नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट

For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group

👇

https://chat.whatsapp.com/

EHzVoGH50MdINoYniG4crH

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖

44.3 डिग्री तापमान में पिघलीं लाइनें, इंडस्ट्रियल एरिया पावर हाउस में आग से शहर में छाया अंधेरा

हिसार टाइम्स – हिसार में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक यानी 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा (31.2 डिग्री) रहा. इस भीषण तपिश के कारण जिले में बिजली की किल्लत और मांग दोनों चरम पर पहुंच गईं. गुरुवार को इस सीजन की रिकॉर्ड 121.66 लाख यूनिट बिजली की खपत दर्ज की गई. दोपहर की तेज धूप में बिजली की लाइनें गर्म होकर टूटने लगीं और जंपर-कंडक्टर ब्रेक होने के कारण बिजली निगम को बार-बार कट लगाने पड़े.

वहीं रात के समय इंडस्ट्रियल एरिया स्थित 220 केवीए के सबसे बड़े बिजलीघर के सप्लाई ट्रांसफार्मर में जोरदार ब्लास्ट के साथ आग लग गई. इस ब्लास्ट के कारण सुरक्षा के लिहाज से 132 केवीए आर्य नगर और बीड बिजलीघर की सप्लाई भी रोकनी पड़ी, जिससे हिसार शहर और मिर्जापुर, भान्यू सुलतानी व खरड़ जैसे ग्रामीण इलाकों में करीब 40 मिनट तक पूरी तरह से ब्लैकआउट रहा. एक्सईएन सत्य प्रकाश ने बताया कि दमकल द्वारा आग पर काबू पाने के बाद रात करीब 9:40 बजे सप्लाई बहाल की जा सकी. मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, आने वाले दिनों में हीट वेव का यह दौर लगातार जारी रहेगा और फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं.

भीषण गर्मी में 12 दिन में तीसरी वारदात: हिसार में चलती कार के इंजन में लगी आग

हिसार में तपिश के बीच सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल; बाल-बाल बचे कराटे एकेडमी संचालक

हिसार टाइम्स – सेक्टर-33 के नजदीक घोड़ा फार्म फाटक के पास गुरुवार की दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया. दरअसल, जून 2023 मॉडल की एक अल्ट्रोन कार (जो रमन कौशिक के नाम पर पंजीकृत है) को उनके जानकार और कराटे एकेडमी संचालक अजय सैनी मांगकर ले गए थे. कार अभी महज 3 किलोमीटर ही चली थी कि अचानक उसका स्टेयरिंग बेहद टाइट हो गया. चालक अजय सैनी ने जब गाड़ी रोककर और नीचे उतरकर बोनट खोला, तो इंजन से तेज धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं. उन्होंने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए कार से दूरी बनाई और अपनी जान बचाई.

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया. पिछले 12 दिनों के भीतर गर्मी के इस मौसम में कार में आग लगने की यह तीसरी घटना है; इससे पहले 9 मई को सेक्टर 16-17 साउथ बाईपास पुल पर एक सिटी कार और 19 मई को सावन बाईपास के पास एक स्विफ्ट कार जलकर खाक हो चुकी है. जानकारों के अनुसार बाहरी मॉडिफिकेशन और एसी गैस के रिसाव से बढ़ता है आग का खतरा ऑटो मार्केट हिसार के मैकेनिक जगजीत और विभिन्न ऑटोमोबाइल एक्सपर्ट्स व फॉरेंसिक रिपोर्टों के आंकड़ों के अनुसार, चलती गाड़ियों में आग लगने के कुल मामलों में से करीब 70% से 80% मामले सीधे तौर पर इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट (वायरिंग की खराबी) के कारण होते हैं. इसके अलावा 15% से 20% मामलों में फ्यूल लीक और 5% से 10% मामलों में इंजन ओवरहीटिंग जिम्मेदार होती है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, लोग अक्सर बेस मॉडल गाड़ियां खरीदकर बाहर से मॉडिफाई करवाते हैं,

जिससे ओरिजिनल वायरिंग में कट लगते हैं और लैंप जैसी एक्स्ट्रा एक्सेसरीज के कारण शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है. गर्मियों में इंजन का तापमान पहले ही अधिक होता है; ऐसे में यदि स्पार्किंग के बाद प्रेशर के साथ ज्वलनशील ईंधन या एसी की गैस (जो कि अत्यधिक ज्वलनशील होती है) लीक हो जाए, तो आग तेजी से फैल जाती है. इससे बचने के लिए नियमित रूप से कूलेंट और इंजन ऑयल चेक करना चाहिए, अनसर्टिफाइड मैकेनिक से वायरिंग नहीं करानी चाहिए और कार के अंदर कभी भी लाइटर, सैनिटाइजर, परफ्यूम या पावर बैंक जैसी चीजें धूप में नहीं छोड़नी चाहिए, क्योंकि ये बम की तरह फट सकते हैं.

मानसून से पहले जलभराव से मुक्ति का मेगा प्लान: अर्बन एस्टेट में 13 किमी लंबी ड्रेनेज लाइन तैयार

तीन विभागों ने मिलकर बनाया एक्शन प्लान, सड़कों को तालाब बनने से रोकने की कवायद हर साल बारिश के मौसम में जलभराव के दंश से जूझने वाले हिसार शहर को इस बार बड़ी राहत मिलने जा रही है. नगर निगम, जनस्वास्थ्य विभाग (पब्लिक हेल्थ) और एचएसवीपी ने मिलकर एक सुपर एक्शन प्लान तैयार किया है, जिसके तहत पूरे शहर को अलग-अलग जोन में बांटकर धरातल पर काम शुरू कर दिया गया है. इस मेगा प्रोजेक्ट के तहत वीआईपी और व्यस्त इलाके अर्बन एस्टेट-2 को सुरक्षित करने के लिए करीब 13 किलोमीटर लंबी स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज लाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया गया है,

जिसका शिलान्यास विधायक सावित्री जिंदल द्वारा किया गया था. इसके अलावा, शहर के बीचों-बीच पानी जमा होने की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए लाटोरिया चौक से लेकर ऑटो मार्केट होते हुए जीजेयू ड्रेन तक 1400 एमएम की विशाल आरसीसी पाइपलाइन डाली जा रही है. पानी के बैकफ्लो (उलटे बहाव) को रोकने के लिए विशेष स्लुइस गेट बनाए जा रहे हैं और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि 30 मई तक सभी छोटे-बड़े बरसाती नालों की 100% सफाई और 30 जून तक सभी मुख्य पॉइंट साफ कर लिए जाएं.

छुट्टियों से ठीक पहले स्कूलों में पहुंचा दो महीने का राशन

प्रोटीन पिन्नी और इंस्टेंट खीर के पैकेटों पर मंडराया खराब होने का खतरा, कोल्ड स्टोरेज की सुविधा नदारद भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों को देखते हुए हरियाणा के सभी सरकारी स्कूलों में 25 मई से गर्मियों की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं. लेकिन इस बीच शिक्षा विभाग और हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के एक अदूरदर्शी फैसले ने सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर दी है. स्कूलों ने जिस मिड-डे मील के राशन और विशेष प्रोटीन डाइट (जिसमें प्रोटीन पिन्नी, इंस्टेंट खीर, प्रोटीन

मिल्क बार और गुड़ शामिल हैं) की डिमांड अप्रैल की शुरुआत में की थी, उसकी सप्लाई छुट्टियों से ठीक 5 दिन पहले यानी 20 मई को भेजी गई है. चूंकि अगले 39 दिनों तक स्कूल पूरी तरह बंद रहेंगे और सरकारी स्कूलों में इन संवेदनशील खाद्य सामग्रियों को सुरक्षित रखने के लिए डीप-फ्रीजर या रेफ्रिजरेटर जैसी कोई कोल्ड स्टोरेज सुविधा नहीं है, इसलिए जून की भीषण गर्मी और बंद अलमारियों में इस पूरे स्टॉक के पिघलने और खराब होने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है. कई स्कूलों ने तो स्टोरेज की व्यवस्था न होने के कारण राशन लेने से ही साफ मना कर दिया है.

जिला सैनिक कल्याण बोर्ड में फौजी परिवारों को मिलेगी मुफ्त कानूनी सहायता

देश की सेवा में तैनात जवानों को मिलेगी मानसिक राहत, अनुभवी सैन्य पृष्ठभूमि वाले वकील करेंगे पैरवी देश की सीमाओं और दुर्गम व संवेदनशील बॉर्डर एरिया (हाई-रिस्क जोन) में तैनात हिसार के हजारों सैनिकों के परिवारों के लिए एक बेहतरीन राहत भरी खबर है. राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की ‘वीर परिवार सहायता योजना’ के तहत अब सैनिकों, पूर्व सैनिकों, पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों और वीर नारियों को उनके पारिवारिक, जमीन-जायदाद या अदालती मुकदमों के लिए मुफ्त कानूनी सहायता मुहैया कराई जाएगी.

इस योजना के तहत जिला सैनिक बोर्ड हिसार के कार्यालय में हर मंगलवार और गुरुवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक सेना की पृष्ठभूमि से जुड़े अनुभवी और पूर्व सैन्य विधि अधिकारी (जैसे एडवोकेट संदीप चोपड़ा और एडवोकेट राजेंद्र गोदारा) मुफ्त सलाह और पैरवी के लिए बैठेंगे. जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) अशोक कुमार के मार्गदर्शन में चलने वाली इस सेवा से जिले के 25 हजार से अधिक फौजी परिवारों को सीधा फायदा पहुंचेगा और उन्हें कोर्ट-कचहरी के चक्कर काटने व महंगी फीस देने से मुक्ति मिलेगी.

अपग्रेडेशन की कसौटी पर फेल हुए हिसार के 80 मिडिल स्कूल

कागजों पर स्मार्ट एजुकेशन का दावा, लेकिन जमीन पर कमरों और जमीन का भारी टोटा हरियाणा सरकार द्वारा राजकीय मिडिल स्कूलों को सीनियर सेकेंडरी (वरिष्ठ माध्यमिक) स्तर पर अपग्रेड करने की महत्वाकांक्षी योजना को हिसार जिले में बड़ा झटका लगा है. जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा शिक्षा निदेशक पंचकूला को भेजी गई फिजिबिलिटी रिपोर्ट के अनुसार, जिले का एक भी मिडिल स्कूल अपग्रेडेशन के कड़े मानकों और नियमों को पूरा नहीं कर पाया है. कुल 80 मिडिल स्कूलों की जांच में बुनियादी ढांचे की भारी कमियां पाई गईं. नियमों के मुताबिक स्कूल के पास कम से कम 2 एकड़ जमीन होनी अनिवार्य है,

जबकि हिसार ब्लॉक के ‘राजकीय मिडिल स्कूल नंबर 4’ के पास महज 0.0723 एकड़ जमीन है और निर्धारित 14 कमरों के मुकाबले सिर्फ 2-3 कमरे ही उपलब्ध हैं. इसी तरह ‘मिडिल स्कूल नंबर 3’ में 2 एकड़ की जगह सिर्फ 1 एकड़ जमीन और 4 कमरे हैं. कमोबेश यही हाल मिडिल स्कूल नंबर 2, गांधी नगर और महावीर कॉलोनी के स्कूलों का भी है, जहां बच्चों की संख्या और कमरों की उपलब्धता मानकों से बेहद कम पाई गई है.

ट्रांसपोर्टर्स की हड़ताल:

ट्रांसपोर्ट यूनियन की ओर से की जा रही देशव्यापी हड़ताल के चलते हिसार जिले में कमर्शियल ट्रकों और मालवाहक वाहनों की बुकिंग पूरी तरह से ठप रही. यूनियन के पदाधिकारियों की दिल्ली में परिवहन मंत्री के साथ हुई बैठक बेनतीजा रहने के कारण आने वाले दिनों में अनाज मंडियों और बाजारों में आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है.

हरियाणा की बड़ी खबरें.

◾संपत्ति विवरण पर सख्ती:
हरियाणा सरकार ने सरकारी शिक्षकों को 22 मई तक APR पोर्टल पर संपत्ति विवरण अपलोड करने के निर्देश दिए, देरी पर वेतन कटेगा।

◾कैबिनेट के बड़े फैसले:
मंत्रिमंडल ने ‘मेक इन हरियाणा इंडस्ट्रियल पॉलिसी 2026’ को मंजूरी दी, 5 लाख करोड़ निवेश का लक्ष्य तय।

◾गर्मियों का अलर्ट:
भीषण लू को देखते हुए सरकारी अस्पतालों की OPD टाइमिंग बदली गई, सुबह जल्दी आने की सलाह।

◾सड़क हादसे में मौतें:
कुरुक्षेत्र और पानीपत में अलग-अलग हादसों में 3 लोगों की मौत, पुलिस जांच में जुटी।

◾रोडवेज में इलेक्ट्रिक बसें:
हरियाणा रोडवेज के बेड़े में जल्द 500 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल होंगी।

◾सोनीपत में सनसनी:
कॉलेज छात्रा और युवक को कुचलने का वीडियो वायरल, आरोपी ड्राइवर की लोगों ने पिटाई की।

◾टोहाना में प्रदर्शन:
पेयजल संकट को लेकर लोगों ने प्रशासन के खिलाफ सड़क जाम कर नारेबाजी की।

◾सिरसा अदालत का फैसला:
दोस्त की कुल्हाड़ी से हत्या के दोषी को उम्रकैद और जुर्माने की सजा सुनाई गई।

◾टूरिज्म को बढ़ावा:
30 मई को 6 ऐतिहासिक स्थलों पर ‘हेरिटेज एंड सिटी वॉक’ कार्यक्रम आयोजित होगा।

◾रणदीप हुड्डा की मुलाकात:
अभिनेता रणदीप हुड्डा ने CM नायब सैनी से हरियाणवी संस्कृति और फिल्मों पर चर्चा की।

◾सिरसा में दूषित पानी:
गंदा पानी पीने से एक बच्चे की मौत, कई लोग पीलिया की चपेट में आए।

◾पेंशन और योजनाएं:
बुजुर्ग पेंशन बढ़ोतरी और नई योजनाओं के लिए जिला स्तर पर शिविर लगाए जा रहे हैं।

◾नारनौल सरपंच विवाद:
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने कुलताजपुर सरपंच के निलंबन आदेश पर रोक लगाई।

◾हनीट्रैप गैंग गिरफ्तार:
भिवानी में 20 लाख की रंगदारी मांगने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार।

◾सफाई कर्मचारियों का धरना:
पंचकूला में कर्मचारियों ने मांगों को लेकर निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

◾मोरनी हिल्स विकास:
पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए 50 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को मंजूरी।

◾विजिलेंस एक्शन:
होमगार्ड फंड गबन मामले में भ्रष्टाचार का नया केस दर्ज।

◾विशाक्त भोजन का असर:
रोहतक और जींद में उल्टी-दस्त और बुखार के मामलों में बढ़ोतरी, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर।

◾रोजगार मेला:
रोहतक में मेगा जॉब फेयर आयोजित, कई बड़ी निजी कंपनियां शामिल हुईं।

◾अवैध कॉलोनियों पर सर्वे:
गुड़गांव में कॉलोनियों को नियमित करने के लिए विशेष सर्वे शुरू।


देश की बड़ी खबरें

◾हीटवेव का कहर:
उत्तर और मध्य भारत के 10+ राज्यों में लू का रेड अलर्ट, तापमान 45°C पार।

◾दिल्ली-NCR में हड़ताल:
ऑटो-टैक्सी यूनियनों की 3 दिन की हड़ताल शुरू, यात्रियों की परेशानी बढ़ी।

◾ईबोला अलर्ट:
भारत सरकार ने अफ्रीकी देशों से आने वाले यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की।

◾PM मोदी का दौरा खत्म:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश दौरे के बाद भारत लौटे।

◾UNSC में भारत का बयान:
भारत ने पाकिस्तान को आतंकवाद और मानवाधिकार मुद्दों पर घेरा।

◾कोलकाता मेट्रो प्रोजेक्ट तेज:
सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद चिंगरीघाटा मेट्रो प्रोजेक्ट में तेजी आई।

◾SpaceX IPO चर्चा में:
एलन मस्क की कंपनी SpaceX ने IPO आवेदन किया, बाजार में हलचल।

◾असम-मेघालय में बारिश:
भारी बारिश के बाद कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ा।

◾शेयर बाजार स्थिर:
वैश्विक तनाव के बीच सेंसेक्स 75 हजार के आसपास बना हुआ है।

◾JEE Advanced अपडेट:
IIT रुड़की ने JEE Advanced 2026 की response sheet जारी की।


🏏 IPL 2026 की टॉप 5 खबरें

◾GT की बड़ी जीत:
गुजरात टाइटंस ने CSK को 89 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

◾CSK प्लेऑफ से बाहर:
करारी हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स आधिकारिक तौर पर प्लेऑफ रेस से बाहर।

◾रुतुराज पर जुर्माना:
स्लो ओवर-रेट के कारण कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर 24 लाख का जुर्माना लगा।

◾आज का महामुकाबला:
SRH और RCB के बीच आज करो या मरो का मुकाबला खेला जाएगा।

◾RCB को राहत:
स्टार बल्लेबाज रजत पाटीदार फिट घोषित, आज मैच खेलने को तैयार।

===================================

====================================