✍️जाम में फंसी कार को घेरा तो बैक गियर में भगा ले गया ड्राइवर !

हिसार टाइम्स – हिसार जिला के हांसी में सोमवार को एक युवक ने कार से पुलिसकर्मी को कुचलने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर किसी तरह कार को रोका तो चालक रिवर्स गियर में कार भगा ले गया। इस दौरान रोड पर भारी भीड़ भड़ाका था। ड्राइवर को काबू करने के लिए पुलिसकर्मी ने कार के शीशे भी तोड़े, लेकिन चालक कार लेकर भाग गया। पूरी घटना सडक़ पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस कार ड्राइवर की पहचान करने में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 1 बजे पुलिस कर्मी बड़सी गेट पर तैनात थे। इस दौरान एक कार वहां पहुंची। कार में कुछ युवक सवार थे। युवकों ने चौक पर खड़े पुलिस कर्मियों को कुचलने का प्रयास किया। फिर वे वहां से भागने लगे। पुलिस कर्मी कार के पीछे भागे और आगे ट्रैफिक जाम होने के कारण उन युवकों को कार वहीं रोकनी पड़ी। कई पुलिस कर्मियों ने कार को घेर लिया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने कार के शीशे तोड़ दिए। इससे पहले कि पुलिस युवकों को पकड़ पाती, युवकों ने कार को रिवर्स गियर में डाल दिया और भाग निकले। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से कार का नंबर लेकर उसकी डिटेल निकाल रही है। साथ ही कार में सवार युवकों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पराली जलाने पर 30 हजार रुपये तक का लगाया जाएगा जुर्माना : उपनिदेशक कृषि विभाग

हिसार टाइम्स – वायु गुणवत्ता से निपटने के प्रयासों के तहत केंद्र सरकार ने पराली जलाने वालों के लिए जुर्माने की राशि को बढ़ा दिया है। उपनिदेशक कृषि विभाग राजबीर सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि तत्काल प्रभाव से लागू होने वाले नए नियमों के तहत दो एकड़ से कम जमीन वाले किसानों पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगेगा। 2 से 5 एकड़ के बीच भूमि वाले किसानों पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा,

जबकि पांच एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों पर पराली जलाने पर 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। एक आधिकारिक नोटिस में कहा गया है कि नए नियमों को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (पराली जलाने के लिए पर्यावरणीय मुआवजे का अधिरोपण, संग्रह और उपयोग) संशोधन नियम, 2024 के रूप में पारित किया गया है।