नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट…
For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group
https://chat.whatsapp.com/

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖
हिसार टाइम्स – हिसार के एक अस्पताल में कार्यरत महिला डॉक्टर ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने उन्हें तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, महिला डॉक्टर को वेंटिलेटर सपोर्ट पर आईसीयू में रखा गया है; उनके बीपी में तो सुधार हुआ है लेकिन शरीर में कोई मूवमेंट नहीं है। थाना प्रभारी विकास ने बताया कि महिला डॉक्टर पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थीं। फिलहाल डॉक्टर के अनफिट होने के कारण पुलिस उनके बयान दर्ज नहीं कर सकी है।

ब्लैकमेलिंग केस में महिला इंस्पेक्टर का डिमोशन, सब-इंस्पेक्टर बनी

हिसार टाइम्स – हिसार पुलिस ने जींद के एक कॉलोनाइजर को कथित तौर पर तंत्र-विद्या के जरिए फंसाकर ब्लैकमेल करने के आरोपों से घिरी महिला इंस्पेक्टर को डिमोशन कर सब-इंस्पेक्टर बना दिया है। विभागीय जांच के आधार पर हिसार मंडल के एडीजीपी कुलदीप सिंह ने फतेहाबाद पुलिस को पदावनति संबंधी आदेश जारी किए हैं। पुलिस के अनुसार, इस मामले में महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ अदालत में चालान भी पेश किया जा चुका है। वह फिलहाल फतेहाबाद कोर्ट में सब-इंस्पेक्टर के रूप में ड्यूटी कर रही है। शिकायत जींद निवासी एक महिला ने आजाद नगर थाने में दी थी। उसने बताया कि उसके पति, जो प्रॉपर्टी डीलर हैं, के जमीन प्रकरण की जांच 2022 में हरियाणा स्टेट एनफोर्समेंट ब्यूरो के तहत उक्त पुलिसकर्मी को सौंपी गई थी। आरोप है कि जांच के दौरान नजदीकी बढ़ाकर उनसे पैसे ऐंठे गए।

नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल कैद, 1.10 लाख जुर्माना

हिसार टाइम्स – हिसार की सुनील जिंदल की अदालत ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में दोषी सावन को 20 साल की कैद और 1.10 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। अभियोजन के अनुसार, आजाद नगर थाने में वर्ष 2022 में यह मामला दर्ज हुआ था। शिकायत में बताया गया था कि आरोपी पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और हरिद्वार ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया और 16 साल 4 माह की पीड़िता को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों, गवाहों के बयानों और ऑन-रिकॉर्ड तथ्यों के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराते हुए यह सजा सुनाई।

श्रीलंका के बीच पर 10-12 फीट ऊंची लहरों में बहने से हिसार के युवक की मौत, गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार
हिसार टाइम्स – श्रीलंका की राजधानी कोलंबो से करीब 173 किलोमीटर दूर डिकवेला बीच पर हुए हादसे में हिसार के 26 वर्षीय युवक समृद्ध परूथी की जान चली गई। समृद्ध अपने जयपुर, दिल्ली व मुंबई के दोस्तों संग श्रीलंका घूमने गया था। वे डिकवेला बीच पर टहलते हुए समुद्र की तरफ चले गए। मौसम खराब होने की चेतावनी से अनजान दोस्तों के पास अचानक तेज ज्वार-भाटा आया और 10 से 12 फीट ऊंची लहरें उठने लगीं। लहरों ने रोहन नामक दोस्त को पत्थरों पर फेंक दिया, जिससे वह घायल हो गया, जबकि समृद्ध को गहरे पानी के अंदर खींच लिया। मैन्युअल बोट की मदद से करीब एक घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद समृद्ध को बाहर निकालकर सीपीआर दिया गया और अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मृतक समृद्ध का शव बुधवार देर रात हिसार के सेक्टर 15 स्थित निवास पर लाया गया। गुरुवार सुबह सेक्टर 16-17 स्थित श्मशान भूमि में अंतिम संस्कार किया गया, जहां चचेरे भाई हार्दिक ने मुखाग्नि दी। बेटे की चिता देखकर पिता जिला अटॉर्नी सुनील परुथी बिलख पड़े। समृद्ध का 5 सितंबर को ही जन्मदिन था और 9 सितंबर को वह दोस्तों संग श्रीलंका गया था।

पिज्जा दुकान में मारपीट के मामले में सह-आरोपी गिरफ्तार, डंडा बरामद

हिसार टाइम्स – हिसार के ग्रोवर मार्केट स्थित पिज्जा की दुकान में घुसकर मारपीट करने के मामले में थाना शहर पुलिस ने एक सह-आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया गया है। थाना शहर प्रभारी निरीक्षक अमित ने बताया कि शिकायतकर्ता टिंकू, जो उक्त बाजार में पिज्जा की दुकान चलाता है, की कुछ युवकों के साथ कहासुनी हो गई थी। इसके बाद आरोपियों ने दुकान में जबरन घुसकर तेजधार हथियारों और डंडों से मारपीट की थी। पुलिस मामले में मुख्य आरोपी जयकिशन को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है और अब अन्य संदिग्धों की भूमिका व हथियारों की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।

स्नेचिंग के मामले में तीन किशोरों सहित चार आरोपी गिरफ्तार, छीना गया सामान बरामद
हिसार टाइम्स – हिसार पुलिस की 12 क्वार्टर चौकी टीम ने स्नेचिंग के एक मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन किशोरों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता कृष्ण कुमार जब सब्जी मंडी स्थित अपनी दुकान पर जा रहा था, तब शांति नगर और लॉर्ड कृष्णा स्कूल के बीच बाइक सवार चार युवकों ने उसे रोककर मारपीट की। आरोपियों ने उसकी तलाशी ली और मोबाइल फोन व 7,800 रुपये नकद छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए छीना गया मोबाइल और नकदी बरामद कर ली। तीनों किशोरों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश कर जमानत पर छोड़ा गया, जबकि मुख्य आरोपी मुकेश को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

बुलेट से पटाखे जैसी आवाज निकालने पर 23,500 का चालान, 15 दिन में 1,085 कार्रवाई

हिसार टाइम्स – हिसार में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। एसपी सिद्धान्त जैन के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत सब इंस्पेक्टर सुरेश कुमार की टीम ने बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने पर चालक का 23,500 रुपये का चालान काटा है। पुलिस के अनुसार मॉडिफाइड और साइलेंसर से अवैध आवाज निकालने से राहगीरों को भारी परेशानी होती है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है। इसके अलावा, बीते 15 दिनों के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने पर 579 तथा ट्रिपल राइडिंग करने पर 506 चालान काटते हुए कुल 1,085 वाहनों पर दंडात्मक कार्रवाई की है।

सरपंच का पति संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, दो युवकों पर एससी-एसटी एक्ट व धमकी का केस
हिसार टाइम्स – गांव चिड़ौद की सरपंच बाला देवी ने अपने पति व सरपंच प्रतिनिधि मोलूराम के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने और जान से मारने की धमकियों की शिकायत आजाद नगर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दिनेश और दीपक नामक दो युवकों के खिलाफ धमकी देने व एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, मोलूराम ने लापता होने से पहले व्हाट्सएप ग्रुप में एक वॉइस मैसेज भेजा था, जिसमें उन्होंने दोनों युवकों पर उनका पीछा करने, डराने-धमकाने और गांव छोड़ने पर मजबूर करने का आरोप लगाया था। इसके बाद से उनका मोबाइल बंद आ रहा है। परिजनों का कहना है कि मोलूराम ने गांव में नशे के खिलाफ आवाज उठाई थी, जिससे रंजिश बढ़ी। पुलिस ने परिवार को सुरक्षा मुहैया करा दी है।

खारिया गांव पूर्व सरपंच हत्याकांड: रिमांड पर आरोपी बेटे से कुल्हाड़ी व गाड़ी बरामद
हिसार टाइम्स – खारिया गांव के पूर्व सरपंच हवा सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी बेटे बबलू की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और गाड़ी बरामद कर ली है। रिमांड अवधि समाप्त होने पर पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। सदर थाना प्रभारी विरेंद्र ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसका पिता से संपत्ति विवाद को लेकर झगड़ा चल रहा था। पिता कर्ज चुकाने के लिए चंदन नगर स्थित कोठी बेचना चाहते थे और उस पर कोठी खाली करने का दबाव बना रहे थे। वारदात की रात जब वह होटल से लौटा तो इसी बात को लेकर बहस हुई और उसने कुल्हाड़ी से वार कर पिता की हत्या कर दी।

खारा बरवाला हत्याकांड: पुलिस ने पांचों आरोपियों को गंजा कर नकाब पहनाकर निकाली शिनाख्त परेड
हिसार टाइम्स – आदमपुर के गांव खारा बरवाला में 19 वर्षीय रजनीश की हत्या के पांचों आरोपियों की पुलिस ने बाजारों में गंजा कर पैदल घुमाकर शिनाख्त परेड करवाई। आदमपुर थाना प्रभारी हरिश चंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों को चेहरे पर मास्क/कपड़ा ढककर कस्बे के मुख्य बाजारों से लेकर वारदात स्थल तक पैदल चलाया और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा। दो दिन के पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, लाठी-डंडे और आरोपी समीर से एक कापा बरामद किया गया है। इस मामले में कुल 13 लोग नामजद हैं और 15-16 अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है।

कैमरी गांव पथराव व हमला मामला: रास्ते के विवाद में दोनों पक्षों पर क्रॉस केस दर्ज
हिसार टाइम्स – गांव कैमरी में रास्ते के विवाद को लेकर हुए झगड़े, पथराव और घरों पर हमले के मामले में आजाद नगर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस केस दर्ज किया है। पहले पक्ष के सुनील ने आरोप लगाया कि पूछताछ के सिलसिले में एक घर पर जाने के दौरान रात में भीड़ ने उनके घरों पर हमला कर दिया और छत, सामान, वाहन व सीसीटीवी कैमरे तोड़ डाले। वहीं दूसरे पक्ष के सत्यवान ने शिकायत दी कि दोपहर में कार से निकलते समय रास्ता देने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद कुछ लोग मारपीट पर उतर आए और बाद में घरों पर हमला किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

मूसलाधार बारिश से मंडी में जलभराव, बह गई किसानों की मूंगफली
हिसार टाइम्स – हिसार जिले में बुधवार देर रात करीब दो बजे आई तेज आंधी और 64.2 मिलीमीटर बारिश ने भारी तबाही मचाई। अनाज मंडी में बरसाती नाला बंद होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो सकी, जिससे मंडी जलमग्न हो गई। शेड में जगह न होने की वजह से सड़क किनारे रखी राजस्थान से आई मूंगफली की ढेरियां पानी के तेज बहाव में बहकर मुख्य रोड तक आ गईं। सुबह मंडी के गेट पर पानी में तैरती मूंगफली को मजदूरों ने कपड़े की जाली लगाकर किसी तरह इकट्ठा किया और सुखाया। व्यापारियों का आरोप है कि थोड़ी सी बरसात में ही मंडी डूब जाती है और शेड की छतें टूटी होने से फसलें भीग जाती हैं, लेकिन प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहा।

रेवेन्यू पोर्टल की कमियों के कारण 8,137 इंतकाल पेंडिंग, 1 हफ्ते में निपटान का दावा फेल
हिसार टाइम्स – प्रदेश सरकार द्वारा एक हफ्ते में पेंडिंग इंतकालों को निपटाने का दावा धरातल पर रेवेन्यू पोर्टल की सुस्त चाल के कारण फेल होता दिख रहा है। नए पोर्टल में स्क्वेयर गज की जगह स्क्वेयर मीटर फीड होने, खेवट का रकबा गायब होने और डबल शेयर दिखने जैसे गंभीर सॉफ्टवेयर बग्स के कारण पटवारी एंट्री दर्ज नहीं कर पा रहे हैं। हिसार जिले की 5 तहसीलों में कुल 8,137 इंतकाल लंबित हैं, जिनमें से 55.8% (4,546 मामले) अकेले हिसार तहसील के हैं। बीते 24 घंटे में पूरी जिला मशीनरी मिलकर मात्र 269 इंतकाल ही दर्ज कर सकी। यदि काम इसी रफ्तार से चला तो अकेले हिसार जिले की पेंडेंसी खत्म होने में ही एक महीने से अधिक समय लग जाएगा।

गोगामेड़ी मेले के लिए रोडवेज की 20 स्पेशल बसें शुरू, किराया 90 रुपये तय
हिसार टाइम्स – गोगामेड़ी जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हिसार रोडवेज ने स्पेशल बस सेवा शुरू कर दी है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने 20 बसों का परमिट लिया है। मुख्य बस स्टैंड पर भीड़ का दबाव कम करने के लिए इन बसों का संचालन स्टैंड के पीछे स्थित कार पार्किंग एरिया से किया जा रहा है। पहले दिन 8 बसों में 416 यात्रियों ने सफर किया। यह स्पेशल बस सेवा 21 सितंबर तक जारी रहेगी और हिसार से गोगामेड़ी का एक तरफ का किराया 90 रुपये निर्धारित किया गया है। बसों के सुचारू संचालन और चेकिंग के लिए 43 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
जीजेयू में विभागाध्यक्ष दफ्तर पर दो ताले लटके, पदभार को लेकर ठनी
हिसार टाइम्स – गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) के सिविल एवं पर्यावरण अभियांत्रिकी विभाग में विभागाध्यक्ष के पदभार को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। विवि प्रशासन ने 11 सितंबर को प्रो. जितेंद्रपाल को नया विभागाध्यक्ष नियुक्त किया था, लेकिन पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. आशा गुप्ता द्वारा दफ्तर खाली न किए जाने पर पिछले दो दिनों से कार्यालय के दरवाजे पर दो-दो ताले लटके हुए हैं। नवनियुक्त एचओडी ने दफ्तर हैंडओवर न करने की शिकायत विवि प्रशासन को दी है, जबकि पूर्व एचओडी डॉ. आशा गुप्ता का आरोप है कि उनकी गैरमौजूदगी में उनके कमरे पर अतिरिक्त ताला जड़ दिया गया।

जीजेयू ने टाली 33 पार्ट-टाइम शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया
हिसार टाइम्स – जीजेयू प्रशासन ने 10 विभागों में लेक्चर बेस पर पार्ट-टाइम टीचर विशेषज्ञ पैनल की भर्ती के लिए आयोजित होने वाले वॉक-इन-इंटरव्यू को अचानक स्थगित कर दिया है। 12, 14 और 15 सितंबर को होने वाले इन इंटरव्यू को प्रशासनिक कारणों के चलते टाला गया है। बताया जा रहा है कि इन पदों को लेकर विवि प्रशासन द्वारा विधिवत मंजूरी नहीं ली गई थी और उससे पहले ही इंटरव्यू शेड्यूल जारी कर दिया गया था। नई तिथियों की घोषणा जल्द ही विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर की जाएगी।
नगर निगम ने पड़ाव चौक से राजगुरु मार्केट तक हटाया अतिक्रमण, सामान जब्त
हिसार टाइम्स – शहर को जाम मुक्त और सुचारू बनाने के लिए नगर निगम की टीम ने मेयर प्रवीण पोपली के निर्देश पर बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। निगम दल ने पड़ाव चौक से बाल्मीकि चौक, फुल तेलियान, रेलवे स्टेशन रोड, पोस्ट ऑफिस रोड, माली जी मार्केट, सुभाष मार्केट, बिश्नोई मंदिर मार्केट, राजगुरु मार्केट और पूजा मार्केट तक सड़कों व फुटपाथों से अवैध कब्जे हटाए। कार्रवाई के दौरान नियम तोड़ने वाले 2 से 3 दुकानदारों का सामान भी जब्त किया गया और दुकानदारों को दोबारा अतिक्रमण न करने की हिदायत दी गई।

निजी बसों की तेज रफ्तार और मनमानी पर शिकंजा कसेगी पुलिस
हिसार टाइम्स – निजी बस चालकों द्वारा टाइमटेबल में 1-2 मिनट की देरी पर लगने वाले 100 से 200 रुपये के जुर्माने से बचने के लिए सड़क पर बसें तेज रफ्तार से दौड़ाने और खतरनाक ओवरटेकिंग करने पर हिसार पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। एसपी सिद्धान्त जैन ने स्पष्ट किया कि किसी भी आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए यात्रियों की जान जोखिम में डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। शहर में निजी बसों के लिए 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार निर्धारित है और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के चालान काटे जाएंगे।
सिविल अस्पताल के 5 करोड़ के सौंदर्गीकरण की खुली पोल, प्रसूति वार्ड में भरा पानी
हिसार टाइम्स – नागरिक अस्पताल हिसार में करीब एक साल पहले 5 करोड़ रुपये की लागत से कराए गए सौंदर्गीकरण कार्यों की गुणवत्ता पर पहली ही तेज बारिश ने सवाल खड़े कर दिए हैं। बारिश के दौरान इमरजेंसी वार्ड, नए पोर्च और कॉरिडोर की फॉल्स सीलिंग से पानी रिसने लगा, जिससे लाइटों और पंखों के पास करंट फैलने का खतरा बन गया। इसके अलावा नवनिर्मित सड़क ऊंची उठ जाने से बारिश का पानी प्रसूति वार्ड में भर गया, जिससे मरीजों व उनके तीमारदारों को पूरी रात बेंचों और कुर्सियों पर बैठकर काटनी पड़ी। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने ठेकेदार से कमियों को दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया है।

एयरपोर्ट व नगर निगम परिसर में ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत जले दीये
हिसार टाइम्स – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हिसार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाराजा अग्रसेन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आयोजित मुख्य समारोह में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, विधायक सावित्री जिंदल और अन्य गणमान्य लोगों ने भाग लिया और दीप प्रज्वलित किए। इस दौरान पूरा एयरपोर्ट परिसर मिट्टी के दीयों की रोशनी से जगमगा उठा। इसी कड़ी में नगर निगम कार्यालय परिसर में भी मेयर प्रवीण पोपली की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन कर सेवा पखवाड़े का आगाज किया गया।
ब्राजील में विश्व ताइक्वांडो चैंपियनशिप खेलेगी हिसार की रिया, आर्थिक मदद की गुहार
हिसार टाइम्स – हिसार की 10वीं कक्षा की छात्रा रिया का चयन 3 से 7 दिसंबर तक ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में होने वाली ‘विश्व स्कूल ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026’ के लिए हुआ है। रिया अंडर-18 आयु वर्ग के 49 किग्रा भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। रिया के पिता राजेश कुमार फास्ट फूड का ठेला चलाते हैं और उनके लिए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का भारी-भरकम खर्च (ट्रेनिंग, डाइट, टिकट व फीस) उठाना मुश्किल हो रहा है। रिया पहले भी एशियन कैडेट चैंपियनशिप और 69वें नेशनल स्कूल गेम्स में मेडल जीत चुकी है। जिला शिक्षा अधिकारी रामरतन ने खिलाड़ी और परिजनों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया है।

राज्यस्तरीय स्कूली हैंडबॉल और फुटबॉल स्पर्धा 21 से 23 सितंबर तक हिसार में
हिसार टाइम्स – प्रदेशभर के स्कूली खिलाड़ियों की राज्यस्तरीय फुटबॉल और हैंडबॉल प्रतियोगिता (अंडर-14, 17 और 19) अब 21 से 23 सितंबर तक हिसार में आयोजित की जाएगी। खेल विभाग और शिक्षा विभाग ने तैयारियों को लेकर स्मॉल वंडर स्कूल में समीक्षा बैठक की। प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जिलों की विजेता टीमें भाग लेंगी और यहां बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमें राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगी। आयोजकों ने खिलाड़ियों के रहने, मैदान और भोजन की व्यवस्था के लिए निजी स्कूलों से भी सहयोग मांगा है।
सरकारी स्कूलों में अब मॉडल रूप में खिलखिलाएगी ‘बाल वाटिका’, 5 लाख का बजट
हिसार टाइम्स – शिक्षा विभाग ने हर जिले के एक सरकारी स्कूल की बाल वाटिका को ‘मॉडल बाल वाटिका’ के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए चयनित स्कूल को 5 लाख रुपये का विशेष बजट दिया जाएगा। मॉडल बाल वाटिका में केवल कमरों को रंगने के बजाय दीवारों पर बच्चों की उम्र के अनुसार शैक्षणिक पेंटिंग, अक्षर-ज्ञान, आकृतियां और कहानियां बनाई जाएंगी। इसके साथ ही स्कूल परिसर में बच्चों के खेलने के लिए पार्क, झूले और खुला लर्निंग ज़ोन विकसित किया जाएगा। एडीसी की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय कमेटी बेहतरीन स्कूल का चयन करेगी।

उत्तर क्षेत्रीय जूनियर एथलेटिक्स में हरियाणा बना ओवरऑल चैंपियन
हिसार टाइम्स – देहरादून में आयोजित तीन दिवसीय उत्तर क्षेत्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हरियाणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता के समापन पर बालक वर्ग में हरियाणा 266 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि बालिका वर्ग में भी हरियाणा की टीम ने 223 अंक हासिल कर पहला स्थान पाया। उत्तर प्रदेश की टीम 191 अंकों के साथ उपविजेता रही। इस चैंपियनशिप में उत्तर भारत के 8 राज्यों से करीब 900 एथलीटों ने हिस्सा लिया था।
सुखदा अस्पताल में रोबोटिक तकनीक से जोड़ों का प्रत्यारोपण शुरू
हिसार टाइम्स – हिसार के सुखदा अस्पताल में एआई (AI) बेस्ड रोबोटिक तकनीक से घुटनों और जोड़ों के प्रत्यारोपण की सुविधा शुरू हो गई है। ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. पंकज शर्मा ने बताया कि परंपरागत सर्जरी की तुलना में रोबोटिक सर्जरी अधिक सटीक होती है, जिससे मरीज को कम दर्द होता है और रिकवरी बहुत तेजी से होती है। अब स्थानीय मरीजों को जोड़ों के रोबोटिक प्रत्यारोपण के लिए दिल्ली या अन्य बड़े शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

ऐतिहासिक गांव सुरेवाला: 206 साल का सफर, कुश्ती और कृषि व्यापार का मुख्य केंद्र
हिसार टाइम्स – उकलाना खंड का ऐतिहासिक गांव सुरेवाला करीब 206 वर्ष पूर्व (1820 में) बिठमड़ा गांव से आए पातढ़ और सेलवाल गोत्र के परिवारों ने बसाया था। गांव का पुराना नाम जीतगढ़ था, लेकिन सेठ सुरा द्वारा ग्रामीणों के लिए तालाब बनवाए जाने के बाद इसका नाम सुरेवाला पड़ा। लगभग 4,000 की आबादी और 2,800 मतदाताओं वाला यह गांव अपनी 70 एकड़ में फैली विशाल अनाज मंडी के लिए पूरे क्षेत्र में कृषि व्यापार का बड़ा केंद्र माना जाता है। इसके अलावा यह गांव काला पहलवान, धौला पहलवान और राजू पहलवान जैसे दिग्गजों की बदौलत कुश्ती की समृद्ध विरासत के लिए जाना जाता है।
तेज हवाओं और बारिश से फसलों को भारी नुकसान, गिर गए धान और नरमा
हिसार टाइम्स – जिले में हुई मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं से खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। नरमा-कपास के पौधे झुक गए हैं और फूल व टिंडे टूटकर नीचे गिर गए हैं, जिससे उत्पादन घटने के आसार हैं। इसके अलावा पकी हुई मूंग की फसल में पानी भरने से दाना काला पड़ने की आशंका बढ़ गई है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, जिन खेतों में धान में पानी दिया हुआ था, वहां तेज हवा से धान के पौधे गिर गए हैं, जिससे किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं।

आदमपुर व बरवाला में आंधी से टूटे 16 बिजली के पोल और 2 ट्रांसफार्मर
हिसार टाइम्स – बुधवार रात आई तेज आंधी और बारिश के कारण आदमपुर और बरवाला क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ। आदमपुर में 11 और बरवाला में 3 बिजली के पोल टूट गए, जबकि दो ट्रांसफार्मर पूरी तरह डैमेज हो गए। इसके चलते तीन जगहों पर 11 केवी फीडर्स पर ब्रेकडाउन लेना पड़ा। बिजली निगम के एसई अविनाश यादव ने बताया कि कर्मचारियों ने मुस्तैदी से काम करते हुए गुरुवार दोपहर तक सभी प्रभावित इलाकों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।
जलभराव के कारण रोडवेज वर्कशॉप में ई-बसें नहीं हो सकीं चार्ज, सिटी बस सेवा प्रभावित
हिसार टाइम्स – बारिश के बाद हिसार रोडवेज वर्कशॉप परिसर में घुटनों तक पानी जमा हो गया, जिससे चार्जर के पास जलभराव होने के कारण ई-बसें चार्ज नहीं की जा सकीं। इसके चलते गुरुवार को शहर में चलने वाली ई-बसों की सेवा बाधित रही। सांझा संघर्ष समिति के प्रधान संदीप जैनवास ने बताया कि वर्कशॉप में पानी भरने की वजह से करीब 500 किलोमीटर सिटी बस सेवा प्रभावित रही और मैकेनिकों को पानी के बीच खड़े होकर ही सामान्य बसों की जांच व मरम्मत करनी पड़ी।

आईआईटी मद्रास में एआई स्टार्टअप का मौका, आईआईटी कानपुर शुरू करेगा नया कोर्स
हिसार टाइम्स – आईआईटी मद्रास के वाधवानी स्कूल ऑफ डेटा साइंस एंड एआई ने ‘एआई स्टूडियो’ लॉन्च किया है, जिसके तहत रिसर्च आइडियाज को स्टार्टअप में बदलने का मौका मिलेगा। इसके लिए पहला आवेदन चरण 3 अक्टूबर से शुरू होगा। दूसरी ओर, आईआईटी कानपुर ने ‘पायथन फॉर एआई, मशीन लर्निंग एंड डीप लर्निंग’ ऑनलाइन सर्टिफिकेट प्रोग्राम के लिए आवेदन मांगे हैं। यह कोर्स 14 दिसंबर से 15 जनवरी तक चलेगा, जिसमें गूगल डीपमाइंड, माइक्रोसॉफ्ट और एपल के विशेषज्ञ गेस्ट लेक्चर देंगे।

रेडक्रॉस रक्तदान शिविर में जुटाया गया 92 यूनिट रक्त
हिसार टाइम्स – गुरु दक्ष राजकीय बहुतकनीकी संस्थान हिसार में सेवा पखवाड़े के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक सावित्री जिंदल और विशिष्ट अतिथि आशा खेदड़ ने किया। संस्थान के प्रधानाचार्य जगमोहन दुहन ने बताया कि शिविर में 100 विद्यार्थियों व 6 स्टाफ सदस्यों ने पंजीकरण कराया, जिसके बाद कुल 92 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।

सीएएसए कॉलेज साइप्रस की प्रबंध निदेशक ने किया जीजेयू का दौरा
हिसार टाइम्स – गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में साइप्रस स्थित सीएएसए कॉलेज की प्रबंध निदेशक एलिना सैवर्णस्थाडेस ने दौरा किया। उन्होंने विवि के अधिकारियों, शिक्षकों और 150 से अधिक विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग और वैश्विक शिक्षा के अवसरों पर चर्चा की। उन्होंने भारतीय विद्यार्थियों के पारिवारिक मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत की सराहना की।

जिला स्तरीय गणित प्रश्नोत्तरी में गंगवा स्कूल ने मारी बाजी
हिसार टाइम्स – राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जहाजपुर में आयोजित जिला स्तरीय गणित प्रश्नोत्तरी स्पर्धा में 9 खंडों की 44 टीमों ने भाग लिया। लिखित परीक्षा के बाद शीर्ष 6 टीमों के बीच चार राउंड का मौखिक दौर कराया गया, जिसमें तर्क और पहेलियों से जुड़े प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गंगवा प्रथम, राजकीय विद्यालय कनोह द्वितीय और राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल कोहली तृतीय स्थान पर रहा।
डॉ. दीपक कुमार तिवारी को मिला लुवास लाइब्रेरियन का अतिरिक्त प्रभार
हिसार टाइम्स – लाला लाजपत राय पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) हिसार में पशु शल्य चिकित्सा एवं रेडियोलॉजी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. दीपक कुमार तिवारी को विवि के लाइब्रेरियन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इससे पहले यह जिम्मेदारी रजिस्ट्रार डॉ. आर.एन. चौधरी संभाल रहे थे। डॉ. तिवारी के पास पशु चिकित्सा शिक्षा और अध्यापन का व्यापक अनुभव है।

दो दिवसीय जिला योग प्रतियोगिता 19 और 20 सितंबर को
हिसार टाइम्स – खेल विभाग हरियाणा की ओर से हिसार के महावीर स्टेडियम में 19 और 20 सितंबर को जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। स्पर्धाएं प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे शुरू होंगी, जिसमें 19 सितंबर को बालिकाओं और 20 सितंबर को बालकों के मुकाबले होंगे। इसमें पारंपरिक, एकल कलात्मक, समूह व लयबद्ध योगासन शामिल होंगे, जिनमें 8 से 28 वर्ष तक के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।

ईपीएफओ में अनिवार्य कवरेज की सैलरी लिमिट बढ़कर 25 हजार हुई
हिसार टाइम्स – केंद्र सरकार ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) में अनिवार्य कवरेज के लिए मासिक वेतन सीमा को 15,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये कर दिया है। यह नया नियम लागू हो गया है और 12 साल बाद यह बदलाव किया गया है। इस फैसले से देश के 51 लाख से अधिक नए कर्मचारियों को ईपीएफ, ईपीएस पेंशन और बीमा योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा।
अभिनेता अनंत नाग को मिलेगा 2024 का दादासाहेब फाल्के पुरस्कार
हिसार टाइम्स – दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को वर्ष 2024 के दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। अपने 50 साल के लंबे फिल्मी करियर में 250 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके अनंत नाग को यह सम्मान गुजरात में आयोजित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में प्रदान किया जाएगा। यह भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च सम्मान है।

यूरोपीय आयोग ने बच्चों को सोशल मीडिया से बचाने के लिए पेश किया ‘EU KIDS Act’
हिसार टाइम्स – यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन देर लेयेन ने ‘EU KIDS Act’ का प्रस्ताव पेश किया है, जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों को सोशल मीडिया की लत और ऑनलाइन खतरों से सुरक्षित रखना है। इस प्रस्ताव के तहत 13 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर पूर्ण रोक रहेगी, जबकि 13 से 15 साल के बच्चों के लिए माता-पिता की निगरानी में मिनी अकाउंट की व्यवस्था की जाएगी।
शोक संदेश
हिसार टाइम्स – एडवोकेट स्वर्गीय श्री संतोष कुमार चेतल की धर्मपत्नी श्रीमती संचिता चेतल जी का स्वर्गवास हो गया है। उनका अंतिम संस्कार 19 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे सेक्टर 16/17 स्थित श्मशान भूमि, हिसार में किया जाएगा। शोक संतप्त परिवार: विक्रांत चेतल (एडवोकेट), निवासी – 1161, सेक्टर 16-17, हिसार।


◾US सीनेट में ट्रंप के ‘टैरिफ हथियार’ को मंजूरी: भारत को चेतावनी-‘रूस से दोस्ती की कीमत चुकाने को रहो तैयार’, मिला करारा जवाब
◾भारत को तेल पर ज्ञान, पाक को गुपचुप दिया ड्रोन, टैरिफ तो अमेरिका पर लगना चाहिए
◾होर्मुज-बाब अल मंदेब पर ताला! लेकिन भारत को मिला नया रास्ता, संकटमोचक बना ओमान
◾TMC का चुनाव चिह्न और नाम इस्तेमाल करने पर रोक:चुनाव आयोग बोला- तृणमूल के दोनों गुट नए सिंबल चुनें, बंगाल उप-चुनाव से पहले फैसला
◾पति ने लिया कर्ज, तो विधवा पत्नी के FD से उड़ाए ₹2000000, SBI को HC की लताड़
◾जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में 2 आतंकियों का एनकाउंटर:दोनों पाकिस्तानी, सुरक्षाबलों का ऑपरेशन कल से जारी; इस साल 15 आतंकी मारे जा चुके
◾तीन राज्यों में अलर्ट: जम्मू से हटे तो अगला ठौर खोज रहे रोहिंग्या, अब दूसरे राज्यों में बसने की फिराक में
◾ओडिशा के 6 जिलों में डूबने से 12 की मौत:गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए हादसे, इनमें 6 बच्चे भी शामिल
◾भारत को यूरोपीय संघ से 28 लाख टन इस्पात निर्यात का कोटा मिला: अधिकारी
◾सुप्रीम कोर्ट बोला-तमिलनाडु में हिंदी पढ़ाने से नहीं रोक सकते:दिल्ली से अलग-थलग नहीं चेन्नई, राज्य सरकार भाषा पर अपनी सोच बदले
◾केरलम बाल अधिकार आयोग बोला-लंबे बालों पर भेदभाव न करें:स्कूल ऐसे बच्चों को सजा न दें; बच्चे पसंद से बाल बढ़ाने के लिए आजाद
◾मणिपुर के राहत कैंपों में हुई मौतों के मामले में सुप्रीम कोर्ट की फटकार, 25 संदिग्ध मौतों पर मुख्य सचिव से मांगी रिपोर्ट
◾Global Warming Crisis: धरती से गायब हुई 12 लाख करोड़ टन बर्फ, तेजी से बढ़ रहा समुद्र का जलस्तर
◾जब आपूर्ति श्रृंखला का हथियार की तरह इस्तेमाल हो रहा है, भारत हो सकता है भरोसेमंद सेमीकंडक्टर निर्माण स्थल: PM Modi
◾2,000 रुपये से ज्यादा के यूपीआई भुगतान पर चार्ज के विरोध में पेट्रोल पंप डीलर, कैश पर लौटने की चेतावनी
◾दिल्ली PG हादसा- किरण बेदी की हाईकोर्ट में याचिका:पूर्व IPS ने खुद जांच करने की इजाजत मांगी, सरकार ने विरोध किया
◾बच्चों के पासपोर्ट पर बड़ा बदलाव:15 साल से कम उम्र के बच्चों का पासपोर्ट 5 साल या 18 साल की उम्र तक रहेगा वैध
◾राजस्थान को मिल सकता है बड़ा राष्ट्रीय तोहफा, प्रदेश में बनेगी देश की पहली ICAS अधिकारियों की प्रशिक्षण अकादमी
◾अभिषेक शर्मा की आंधी में उड़ा अफगानिस्तान, 127 रन से तीसरा टी20 जीता भारत; 3-0 से सीरीज
===================================

====================================







































