
हिसार टाइम्स – हिसार की कैमरी रोड स्थित एक कॉलोनी में रहने वाली युवती जो हिसार के प्राइवेट कॉल सेंटर मे जॉब करती थी के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर हत्या के बाद शव बालसमंद नहर में फेंकने का सनसनीखेज मामले सामने आया है। युवती का शव शनिवार को नहर से बरामद हुआ था, लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई थी। पहचान होने पर रविवार सुबह परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तार की मांग को लेकर नागरिक

अस्पताल में धरना दिया। चिकित्सकों के बोर्ड ने दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम किया, जिसमें डूबने से मौत की पुष्टि हुई। परिजनों ने दो युवकों और एक युवती पर सामूहिक दुष्कर्म व हत्या का आरोप लगाते हुए शव उठाने से इन्कार कर दिया। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने मृतका के भाई के बयान पर प्रवीन, सुमित और अंजलि के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नागरिक अस्पताल में धरने पर बैठे युवक ने बताया कि उसकी 20 वर्षीय बहन निजी ऑफिस में काम करती थी। वह 8 नवंबर की सुबह आठ बजे घर से काम के लिए निकली थी। रोजाना शाम 6 बजे तक घर आ जाती है, लेकिन देर शाम तक नहीं पहुंचने पर मां ने उसे फोन किया। उसने बताया कि वह अंजलि के साथ है और पीएलए मार्केट जा रही है। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। घर नहीं लौटने पर उन्होंने अपने स्तर पर उसे ढूंढ़ा, लेकिन को सुराग नहीं लगा।

पुलिस ने एफआईआर दर्ज की, लेकिन बहन को तलाशने का प्रयास नहीं किया !
युवक ने बताया कि बहन की काफी जगह तलाश करने के बाद वे रात में ही आजाद नगर थाने में शिकायत देने गए। थाने में मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने कहा कि यह मामला अर्बन एस्टेट थाने के अंतर्गत आता है। अर्बन एस्टेट थाने गए तो उन्हें पुलिस चौकी भेज दिया। नौ नवंबर की सुबह दस बजे अर्बन एस्टेट पुलिस चौकी में शिकायत दी। पुलिस ने गुमशुदगी की एफआईआर दर्ज की, लेकिन बहन को तलाशने का प्रयास नहीं किया। इसी दिन रात आठ बजे पुलिस ने बालसमंद नहर में एक शव मिलने की सूचना दी। पुलिस के मुताबिक रविवार को मृतका की पहचान हो सकी।

सहपाठी प्रवीन डाल रहा था शादी का दबाव साजिश के तहत उसने बहन को पीएलए मार्केट बुलाया !
मृतका के भाई ने बताया कि प्रवीन उसकी बहन के साथ पढ़ता था और काफी समय से उस पर शादी का दबाव डाल रहा था। पड़ोस में रहने वाली अंजलि साजिश के तहत उसकी बहन को पीएलए मार्केट ले गई। वहां प्रवीन और सुमित ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और हत्या कर शव नहर में फेंक दिया। उसने आरोप लगाया कि बहन के शरीर पर चोट और घसीटने के निशान हैं। वहीं, एडवोकेट संतलाल ने कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, शव नहीं उठाएंगे। सोमवार को नागरिक अस्पताल परिसर में बैठककर आगे की रणनीति बनाई जाएगी। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस के मुताबिक मृतका के परिजनों के बयान पर प्रवीन, सुमित और अंजलि के खिलाफ हत्या, सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। शव का चिकित्सकों के बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम करवाया है। रिपोर्ट आने पर ही आरोपों की पुष्टि हो पाएगी।

