▪️महिलाओं की सेहत पर जागरूकता फैलाने की एक पहल

हिसार टाइम्स – आज के समय में किशोरियों को स्वास्थ्य के सही ज्ञान और मार्गदर्शन की जितनी आवश्यकता है, उतनी पहले कभी नहीं रही। इसी उद्देश्य को लेकर सर्वेश हेल्थ सिटी, सेक्टर 14, हिसार की प्रसिद्ध एंडोक्रिनोलॉजिस्ट डॉ. अलका बिश्नोई ने विशेष एकेडमी ऑफ कॉमर्स में एक अत्यंत महत्वपूर्ण और ज्ञानवर्धक हेल्थ टॉक का आयोजन किया।
इस हेल्थ टॉक का विषय था – वूमेन हाइजीन और हार्मोनल चेंजेज इन एडोलिसेंस जो खास तौर पर किशोरियों के लिए अत्यंत प्रासंगिक और जरूरी है। डॉ. अलका बिश्नोई ने अत्यंत सहज भाषा में मासिक धर्म से जुड़ी शारीरिक और मानसिक प्रक्रियाओं, हार्मोनल बदलाव, उचित स्वच्छता के उपाय, संतुलित आहार, और आत्म-देखभाल पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कई महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे – जैसे कि हार्मोनल असंतुलन से होने वाली स्किन समस्याएं, अनियमित पीरियड्स, पीसीओडी, तनाव का असर, वज़न परिवर्तन आदि – जिनका डॉक्टर ने अत्यंत धैर्य और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से उत्तर दिया।
इस अवसर पर विशेष एकेडमी ऑफ कॉमर्स के निदेशक श्री सुनील और श्री तिलक भी उपस्थित रहे। उन्होंने डॉ. अलका बिश्नोई और सर्वेश हेल्थ सिटी प्रबंधन का हार्दिक आभार व्यक्त किया और कहा कि –
आज की युवा पीढ़ी को सही दिशा में मार्गदर्शन देना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। हम भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के लिए सर्वेश हेल्थ सिटी के साथ सहयोग को तैयार हैं।
डॉ. अलका बिश्नोई ने भी एकेडमी के पूरे स्टाफ को धन्यवाद देते हुए कहा:
महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर जितनी जल्दी जागरूकता शुरू की जाए, उतना ही बेहतर भविष्य हम सुनिश्चित कर सकते हैं। इस तरह के प्लेटफॉर्म से हमें सही उम्र में सही जानकारी देने का अवसर मिलता है।
यह आयोजन न केवल शैक्षणिक संस्थानों में स्वास्थ्य विषयों पर बातचीत को प्रोत्साहित करता है, बल्कि समाज में महिला स्वास्थ्य को लेकर व्याप्त संकोच और भ्रांतियों को दूर करने की दिशा में एक सार्थक कदम है।
