नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट

For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group

👇

https://chat.whatsapp.com/

EHzVoGH50MdINoYniG4crH

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖


हिसार टाइम्स – ऑटो में सफर के दौरान एक महिला और किशोरी ने स्वर्णकार के बैग से करीब 20 लाख रुपये के गहने चोरी कर लिए। आरोपियों की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं। अर्बन एस्टेट पुलिस चौकी ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

जांच अधिकारी रामजीलाल ने बताया कि इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी भारत गुप्ता ने शिकायत दी कि उनकी एमसी-डीसी कॉलोनी में ज्वेलरी की दुकान है। 22 अप्रैल को सुबह करीब 9 बजे वह बस अड्डे से दुकान जाने के लिए ऑटो में सवार हुए। उनके पास एक बैग था जिसमें सोने के गहने से भरा बॉक्स रखा था। ऑटो में पहले से एक महिला बैठी थी। टाउन पार्क के पास करीब 32 वर्षीय महिला और 15 वर्षीय किशोरी भी ऑटो में चढ़ीं। महिला उनके और दूसरी सवारी के बीच बैठ गई जबकि किशोरी फट्टे वाली सीट पर बैठी।पीड़ित के अनुसार दोनों रास्तेभर उनका ध्यान भटकाने की कोशिश करती रहीं। कभी किशोरी मेरे पैर पर अपना पैर मारती तो कभी महिला अपना बैग मेरे पैरों पर रख देती।

सिटी अस्पताल मोड़ पर उतरने के बाद जब उन्होंने बैग संभाला तो ज्वेलरी वाला बॉक्स गायब मिला। उन्होंने तुरंत अपने बेटे रजत को सूचना दी और ऑटो की तलाश की लेकिन वह नहीं मिला। बाद में एमसी-डीसी कॉलोनी स्थित एक बैंक के सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपी ऑटो से उतरकर डाबड़ा चौक की ओर जाती दिखाई दीं। जांच अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

HSVP का महाभियान: 9 सेक्टरों में 44 दिन चलेगा बुलडोजर

हिसार टाइम्स -हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए बड़े स्तर पर तोड़फोड़ की तैयारी कर चुका है । यह अभियान 28 अप्रैल से शुरू होकर 10 जून तक लगातार 44 दिनों तक चलेगा । अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर 9, 11, 13, 14, 15, 16, 17 और अर्बन एस्टेट सहित कुल 9 प्रमुख सेक्टरों को चिन्हित किया गया है । लोगों ने सड़कों के ‘राइट ऑफ वे’ में अवैध रूप से बाउंड्री वॉल, ग्रिल, टो-वॉल और पक्के ग्रीन एरिया बना लिए हैं, जिससे न केवल ट्रैफिक बाधित होता है बल्कि सीवरेज और वाटर सप्लाई की यूटिलिटी लाइनों में भी दिक्कत आती है । प्रशासन ने साफ किया है कि रेजिडेंट्स या तो खुद अवैध निर्माण हटा लें, अन्यथा मशीनें लगाकर इन्हें ध्वस्त किया जाएगा और इसका खर्च भी वसूला जा सकता है । सुरक्षा के लिए एसडीएम से ड्यूटी मजिस्ट्रेट और भारी पुलिस बल मांगा गया है ।


आजाद नगर में भीषण जल संकट: 3 दिन नहीं आएगा पानी

हिसार टाइम्स – आजाद नगर स्थित जलघर की सफाई के कारण क्षेत्र की करीब 50 हजार आबादी को पानी की किल्लत झेलनी होगी । आगामी 27, 28 और 29 अप्रैल को जलघर के टैंकों से वर्षों से जमी मिट्टी और गंदगी निकाली जाएगी । वार्ड पार्षद सत्यवान पानू ने बताया कि जब से यह जलघर बना है, इसकी गहराई से सफाई नहीं हुई थी, जिससे टैंकों में कचरा और काई जमा हो गई है । इस सफाई अभियान के दौरान आजाद नगर, कैमरी रोड और उनसे सटी दो दर्जन से अधिक कॉलोनियों में सप्लाई पूरी तरह बाधित रहेगी । विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन तीन दिनों के लिए पानी का पर्याप्त भंडारण पहले ही कर लें ।


नकली ऑक्सीटोसिन गिरोह: घर में ही बन रहा था ‘धीमा जहर’

हिसार टाइम्स – ड्रग विभाग और हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स ब्यूरो ने संत नगर में एक फर्जी फर्म पर छापा मारकर नकली ऑक्सीटोसिन बनाने के काले कारोबार का भंडाफोड़ किया है । आरोपी विक्की नामक व्यक्ति बिहार के गया से कूरियर के जरिए मात्र 5 हजार रुपये में एक ग्राम पाउडर मंगाता था । फिर कैमिकल मिलाकर उस 1 ग्राम पाउडर से 40 लीटर नकली दवा तैयार करता था । इसे 100ml और 200ml की शीशियों में भरकर शहर की डेयरियों को 30 से 60 रुपये में बेचा जाता था । यह दवा पशुओं में बांझपन और थनैला रोग का कारण बनती है, वहीं इस दूध को पीने से इंसानों की इम्युनिटी कमजोर होती है और हार्मोनल असंतुलन पैदा होता है । टीम ने मौके से 14 पाउडर पाउच, 10 लीटर घोल और भारी मात्रा में खाली शीशियां बरामद की हैं ।


जेल में ड्रग्स नेटवर्क: कैमरे लगाने वाले ही निकले नशा तस्कर

हिसार टाइम्स – हिसार की सेंट्रल जेल में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए अफीम सप्लाई करने की कोशिश कर रहे दो युवकों को पकड़ा गया है । आरोपी सोनू और विशाल जेल में सीसीटीवी कैमरे लगाने के काम के लिए आए थे, लेकिन उनकी दोस्ती बंदियों से हो गई । वे 10 हजार रुपये के लालच में बंदी समीर को अफीम देने की कोशिश कर रहे थे । जेल के प्रवेश द्वार पर तलाशी के दौरान उनके ड्रिल मशीन वाले पिट्ठू बैग से 47.05 ग्राम अफीम बरामद हुई । पुलिस ने इनके कब्जे से कमीशन के तौर पर कमाए गए 26 हजार रुपये भी बरामद किए हैं । अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है कि इन्हें बाहर से नशा कौन उपलब्ध करवाता था ।


गर्मी और मौसम: 42.9 डिग्री पहुंचा पारा, अब बारिश का ‘येलो अलर्ट’

हिसार में गर्मी का प्रकोप जारी है, जहां अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक है । हालांकि, मौसम विभाग ने राहत के संकेत दिए हैं। आने वाले दिनों में एक के बाद एक तीन पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) सक्रिय होंगे । पहला 25-26 अप्रैल, दूसरा 28 अप्रैल और तीसरा 31 अप्रैल को सक्रिय होगा । इसके प्रभाव से 26 से 30 अप्रैल के बीच तेज आंधी और बिखराव वाली बारिश की संभावना है । विभाग ने इसके लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है ।


एचएयू डॉ. भावना मामला: आरोपी को मिली जमानत

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के क्वार्टर में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई डॉ. भावना यादव की मौत के मामले में आरोपी क्लर्क उदेश कुमार को अदालत से जमानत मिल गई है । शुरुआत में हिसार पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था, लेकिन बाद में क्लीन चिट देकर कैंसिलेशन रिपोर्ट लगा दी थी । हालांकि, मृतका की मां गायत्री देवी ने जब राज्य सरकार और मानवाधिकार आयोग से न्याय की गुहार लगाई, तो केस क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर किया गया । क्राइम ब्रांच की जांच में इसे आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला माना गया, जिसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी हुई थी ।


आरडी सिटी सेंटर मॉल: अवैध निर्माण पर निगम का नोटिस

नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच ने आरडी सिटी सेंटर में हुए अवैध निर्माणों को लेकर बड़ी कार्रवाई की है । मॉल के तीनों फ्लोर पर स्थित 80 में से 45 दुकानों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं । आरोप है कि भवन का निर्माण 2013 में स्वीकृत मानचित्र से कहीं अधिक किया गया है । निगम आयुक्त ने सभी संबंधित दुकानदारों और मालिकों को 1 मई को व्यक्तिगत रूप से पेश होकर अपना पक्ष रखने का अंतिम मौका दिया है ।


DRDO के पूर्व वैज्ञानिक ने साझा किए ‘आकाश’ मिसाइल की सफलता के किस्से

डीआरडीओ के पूर्व वैज्ञानिक डॉ. प्रहलाद रामा राव ने ‘आकाश’ एयर डिफेंस सिस्टम के निर्माण की चुनौतियों पर प्रकाश डाला । उन्होंने बताया कि इस सफलता के पीछे 30 साल की असफलताएं और लगभग 100 परीक्षण शामिल हैं । 90 के दशक में जब भारत के पास आधुनिक तकनीक और रडार सिस्टम की कमी थी, तब वैज्ञानिकों ने शून्य से शुरुआत की थी । डॉ. राव ने एक प्रेरक किस्सा साझा किया कि कैसे एक महिला वैज्ञानिक ने अपनी पांच दिन की संतान के साथ लॉन्च पैड पर पहुंचकर मिसाइल सिस्टम के लिए अपना समर्पण दिखाया । आज यह स्वदेशी रक्षा प्रणाली जैमिंग जैसे कड़े परीक्षणों को पार कर भारतीय सेना का गौरव बनी हुई है ।


ग्रुप-डी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी: अब बनेंगे क्लर्क

राज्य सरकार के नए फैसलों के तहत अब उन ग्रुप-डी कर्मचारियों के लिए पदोन्नति के रास्ते खुल गए हैं जिन्होंने अपनी सेवा के 5 साल पूरे कर लिए हैं विभाग के निर्देशों के अनुसार, ये अनुभवी कर्मचारी अब क्लर्क के पद पर नियुक्त किए जा सकेंगे । यह कदम लंबे समय से सेवा दे रहे कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने और प्रशासनिक कार्यों में उनके अनुभव का लाभ उठाने के लिए उठाया गया है ।


निगम अधिकारी के घर धमकी भरा पर्चा: अपहरण और हत्या की चेतावनी

हिसार नगर निगम के एक अधिकारी को डराने-धमकाने का मामला सामने आया है । एक पशु मालिक ने अधिकारी के घर पर एक पर्चा चिपकाया है, जिसमें उन्हें जान से मारने और अपहरण करने की धमकी दी गई है पर्चे में मांग की गई है कि पशु पकड़ने वाली टीम में शामिल उसके परिवार के सदस्यों की बदली न की जाए अधिकारी ने इस मामले में सुरक्षा की गुहार लगाते हुए निगम कमिश्नर और एचटीएम थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है ।


नाबालिग के साथ कुकर्म: दुकानदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज

आजाद नगर पुलिस ने एक दुकानदार के खिलाफ 14 वर्षीय नाबालिग लड़के के साथ कुकर्म करने के आरोप में मामला दर्ज किया है पीड़ित की मां ने पुलिस को बताया कि वह अपने बच्चे को सामान लेने दुकान पर भेजती थी, जहां आरोपी ने बच्चे के साथ गलत काम किया डर के कारण बच्चे ने लंबे समय तक यह बात किसी को नहीं बताई, जिससे उसकी पढ़ाई पर भी बुरा असर पड़ा अब पुलिस ने महिला की शिकायत पर गहन जांच शुरू कर दी है


  • स्थानीय आयोजन: जिंदल चौक क्रिकेट ग्राउंड में शाम 5 से रात 9 बजे तक बॉक्स क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित होगा । वहीं, खजांचीयां बाजार स्थित श्रीकृष्ण बड़ा मंदिर में शाम 6 बजे से संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा
  • स्वर्ण बाजार: सोने की कीमतों में तेजी देखी गई है, जहाँ 24 कैरेट सोना ₹1,53,500 और 22 कैरेट ₹1,41,200 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है
  • चांदी की दरें: चांदी के भाव में ₹5,000 की गिरावट दर्ज की गई है, जिसके बाद इसकी कीमत ₹2,47,000 प्रति किलो हो गई है
  • मौसम का हाल: शहर का अधिकतम तापमान 42.9°C और न्यूनतम 24.1°C दर्ज किया गया है आसमान साफ रहने की उम्मीद है ।

====================================

===================================

Oplus_16908288