हिसार टाइम्स – बिहार के लाल आकाश दीप ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में मैच जिताऊ प्रदर्शन के बाद झकझोर देने वाला खुलासा किया। उन्होंने कहा कि उनकी बहन कैंसर से पीड़ित है और यह प्रदर्शन उसे समर्पित है। बता दें कि, भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में 336 रनों से जीत दर्ज की। इसी के साथ अब यह सीरीज 1-1 की बराबरी पर पहुंच गई है।

28 वर्षीय आकाश दीप ने इस मुकाबले में कुल 10 विकेट झटके। उन्होंने पहली पारी में चार और दूसरी पारी में छह विकेट हासिल कर टीम को जीत दिलाई। मुकाबले के बाद तेज गेंदबाज भावुक हो गए और उन्होंने कहा, ‘मेरी बहन कैंसर से पीड़ित है। हर बार जब गेंद अपने हाथ में लेता था तो उसके विचार मेरे दिमाग में आते। मैंने इस बारे में किसी से बात नहीं की है, लेकिन दो महीने पहले मेरी बहन को कैंसर का पता चला था। वह मेरे प्रदर्शन से बहुत खुश होगी और उसके चेहरे पर मुस्कान आएगी।’

