नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट…
For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group
https://chat.whatsapp.com/

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖
युवती गिरफ्तार, गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज
हिसार टाइम्स – डाबड़ा चौक पुल पर बीते सप्ताह के बुधवार को देर रात 1 बजे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो दो फूड डिलीवरी बॉयज को रौंदने मामले में कई दिनों के जांच के बाद चौकाने वाला खुलासा हुआ है बाइक सवारो को टक्कर मारने वाली 23 वर्षीय युवती निकली, जिसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं है हादसा इतना भीषण था कि टक्कर मारने के बाद भी युवती ने गाड़ी नहीं रोकी और दोनों युवकों को सड़क पर करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए मौके से फरार हो गई. इस दिल दहला देने वाली घटना में एक डिलीवरी ब्वॉय सचिन की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दूसरे साथी सुरेंद्र की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है.

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, स्कूटी छोड़ थामी थी स्कॉर्पियो की स्टीयरिंग
यह पूरी वारदात देर रात लगभग 1 बजे की है. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने परिजनों की मांग पर तुरंत तफ्तीश शुरू की. इलाके के करीब 15 सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को कामयाबी मिली और आरोपी कार चालक की पहचान पटेल नगर की मनोहर कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय पारुल के रूप में हुई.

जांच में सामने आया कि पारुल मूल रूप से गुरुग्राम में ब्यूटी पार्लर का कोर्स कर रही है. घटना वाली रात वह स्कूटी पर सवार होकर अर्बन एस्टेट के पास गई थी, लेकिन वहां उसने अपनी स्कूटी खड़ी कर दी और अपने एक परिचित से बरवाला के किसी व्यक्ति की स्कार्पियो गाड़ी मांगकर उसकी स्टीयरिंग संभाल ली. गाड़ी हाथ में आते ही उसने रफ्तार का कहर बरपाया और इस बड़े हादसे को अंजाम दे दिया.

बिना ड्राइविंग लाइसेंस के चला रही थी गाड़ी, कोर्ट ने भेजा जेल
पीएलए (PLA) चौकी इंचार्ज अनूप ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी युवती पारुल के पास कोई ड्राइविंग लाइसेंस (DL) नहीं था. बिना लाइसेंस के इतनी तेज रफ्तार में गाड़ी चलाकर किसी की जान लेना एक गंभीर अपराध है, जिसके चलते पुलिस ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी युवती के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की धारा जोड़ दी है. पुलिस ने दुर्घटना में इस्तेमाल की गई काली स्कार्पियो गाड़ी को बरामद कर लिया है और युवती को गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.

सिर्फ 6 महीने पहले शुरू किया था काम, पढ़ाई के साथ संभाल रहा था घर
इस दर्दनाक हादसे का शिकार हुआ मृतक सचिन पटेल नगर का रहने वाला था. उसने अपने परिवार को आर्थिक रूप से संभालने के लिए करीब छह महीने पहले ही फूड डिलीवरी का काम शुरू किया था. वह पढ़ाई में भी होनहार था, जिसने अपनी बीए (BA) की पढ़ाई पूरी करने के बाद बीएड (B.Ed) की तैयारी शुरू की थी. सचिन की मौत से उसके परिवार का चिराग बुझ गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं दूसरा घायल युवक आजाद नगर निवासी सुरेंद्र अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है.

सेक्टर-14 में अतिक्रमण हटाने पर भारी हंगामा; दुकानदार और शिक्षक ने मांगी माफी
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की टीम जब हाईकोर्ट के आदेश पर सेक्टर-14 की मार्केट में रोड क्लियर करवाने और अतिक्रमण हटाने पहुंची, तो उन्हें भारी विरोध का सामना करना पड़ा. जैसे ही बुलडोजर चलने लगा, एक दुकानदार आग बबूला हो गया और अधिकारियों को मारने के लिए झाड़ू लेकर दौड़ पड़ा. उसने काम रोकने की कोशिश की और अभद्रता की. इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट कम SDO रामप्रसाद के निर्देश पर पुलिस ने दुकानदार को काबू किया और थाने ले गई. थाने पहुंचते ही दुकानदार के तेवर ढीले पड़ गए और उसने SDO के पैर पकड़कर तथा लिखित में माफीनामा देकर अपनी जान छुड़ाई.

इसी कार्रवाई के दौरान मॉडल टाउन स्थित एक स्कूल के शिक्षक भी वहां पहुंच गए और टीम पर पक्षपात का आरोप लगाकर बहस करने लगे. जब SDO ने ड्यूटी में बाधा डालने के आरोप में DC और DEO से लिखित शिकायत करने की चेतावनी दी, तो नौकरी पर आंच आती देख शिक्षक वहां से खिसक गए. करीब 20 मिनट बाद वे वापस लौटे और SDO से माफी मांगते हुए अभियान को शहर के हित में सही बताया. प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में यह अभियान सेक्टर-14 पार्ट-2, सेक्टर-33 और सेक्टर-1-4 सहित अन्य प्रभावित इलाकों में भी जारी रहेगा.

ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में आज हिसार के 1500 मेडिकल स्टोर बंद
ऑनलाइन दवाइयों की बढ़ती बिक्री और ऐप के माध्यम से भारी छूट व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार अवैध प्रिस्क्रिप्शन पर दवा सप्लाई करने के विरोध में आज ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स और हरियाणा स्टेट केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर हिसार के करीब 1500 मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे. केमिस्ट एसोसिएशन के प्रधान सतीश और सचिव दीपक कालरा के नेतृत्व में केमिस्ट नागोरी गेट पर प्रदर्शन करेंगे. इस हड़ताल के कारण मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. वहीं, ड्रग कंट्रोल ऑफिसर अजय लूहान ने स्पष्ट किया है कि ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत लाइसेंस लेकर ऑनलाइन दवा सप्लाई की जा सकती है, लेकिन AI से तैयार अवैध पर्ची पर दवा देना उल्लंघन है, जिस पर सूचना मिलने पर कार्रवाई की जाएगी.

हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों का धरना तेज, 25 मई को मुख्य गेट बंद करने की चेतावनी
हिसार डिपो में हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों का धरना पांचवें दिन और तेज हो गया है. तालमेल संघर्ष समिति के इस प्रदर्शन की अध्यक्षता अजय दुहन ने की और मंच संचालन नरेंद्र ने संभाला. कर्मचारियों का आरोप है कि महाप्रबंधक की गलत नीतियों के खिलाफ शुरू हुआ यह आंदोलन अब उनके सम्मान और अधिकार की लड़ाई बन चुका है, जिसे दबाया नहीं जा सकता. समिति ने आपात बैठक में निर्णय लिया है कि यदि उनकी लंबित मांगें तुरंत नहीं मानी गईं, तो 25 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक डिपो का मुख्य गेट पूरी तरह से बंद कर विरोध जताया जाएगा. इस धरने में बजरंग लाखा, कर्मबीर मसूदपुर और अरुण शर्मा सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे.

रेलवे स्टेशन पर गंदगी देख भड़के ADRM; अधिकारियों को लगाई फटकार
बीकानेर मंडल के ADRM रूपेश कुमार ने सोमवार को हिसार रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म नंबर-1 और सामान्य वेटिंग हॉल में सफाई व्यवस्था बेहद खराब मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई. प्लेटफॉर्म पर पुड़ी-सब्जी बेचने वाले स्टॉल के पास गंदगी फैली थी और फर्श पर काले धब्बे थे. ADRM ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब निरीक्षण की सूचना होने पर सफाई का यह हाल है, तो बाद में क्या होता होगा. उन्होंने चार महीने पहले टॉयलेट्स में चिमनी लगाने के निर्देश दिए थे, जिसका काम पूरा न होने पर असंतोष जताया और यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए स्पष्ट दिशा-सूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए.

GJU के हरियाणा स्कूल ऑफ बिजनेस में NEP लागू; 31 मई तक आवेदन
गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) के हरियाणा स्कूल ऑफ बिजनेस (HSB) ने नए शैक्षणिक सत्र से एमबीए कोर्स में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) लागू करने की तैयारी पूरी कर ली है. इसके तहत अब मैनेजमेंट के छात्र इंजीनियरिंग, साइंस, आर्ट्स या कॉमर्स का भी कोई मनपसंद विषय पढ़ सकेंगे. यदि कैंपस में विषय उपलब्ध नहीं है, तो वे मूक (MOOC) ऑनलाइन कोर्स के जरिए भी पढ़ाई कर सकते हैं. एमबीए की 240 सीटों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई है. प्रवेश परीक्षा 2 जुलाई को होगी. जिन छात्रों का कैट (CAT) स्कोर 60% से अधिक है, उन्हें एंट्रेंस टेस्ट से छूट मिलेगी. इसके अलावा विश्वविद्यालय के AICTE संचालित बीटेक कोर्सेज में भी नए सत्र से NEP लागू की जा रही है.

प्रॉपर्टी टैक्स पर 100% ब्याज माफ, योजना का लाभ 30 जून 2026 तक
हिसार नगर निगम के मुख्य सभागार में मेयर प्रवीण पोपली की अध्यक्षता में प्रॉपर्टी टैक्स भुगतान को लेकर एक अहम बैठक हुई. मेयर ने बताया कि सरकार ने प्रॉपर्टी टैक्स पर 100 प्रतिशत ब्याज माफी की सुविधा प्रदान की है. यह छूट वर्ष 2010-11 से 2024-25 की अवधि के बकाया टैक्स का एकमुश्त भुगतान करने पर लागू होगी. जनता इस ब्याज माफी योजना का लाभ 30 जून 2026 तक उठा सकती है. बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त वीरेंद्र सहरावण और सचिव संजय शर्मा भी मौजूद रहे.

दो एमटीपी सेंटरों के लाइसेंस 14 दिन के लिए निलंबित
हिसार में पीएनडीटी (PNDT) विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के दो एमटीपी (MTP) सेंटरों के लाइसेंस 14 दिन के लिए निलंबित कर दिए हैं. नोडल अधिकारी डॉ. अनामिका बिश्नोई ने बताया कि दोनों केंद्रों के रिकॉर्ड की जांच में कई गंभीर अनियमितताएं और खामियां सामने आई थीं, जिसके बाद यह सख्त कदम उठाया गया है. इससे पहले भी विभाग द्वारा एक अल्ट्रासाउंड मशीन को सील किया जा चुका है.

महंगाई के विरोध में किसान सभा का प्रदर्शन:
अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले मंगलवार को रिसलानी में किसानों और मजदूरों ने बढ़ती महंगाई और तेल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ पैदल मार्च निकालकर रोष जताया और सरकार का पुतला फूंका. किसान नेताओं ने कहा कि भारतीय रुपया इतिहास के सबसे निचले स्तर पर पहुंच चुका है और केंद्र सरकार इसे संभालने में पूरी तरह विफल रही है.

दुष्यंत चौटाला का सरकार पर निशाना:
पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने उकलाना में जेजेपी नेता राजेंद्र महिपाल के निधन पर शोक व्यक्त करने के दौरान भाजपा सरकार को जमकर घेरा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटका रही है और प्रदेश की कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है. मंडियां फसलों से भरी पड़ी हैं और किसानों व व्यापारियों की समस्याओं को लेकर सरकार गंभीर नहीं है.


हरियाणा की बड़ी खबरें..
◾स्कूलों में छुट्टियों पर फैसला: भीषण गर्मी को देखते हुए शिक्षा मंत्री की आज अहम बैठक होगी। गर्मियों की छुट्टियों का ऐलान जल्द संभव माना जा रहा है।
◾वीटा दूध महंगा: हरियाणा में वीटा फुल क्रीम दूध के दाम बढ़ गए हैं। अब आधा किलो पैक ₹36 में मिलेगा।
◾रेवाड़ी में भीषण आग: बावल इंडस्ट्रियल एरिया की केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से कई कर्मचारी झुलस गए। दमकल विभाग ने घंटों बाद आग पर काबू पाया।

◾करनाल में दवा विक्रेताओं की हड़ताल: मेडिकल स्टोर बंद रहने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई अस्पतालों के बाहर लंबी लाइनें दिखीं।
◾बिजली संकट पर प्रदर्शन: चरखी दादरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली कटौती के खिलाफ ऊंट गाड़ी पर प्रदर्शन किया। लोगों ने लगातार कटौती पर नाराजगी जताई।
◾गर्मी और लू का कहर: प्रदेश के कई जिलों में तापमान 46°C तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने हीटवेव अलर्ट जारी किया है।

◾हिसार में झड़प: भगत सिंह नगर इलाके में दो गुटों के बीच विवाद के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।
◾अवैध खनन पर कार्रवाई: यमुनानगर और नूंह में प्रशासन ने खनन माफियाओं के खिलाफ छापेमारी तेज कर दी है। कई वाहन और मशीनें जब्त की गईं।
◾गुरुग्राम में पानी संकट: कई सेक्टरों में पेयजल की कमी को लेकर रेजिडेंट्स ने प्रदर्शन किया। टैंकर सप्लाई बढ़ाने की मांग उठी।
◾नशा तस्करों पर कार्रवाई: फरीदाबाद और पलवल पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर कई ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया। भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ।

◾किसानों को राहत: राज्य सरकार ने खराब फसलों के मुआवजे के वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को जल्द भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया।
◾सड़क हादसों में मौत: कुरुक्षेत्र और पानीपत में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 3 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
◾मोर्नी हिल्स को बढ़ावा: पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए ₹50 करोड़ का बजट मंजूर किया गया। नए प्रोजेक्ट से पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
◾सफाई कर्मचारियों का धरना: पंचकूला में कर्मचारियों ने मांगों को लेकर निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रशासन से वार्ता की मांग की गई।

◾आयुष विभाग की एडवाइजरी: भीषण गर्मी को देखते हुए नागरिकों को पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दी गई है।
◾रोहतक में रोजगार मेला: युवाओं को नौकरी के अवसर देने के लिए मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया गया। कई निजी कंपनियों ने भाग लिया।
◾निर्माण कार्यों का निरीक्षण: पीडब्ल्यूडी मंत्री ने सड़क और पुल निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
◾रोडवेज में नई इलेक्ट्रिक बसें: हरियाणा रोडवेज के बेड़े में जल्द 500 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल होंगी। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

◾महिला सुरक्षा पर फोकस: सोनीपत और अंबाला में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस गश्त बढ़ाई गई है। संवेदनशील इलाकों में निगरानी तेज हुई।
◾अस्पतालों में बदला समय: गर्मी को देखते हुए सरकारी अस्पतालों की ओपीडी टाइमिंग में बदलाव किया गया है। मरीजों को सुबह जल्दी आने की सलाह दी गई।

देश विदेश की बड़ी खबरें
◾पीएम मोदी इटली पहुंचे: यूरोप दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली पहुंचे। रक्षा और व्यापार सहयोग पर चर्चा होगी।
◾भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन: पीएम मोदी आज पांच नॉर्डिक देशों के नेताओं के साथ अहम बैठक करेंगे। निवेश और ग्रीन टेक्नोलॉजी मुख्य मुद्दे रहेंगे।

◾राजनाथ सिंह का बयान: रक्षा मंत्री ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत की मजबूत सैन्य क्षमता और आत्मविश्वास का प्रतीक है।
◾सोने पर आयात शुल्क बढ़ा: केंद्र सरकार ने गोल्ड इंपोर्ट ड्यूटी 6% से बढ़ाकर 15% कर दी है। इसका असर सोने की कीमतों पर दिख सकता है।
◾तमिलनाडु हादसा: कृष्णागिरी की पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से 8 लोगों की मौत हो गई। कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

◾गगनयान मिशन ट्रायल: भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को कच्छ के रण में कठिन गर्मी वाले ट्रायल से गुजरना होगा। ISRO मिशन की तैयारियां तेज कर रहा है।
◾शेख हसीना प्रत्यर्पण मामला: भारत सरकार बांग्लादेश की पूर्व पीएम के प्रत्यर्पण अनुरोध की कानूनी समीक्षा कर रही है।
◾भारी बारिश का असर: अरुणाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन के कारण कई हाईवे बंद हो गए हैं। राहत कार्य जारी हैं।

IPL की खबरें
◾आज का बड़ा मुकाबला: Kolkata Knight Riders और Mumbai Indians के बीच आज अहम मुकाबला खेला जाएगा, जो पॉइंट्स टेबल के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।
◾प्लेऑफ टिकट बिक्री शुरू: BCCI ने IPL प्लेऑफ टिकटों की बिक्री शुरू कर दी है। टिकट ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं।

◾RuPay कार्डधारकों को प्राथमिकता: RuPay क्रेडिट कार्ड यूज़र्स के लिए टिकट बुकिंग विंडो पहले खोली गई है।
◾फाइनल अहमदाबाद में: क्वालीफायर-2 और फाइनल मुकाबले नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेले जाएंगे।
◾SRH प्लेऑफ में पहुंची: सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई को हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है।
===================================

====================================






















