▶घोड़ा फार्म रोड पर फाटक से आगे सड़क बनी सुरंग
▶नगर निगम व जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यों में बरती जा रही लापरवाही


हिसार। गुरुवार सायं लगभग 4.30 बजे घोड़ा फार्म रोड फाटक से आगे मार्केट के साथ वाली सड़क अचानक धंस गई। सड़क धंसने से लगभग 20 फुट गहरा गड्डा हो गया। प्रधान विरेंद्र नरवाल के अनुसार सूचना के बाद वे मौके पर पहुंचे और नगर निगम में फोन किया। सूचना के बाद कर्मचारी प्रवीण चौहान मौके पर पहुंचे और जन स्वास्थ्य विभाग को भी सूचना दी। निगम की ओर से वहां बैरिकेड लगवाए गए ताकि कोई दुर्घटना न हो। इसके अलावा आसपास की दुकानें भी बंद करवाई गई है। उन्होंने कहा कि जहां पर यह सड़क धंसी है,

वहां पहले बरसाती नाला था। नाले के उपर सड़क बना दी गई। इस कार्य में जन स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम दोनों ने लापरवाही बरती जिसका खामियाजा जनता को कभी भी भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि पांच-छह माह पहले भी यहां से सड़क कुछ इसी तरह से खराब हुई थी लेकिन उस समय अधिकारियों ने लीपापोती करके पल्ला झाड़ लिया, जिसके परिणामस्वरूप आज यहां बड़ी दुर्घटना होते-होते टली। घोड़ा फार्म रोड मार्केट के प्रधान विरेन्द्र नरवाल ने आरोप लगाया है कि नगर के विकास कार्यों में भारी भ्रष्टाचार व धांधली है। इसी के चलते शहर के घोड़ा फार्म रोड पर फाटक के आगे बनी सड़क धंसकर सुरंग बन गई जो विकास कार्यों की गुणवत्ता की पोल खोल रही है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन व अधिकारियों को जल्द से जल्द इस तरफ ध्यान देना चाहिए। इस मौके पर सुभाष बिश्नोई, कृष्णा, विनोद, पिंटू सहित अन्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


