किसी वारदात की फिराक में घूम रहा है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से .32 बोर का अवैध पिस्तौल बरामद हुआ। थाना आदमपुर में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी को रिमांड पर लेकर हथियार के स्रोत व खरीद के उद्देश्य के बारे में पूछताछ की जा रही है।

तलाकी गेट पर खौफनाक मंजर: धू-धू कर जली कार!
हिसार टाइम्स – हिसार शहर के तलाकी गेट स्थित लोहे के फुट ओवरब्रिज के पास खड़ी एक कार कचरे में लगी आग की चपेट में आने से जलकर खाक हो गई। शहर में सफाई कर्मियों की लंबे समय से चल रही हड़ताल के कारण जगह-जगह कचरा जमा था और किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसमें आग लगा दी थी। कार चालक ने जब वहां वाहन पार्क किया, तब कचरा हल्का सुलग रहा था, लेकिन चालक ने इस पर ध्यान नहीं दिया और गाड़ी लॉक करके चला गया।
कुछ ही देर में आग ने भयानक रूप ले लिया और लपटें कार के बोनट की ओर फैल गईं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम अपनी छोटी गाड़ी के साथ तुरंत पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। दमकल केंद्र के अधिकारियों के अनुसार, उसी दिन शहर में दो-तीन अन्य स्थानों पर भी जमा कचरे में लगी आग को बुझाया गया।

कैम्प चौक पर बुलेट सवार को भारी पड़ी यह गलती!
हिसार टाइम्स – हिसार यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कैम्प चौक क्षेत्र में एक बुलेट मोटरसाइकिल चालक को पकड़ा।
उक्त चालक बाइक में अवैध रूप से संशोधित (मॉडिफाइड) साइलेंसर लगवाकर पटाखे जैसी तेज आवाज निकाल रहा था और ध्वनि प्रदूषण फैला रहा था। यातायात पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए चालान काटकर 26,500 रुपये का जुर्माना लगाया और मोटरसाइकिल को तुरंत प्रभाव से इम्पाउंड कर लिया।

स्वाइन फ्लू से महिला की मौत, आंकड़े डराने वाले!
हिसार टाइम्स – प्रदेश में स्वाइन फ्लू का H1N1 वायरस अब जानलेवा साबित होने लगा है। हांसी उपमंडल के गांव कोथ कलां की 66 वर्षीय वृद्धा ने हिसार के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतका H1N1 वायरस से संक्रमित थीं और पिछले सात दिनों से अस्पताल में भर्ती थीं। डेथ समरी के अनुसार, महिला बुखार, गले में दर्द, खांसी और सांस लेने में तकलीफ के चलते भर्ती हुई थीं और वे पहले से ही क्रॉनिक ऑब्स्ट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) से ग्रस्त थीं।
स्वास्थ्य विभाग के सर्विलांस आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में जनवरी से अगस्त तक स्वाइन फ्लू के 213 मरीज मिल चुके हैं। एनसीआर फरीदाबाद के बाद हिसार, करनाल और गुरुग्राम में सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। हिसार में अब तक 23 संक्रमित मरीज मिल चुके हैं और 1 मरीज की मौत दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. खतरेजा ने सलाह दी है कि लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं, भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनें, हाथ धोएं और स्वस्थ होने तक खुद को दूसरों से अलग रखें। नागरिक अस्पताल में सभी जांच व दवाएं निशुल्क उपलब्ध हैं।

सफाईकर्मियों का विरोध, 50 से ज्यादा हिरासत में!
हिसार टाइम्स – नगर पालिका कर्मचारी संघ की हड़ताल के 29वें दिन नगर निगम प्रशासन ने ठेकेदार के कर्मचारियों के जरिए सफाई कराने की कोशिश की, लेकिन हालात अब भी दयनीय हैं। निगम अधिकारियों का पूरा फोकस सिर्फ पॉश इलाकों और सेक्टरों पर रहा, जबकि शहर की 80% कॉलोनियों में पिछले एक महीने से कूड़ा उठाने वाली एक भी गाड़ी नहीं पहुंची है।
जन्माष्टमी पर मंदिरों के बाहर सफाई के लिए एक्सईएन अमित कौशिक, सुनील लांबा, जयवीर डूडी और अमित बेरवाल के नेतृत्व में दो विशेष टीमें बनाई गईं, जिन्होंने पुलिस सुरक्षा में 20 से ज्यादा डंपर कचरा उठवाया। इस दौरान ठेकेदारों से काम करवाने की सूचना मिलते ही विरोध करने पहुंचे नगर पालिका कर्मचारी संघ के 50 से अधिक प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए हिरासत में ले लिया और बसों में भरकर थाने ले गई।

हिसार एयरपोर्ट से बड़ी खबर: शुरू होने जा रहा यह काम
हिसार टाइम्स – हरियाणा में एविएशन सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट को देश का बड़ा एविएशन व मेंटेनेंस हब बनाने की कवायद तेज हो गई है। हरियाणा एयरपोर्ट्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (HADCL) ने एयरपोर्ट पर बने 3 बड़े एयरक्राफ्ट हैंगर्स और ऑफिस स्पेस को 15 साल की लीज पर देने के लिए ई-टेंडर आमंत्रित किए हैं।
इस लीज फीस में हर साल 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। एयरपोर्ट पर कुल 8,670 वर्ग मीटर का क्षेत्रफल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें एक हैंगर में 1850 वर्ग मीटर हैंगर स्पेस और 1040 वर्ग मीटर ऑफिस एरिया शामिल है। डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) की मंजूरी के तहत इस जगह का उपयोग केवल विमानन गतिविधियों, जैसे- छोटे एयरक्राफ्ट, ड्रोन और गायरोकॉप्टर की मैन्युफैक्चरिंग, असेंबली यूनिट, एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस रिपेयर एंड ओवरहाल (MRO) और एविएशन ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के लिए ही किया जाएगा। टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 28 सितंबर 2026 रखी गई है।

रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, बदलेगी व्यवस्था!
हिसार टाइम्स – हिसार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को अब धूप और बारिश से राहत मिलेगी। रेलवे प्रशासन द्वारा प्लेटफॉर्म शेड की लंबाई को 48 मीटर से बढ़ाकर लगभग 160 मीटर करने का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पूरे विस्तारीकरण कार्य पर 3.30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्लेटफॉर्म नंबर 6 की वर्तमान लंबाई 336 मीटर है, जिसे बढ़ाकर 520 मीटर किया जाएगा (सिरसा साइड 78 मीटर और हांसी साइड 105 मीटर की बढ़ोतरी)। इस विस्तारीकरण के बाद प्लेटफॉर्म पर 16 डिब्बों के बजाय 24 डिब्बों वाली लंबी दूरी की ट्रेनें आसानी से खड़ी हो सकेंगी और यात्रियों के बैठने के लिए अतिरिक्त स्टील कुर्सियां भी लगाई जाएंगी।

GJU का नया धमाका: डिग्री संग मिलेगा डिप्लोमा!
हिसार टाइम्स – गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJU), हिसार के दूरस्थ एवं मुक्त शिक्षा केंद्र (CDE) ने विद्यार्थियों के लिए उद्योग-प्रासंगिक 14 नए एक वर्षीय डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कार्यक्रमों में दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी है। जीजेयू के कुलपति प्रो. विजय कुमार और सीडीई के निदेशक प्रो. खुजान सिंह ने बताया कि इन पाठ्यक्रमों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि नियमित स्नातक (UG) या स्नातकोत्तर (PG) की पढ़ाई कर रहे छात्र अपनी डिग्री के साथ-साथ इन्हें पूरा कर सकते हैं।
किसी भी मान्यता प्राप्त कॉलेज या यूनिवर्सिटी के नियमित विद्यार्थियों को कुल शुल्क में 25 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी। 12वीं पास विद्यार्थी भी इसमें प्रवेश ले सकते हैं। ये कोर्स मुख्य रूप से टेक्नोलॉजी व एनालिटिक्स (AI, साइबर सिक्योरिटी, डेटा साइंस, कंप्यूटर एप्लीकेशन), बैंकिंग व कॉमर्स (फाइनेंशियल मार्केट, बैंकिंग एंड फाइनेंस), एनवायरनमेंट (इंडस्ट्रियल हेल्थ एंड सेफ्टी, फूड क्वालिटी), तथा आध्यात्मिक शिक्षा व वैदिक गणित जैसे क्षेत्रों में उपलब्ध कराए गए हैं।

कॉलेजों में सीटें खाली, फिर खुला पोर्टल!
हिसार टाइम्स – हिसार शहर के 5 प्रमुख राजकीय व एडेड कॉलेजों में स्नातक (UG) प्रथम वर्ष की 8,574 सीटों में से 4,253 सीटें (49.60%) अभी भी खाली पड़ी हैं। उच्च शिक्षा विभाग (DHE) ने भारी संख्या में रिक्त रह गई इन सीटों को भरने के लिए एडमिशन पोर्टल को एक बार फिर सक्रिय कर दिया है। प्रवेश से वंचित रहे विद्यार्थी अब 15 सितंबर 2026 तक विभिन्न कॉलेजों में रिक्त सीटों पर सीधा दाखिला ले सकते हैं।
17 अप्रैल से शुरू हुई प्रवेश प्रक्रिया के चार महीने तक चलने के बावजूद सेल्फ फाइनेंस स्कीम और ऑनर्स कोर्सेज में छात्रों का रुझान बेहद निराशाजनक रहा। डीएन कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. विक्रमजीत सिंह ने बताया कि जो छात्र उच्च शिक्षा में प्रवेश पाना चाहते हैं, वे 15 सितंबर तक संबंधित कॉलेज में जाकर खाली सीटों पर ऑनलाइन/ऑफलाइन प्रक्रिया के तहत सीधे आवेदन कर प्रवेश ले सकते हैं।

LUVAS क्लर्क भर्ती परीक्षा की तारीख तय!
हिसार टाइम्स – लाला लाजपत राय पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) में क्लर्क पद के लिए लिखित परीक्षा 13 सितंबर 2026 (रविवार) को आयोजित होगी। अभ्यर्थी 7 सितंबर से विश्वविद्यालय के भर्ती पोर्टल से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।

हिसार में बदलेगा मौसम, इस तारीख तक बारिश!
हिसार टाइम्स – हिसार जिले में मौसम का मिजाज लगातार परिवर्तनशील बना हुआ है। गुरुवार को दिनभर बादलों की आवाजाही के साथ-साथ बीच-बीच में कड़ाके की धूप का दौर चलता रहा। हालांकि पिछले दिनों की तुलना में तापमान से थोड़ी राहत मिली, लेकिन दिन और रात का तापमान अब भी सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। शहर का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक) और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक) रहा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, राजस्थान के ऊपर बने प्रति-चक्रवातीय सर्कुलेशन के हटने और नया लो प्रेशर एरिया बनने से मानसूनी हवाएं फिर से सक्रिय होंगी। इसके प्रभाव से सितंबर के पहले सप्ताह में 6 सितंबर तक जिले में बिखराव वाली मानसूनी गतिविधियां देखने को मिलेंगी, बादलों की आवाजाही रहेगी और कई हिस्सों में बारिश होने से तापमान में गिरावट आएगी।

सब्जी मंडी मार्ग पर मंडराया बड़ा खतरा!
हिसार टाइम्स – शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल जहाजपुल से पुरानी सब्जी मंडी की ओर जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। सड़क के बीचों-बीच बने बड़े गड्ढों और उखड़ी हुई सतह के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए यहां से गुजरना बेहद जोखिम भरा हो गया है।
स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि पेयजल या अन्य विकास कार्यों के नाम पर सड़क को खोदा गया था, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद न तो इसकी मरम्मत की गई और न ही समतलीकरण हुआ। इसके चलते आए दिन लोग फिसलकर चोटिल हो रहे हैं और रात में रोशनी की कमी से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। निवासियों ने प्रशासन से गड्ढों को तुरंत भरकर सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है।

श्रीश्याम मंदिर में जन्माष्टमी की धूम, निकलेंगी झांकियां!
हिसार टाइम्स – श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में हिसार स्थित लाहौरिया चौक के प्रसिद्ध श्रीश्याम मंदिर को रंग-बिरंगी भव्य लाइटों और सुंदर सजावट से चमकाया गया है। मंदिर समिति के चेयरमैन प्यारेलाल लाहौरिया ने जानकारी दी कि जन्माष्टमी पर आज शाम 6 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में कमिश्नर गीता भारती शिरकत करेंगी।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा श्रीकृष्ण लीला का सजीव मंचन किया जाएगा। इसके अलावा नंदगांव, गौमाता सेवा, यशोदा-सखियों के मंगलगान, मौरा के भवन, बांके बिहारी, सप्त ऋषि, नृसिंह अवतार और श्रीकृष्ण झूले की आकर्षक झांकियां सजाई जा रही हैं। इसके साथ ही शहर के अन्य प्रमुख मंदिरों में भी भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की विशेष झांकियां सजाई जाएंगी और शाम 4:30 बजे से रात 12 बजे तक श्रीकृष्ण जन्म का भव्य उत्सव मनाया जाएगा, जिसके लिए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

‘सरकार का असली चेहरा बेनकाब’: पर्ल चौधरी
हिसार टाइम्स – हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने हिसार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” का नारा देने वाली सरकार का असली चेहरा अब जनता के सामने बेनकाब हो चुका है।
पर्ल चौधरी ने आंदोलनरत महिला सफाई कर्मचारियों के बीच पहुंचकर अपना समर्थन जताया और आरोप लगाया कि जब महिलाएं अपने हक के लिए आवाज उठाती हैं, तो सरकार पुलिस की लाठियों और गाड़ियों के पीछे उनकी आवाज दबाने का काम करती है। उन्होंने हिसार पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई और महिलाओं को वास्तविक राजनीतिक भागीदारी देने की मांग की।

सिवानी बार एसोसिएशन चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला!
हिसार टाइम्स – सिवानी मंडी में सिवानी बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव को लेकर वकीलों के बीच चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अधिवक्ता रमेश कोठारी ने बताया कि चुनाव के लिए विभिन्न पदों के प्रत्याशियों की आधिकारिक सूची जारी कर दी गई है।
अध्यक्ष पद के लिए राजीव श्योराण, विजय खिचड़ और प्रदीप तंवर के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। उपाध्यक्ष पद के लिए रीना महला और बाला माजिया, सचिव पद के लिए सतीश विश्नोई और विकास मित्तल, तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए रवि यहानी और राजपाल सखेड़ा मैदान में हैं। संयुक्त सचिव पद पर आकाश निर्विरोध/एकमात्र प्रत्याशी हैं।

डॉ. कमल गुप्ता का जनसंवाद: मौके पर ही दिए निर्देश
हिसार टाइम्स – हिसार के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला कार्यालय में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं।
उन्होंने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को फोन कर त्वरित कार्रवाई और समाधान के कड़े निर्देश दिए। डॉ. गुप्ता ने कहा कि जनप्रतिनिधि का पहला दायित्व जनता की बात को संवेदनशीलता से सुनना और उसका समाधान करना है। इस अवसर पर सुरेश गोयल, धूप सिंह, राम चंदर गुप्ता, प्रवीण जैन, कृष्ण विश्नोई व सुरेंदर सैनी उपस्थित रहे।


◾नेपाल में तबाही के बीच फिर कांपा हिमालय; तिब्बत में लगे भूकंप के झटके, सहम गए लोग

◾अब WhatsApp से भरें बिजली-पानी समेत कई बिल, भारत में शुरू हुई नई सुविधा
◾रूस-यूक्रेन जंग पर भारत का साफ संदेश, जयशंकर बोले- युद्ध खत्म करने में हर संभव करेगे
◾विरासत से जुड़कर ही विकसित राष्ट्र बनने का सपना पूरा कर सकता है भारत: योगी
◾100 परसेंट टैरिफ के बाद भी रूस से तेल खरीदेगा भारत? जयशंकर का दो-टूक जवाब

◾जम्मू-कश्मीर की पीर पंजाल रेंज में आतंकियों के साथ एनकाउंटर शुरू, सुरक्षाबलों ने इलाका घेरा
◾नेपाल की तबाही में भारत बना सबसे बड़ा सहारा: 5 खेप में 74 टन राहत भेजी; डॉक्टर, रेस्क्यू एक्सपर्ट और फोरेंसिक टीम भी पहुंचाई
◾गडकरी बोले- सभी राज्य बाइक टैक्सी को मंजूरी दें: 8 करोड़ रोजगार मिलेंगे; ट्रैफिक नियम तोड़ने पर ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड-कैंसिल होगा
◾बिहार में गंगा खतरे के निशान से 2 फीट ऊपर: 13 जिलों में बाढ़; काशी में 407 परिवारों ने घर छोड़ा, हिमाचल में 175 सड़कें बंद
◾भारत-बेल्जियम साझेदारी में नयी गति, अगले 5 वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य: मोदी
◾अमेरिका के साथ व्यापार समझौते में अपने प्रतिस्पधी देशों की तुलना में बेहतर शुल्क दरें चाहता है भारत: गोयल

◾राजस्थान और उप्र के सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों व मीडिया के प्रवेश पर रोक के खिलाफ जनहित याचिका सुप्रीम कोर्ट से खारिज
◾नेपाल में विनाशकारी बाढ़ में मृतकों की संख्या बढ़कर 1,252 हुई, 4216 लापता
◾मेहुल चोकसी का गेम ओवर… बेल्जियम से घसीटकर लाया जाएगा भगोड़ा, मिला फुल सपोर्ट
◾भीषण हीट से लाचार अमेरिका, लोहे का पुल इतना गर्म हुआ कि फैल गया, हवा में लटका

◾हरियाणा ने केंद्र सरकार पर धान खरीद कोटा बढ़ाने का बनाया दबाव, किसानों के हित में 65 लाख टन खरीद की मांगी मंजूरी
◾दिल्ली में ब्रेन डेड युवक के अंगदान से सेना के दो जवानों को मिली नई जिंदगी, लिवर और किडनी का हुआ सफल ट्रांसप्लांट
◾अंतरिक्ष में ISRO ने रचा इतिहास: GSLV-F17 के साथ लॉन्च हुआ ‘बाज’ सैटेलाइट EOS-05, भारत की सीमाओं पर रखेगा नजर
◾राम मंदिर ट्रस्ट के CEO एयर मार्शल (रिटायर्ड) जितेंद्र मिश्रा पहुंचे अयोध्या, बोले- जीवन में दूसरी बार सेवा का मौका मिला

◾सरकारी कर्मचारियों के जॉब के दौरान रील्स और पर्सनल पोस्ट पर लगेगी रोक? पीएम मोदी के निर्देश पर तैयार हो रहा नया ‘सोशल मीडिया कोड’
◾Women’s Asia Cup: सेमीफाइनल में पहुंची भारत की ‘विमेन इन ब्लू’, हांगकांग को 137 रनों से हराया
===================================

====================================




































